सावन का महीना भगवान शिव की भक्ति के साथ घर में सकारात्मक माहौल बनाने के लिए भी खास माना जाता है. ऐसी मान्यता है कि इस महीने कुछ खास पौधे लगाने से घर की नकारात्मकता दूर होती है और सुख-समृद्धि का माहौल बनता है. वास्तु के अनुसार बेलपत्र और शमी का पौधा इस दौरान लगाना शुभ माना जाता है. वहीं तुलसी के पौधे की दिशा का भी विशेष महत्व बताया गया है. आइए आचार्य मदन मोहन से जानते हैं सावन में कौन से पौधे लगाना शुभ माना जाता है.
सावन में लगाएं बेलपत्र का पौधा
आचार्य मदन मोहन के अनुसार, बेलपत्र भगवान शिव को बेहद प्रिय है. सावन में घर या मंदिर के आसपास बेलपत्र का पौधा लगाना शुभ माना जाता है. ऐसी मान्यता है कि इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है और नकारात्मकता कम होती है. हालांकि, पौधा लगाने के साथ उसकी नियमित देखभाल करना भी जरूरी है. इसलिए आप अपनी दादी या मम्मी की अनुमति लेकर ही यह पौधा लगाए. ताकि आपकी गैर मौजूदगी में वो इन पौधों की देखभाल कर सकें.
शमी का पौधा दूर करेगा आर्थिक परेशानी
उन्होंने आगे बताया कि सावन में शमी का पौधा लगाना भी शुभ माना जाता है. अगर घर में लगातार खर्च बढ़ रहा है या आर्थिक परेशानी बनी हुई है तो शमी का पौधा लगाने की मान्यता है. वास्तु में इसे समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा से जोड़कर देखा जाता है.
तुलसी लगाते समय दिशा का रखें ध्यान
आचार्य मदन मोहन के अनुसार, सावन में तुलसी का पौधा लगाना भी शुभ माना जाता है. इसे उत्तर या उत्तर-पूर्व दिशा में रखना बेहतर मानाा जाता है. ऐसी मान्यता है कि इससे घर में सकारात्मकता, मानसिक शांति और आर्थिक स्थिति में सुधाार का माहौल बनता है. तुलसी को माता लक्ष्मी का स्वरूप भी माना जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं