लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को विशेषाधिकार समिति की ओर से नोटिस जारी किया गया है. उन्हें 28 अगस्त तक अपना जवाब दाखिल करने को कहा गया है. यह मामला लोकसभा में पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ लगाए गए आरोपों से जुड़ा है. भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने 30 जुलाई को राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया था और इस संबंध में लोकसभा अध्यक्ष से शिकायत की थी.
बाद में लोकसभा अध्यक्ष ने इस शिकायत को जांच के लिए विशेषाधिकार समिति के पास भेज दिया था.
नोटिस में क्या आरोप हैं?
नोटिस में आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी ने पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान असंसदीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया था. साथ ही कहा गया है कि उन्होंने नियम 353 के तहत आवश्यक अग्रिम सूचना दिए बिना गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ गंभीर और निराधार आरोप लगाए.

संजय जायसवाल की शिकायत भी शामिल
इस मामले में भाजपा सांसद डॉ. संजय जायसवाल का 29 जुलाई 2026 का पत्र भी शामिल किया गया है. उन्होंने लोकसभा में बहस के दौरान राहुल गांधी द्वारा गृह मंत्री के खिलाफ इस्तेमाल किए गए कथित असंसदीय शब्दों का संज्ञान लेने और नियमों के तहत उचित कार्रवाई शुरू करने की मांग की थी.
भाषण के दौरान हटाए गए थे कुछ शब्द
राहुल गांधी ने अपने भाषण के दौरान एक असंसदीय शब्द का इस्तेमाल किया था, जिसे बाद में कार्यवाही से हटा दिया गया था. हालांकि, सदन में हुए हंगामे के कारण राहुल गांधी अपना भाषण पूरा नहीं कर पाए थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं