बदलते दौर के साथ घूमने का अंदाज भी बदल चुका है. कभी वीकेंड पर जल्दी-जल्दी कई सारी जगहों को घूमने का ट्रेंड था, तो कभी नाइट लाइफ लोगों की पसंद बनी. लेकिन अब ट्रैवलर्स के बीच 'डस्किंग' नाम के ट्रैवल ट्रेंड खूब वायरल हो रहा है. ये एक सादगी भरा ट्रेंड है जिसमें लोग मोबाइल और दूसरे गैजेट्स से दूरी बनाकर सनसेट के बाद प्रकृति के शांतिपूर्ण नजारों का आनंद लेते हैं. आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं...
क्या है डस्किंग?
डस्किंग का मतलब है दिन से रात होने के समय कुछ देर शांत बैठकर प्रकृति के खूबसूरत नजारे को महसूस करना. इसमें लोग किसी नई जगह को देखने की जल्दबाजी करने के बजाय एक अच्छी लोकेशन चुनते हैं, फोन को अलग रख देते हैं और धीरे-धीरे ढलते सूरज, ठंडी होती हवा और जगमगाती रोशनी का आनंद लेते हैं. इससे लोग जगह को बिल्कुल अलग और सुकून भरे तरीके से महसूस करते हैं. आजकल के भागदौड़ वाले दौर में लोग ऐसी छुट्टियां चाहते हैं जो थकाने के बजाय आराम और शांति दें. इसी कारण से डस्किंग आजकल खूब फेमस हो रहा है.
नहीं है किसी खर्चे की जरूरत
डस्किंग ट्रेंड नॉक्टूरिज्म (Noctourism) का भी हिस्सा है, जिसमें लोग दिन के बजाय शाम और रात के समय नई जगहों को एक्सप्लोर करना पसंद कर रहे हैं. इसमें खास बात ये है कि कोई खर्चा नहीं होता है. इसके लिए बस खूबसूरत नजारा और टाइम की जरूरत होती है. आप इसके लिए समुद्र किनारे, पहाड़ों, झील के पास भी जा सकते हैं. हर बार, हर जगह आपको खास अनुभव ही महसूस होगा.
भारत में कहां-कहां कर सकते हैं डस्किंग?
- वाराणसी के घाट
शाम की गंगा आरती के बाद यहां घाटों पर शांति का माहौल हो जाता है. इस समय यहां बैठकर बनारस की स्पिरिचुअल और शांत वातावरण को महसूस किया जा सकता है. - मरीन ड्राइव, मुंबई
सूर्यास्त के बाद यहां रुककर शहर की चमचमाती रोशनी का नजारा देखा जा सकता है. रात होते ही मरीन ड्राइव पर बेहद खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है. - रण ऑफ कच्छ, गुजरात
सफेद नमक से ढका यह रेगिस्तान शाम के समय और भी खूबसूरत दिखता है. सूरज ढलते ही आसमान गुलाबी और बैंगनी रंगों में रंग जाता है, जिससे नजारा बेहद मनमोहक लगता है.
यह भी पढ़ें: मानसून में माउंट आबू जा रहे हैं? इन 5 सीक्रेट व्यू पॉइंट्स पर जरूर जाएं, आपकी ट्रिप बन जाएगी यादगार
यह भी पढ़ें: Spain में भी UPI पेमेंट सिस्टम शुरू करने की तैयारी, भारतीय यात्रियों का ट्रैवल एक्सपीरियंस होगा और आसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं