क्या आप भी इस उमस वाली गर्मी और रोज-रोज के ऑफिस के काम से पक चुके हैं? तो क्यों न कहीं घूमने का प्लान बनाएं. क्योंकि जुलाई का महीना आते ही भारत की कुछ जगह इतनी खूबसूरत हो जाती हैं कि उन्हें देखकर लगता है मानो हम सचमुच जन्नत में आ गए हों. चारों तरफ फैली हरी-भरी घास, पहाड़ों से गिरते झरने और बादलों से घिरे रास्ते मजा ही आ जाता है!
अगर आप भी इस जुलाई कहीं बाहर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो हम आपको भारत की 5 ऐसी कमाल की जगह बता रहे हैं, जहां आपको लाइफ का सबसे बेस्ट एक्सपीरियंस मिलेगा. तो चलिए, बैग पैक कीजिए और हमारे साथ इस सफर पर निकलिए.
जुलाई में घूमने के लिए भारत की 5 कमाल की जगहें-
1. वैली ऑफ फ्लावर्स, उत्तराखंड- (Valley of Flowers, Uttarakhand)
अगर आपको लगता है कि फूल सिर्फ बगीचों में अच्छे लगते हैं, तो एक बार उत्तराखंड की वैली ऑफ फ्लावर्स घूम आइए. जुलाई के महीने में यहां लाखों तरह के रंग-बिरंगे जंगली फूल खिलते हैं.
क्यों जाएं- बारिश की बूंदें जब इन फूलों पर पड़ती हैं, तो पूरी घाटी की खुशबू और नजारा देखने लायक होता है. ऐसा लगता है जैसे किसी पेंटर ने जमीन पर सुंदर रंग बिखेर दिए हों. ट्रेकिंग के शौकीनों के लिए यह जगह बेस्ट है.
2. मुन्नार, केरल- (Munar, Kerala)
केरल को वैसे ही गॉड्स ओन कंट्री कहा जाता है, और जुलाई में मुन्नार की खूबसूरती दोगुनी हो जाती है. चाय के बड़े-बड़े बागानों पर जब बारिश की फुहारें गिरती हैं और धुंध छा जाती है, तो वहां से हटने का मन ही नहीं करता.
क्यों जाएं- यहां के झरने जैसे अट्टुकल और लक्कम वॉटरफॉल्स इस मौसम में पूरी रफ्तार से बहते हैं. आप यहां एक हाथ में गरम-गरम चाय का कुल्हड़ लेकर पहाड़ों को बादलों से छुपते-छुपाते देख सकते हैं. यह बेहद सुकून देने वाला एहसास है.
3. चेरापूंजी, मेघालय- (Cherrapunji, Meghalaya)
बादलों का घर यानी मेघालय, अगर आपको असली बारिश का मजा लेना है, तो चेरापूंजी से बेहतर कोई जगह नहीं हो सकती. जुलाई में यहां की नदियां और झरने अपने पूरे उफान पर होते हैं.
क्यों जाएं- यहां का लिविंग रूट ब्रिज बारिश में और भी जादुई दिखने लगता है. इसके अलावा, नोहकालिकाई वॉटरफॉल को देखना अपने आप में एक अलग ही थ्रिल देता है.
4. लोनावला, महाराष्ट्र- (Lonavala, Maharashtra)
मुंबई और पुणे के लोगों के लिए लोनावला मानसून का पहला प्यार है. जुलाई के महीने में यहां वीकेंड पर इतनी रौनक होती है कि पैर रखने की जगह नहीं मिलती, फिर भी इसकी खूबसूरती सबको खींच लाती है.
क्यों जाएं- भुशी डैम का ओवरफ्लो होता पानी, राजमाची प्वाइंट की हरियाली और टाइगर प्वाइंट पर मिलने वाले गरमा-गरम कंदा भजिया और भुट्टा! मानसून में लोनावला जाने का मजा ही कुछ और है.
5. कूर्ग, कर्नाटक- (Coorg, Karnataka)
कूर्ग को भारत का स्कॉटलैंड कहा जाता है. जुलाई की बारिश में यहां के कॉफी के बागान और घने जंगल एकदम ताजे और गहरे हरे रंग के हो जाते हैं.
क्यों जाएं- अगर आपको शांति और प्रकृति से प्यार है, तो कूर्ग आपके लिए परफेक्ट है. एब्बी फॉल्स और इरुप्पु फॉल्स इस मौसम में देखने लायक होते हैं. चारों तरफ फैली कॉफी की भीनी-भीनी खुशबू और बारिश का कॉम्बिनेशन आपकी सारी थकान मिटा देगा.
नोटः मानसून में पहाड़ों पर सफर करते समय थोड़ी सावधानी जरूर बरतें. निकलने से पहले मौसम का हाल और रास्तों की जानकारी जरूर चेक कर लें, ताकि आपका ट्रिप सेफ और मजेदार रहे.
ये भी पढ़ें- भारत के इस गांव को क्यों कहा जाता है "Silent Village"? सच्चाई जानकर आप भी हो जाएंगे इमोशनल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं