तमिलनाडु की राजनीति में विवादित बयानों का सिलसिला जारी है. उदयनिधि स्टालिन के बाद अब बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन अपनी एक विवादित टिप्पणी की वजह से मुश्किलों में फंस गए हैं.
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री विजय अपने विरोधियों से पूछ रहे हैं कि आपके पिता कहां हैं. लेकिन अगर वह विधानसभा में पूछेंगे कि आपके पिता कहां हैं, तो आपको कैसे पता चलेगा? आप घर जाइए और अपनी मां से पूछ लीजिए कि आपके पिता कौन हैं. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान पर तमिलनाडु की राजनीति में बवाल मचा हुआ है.
पूर्व आईपीएस अधिकारी और बीजेपी के ही तमिलनाडु के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने नैनार नागेंद्रन को आड़े हाथों लिया है. उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसी थर्ड क्लास राजनीति नहीं करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि यह बेहद निंदनीय है कि तमिलनाडु की राजनीति में अश्लील बातें लगातार जारी हैं.
अन्नामलाई ने कहा कि जो लोग राजनीति में हैं, उन्हें अपने शब्दों को लेकर सजग रहना चाहिए. राय अलग हो सकती है, नीतियों की आलोचना की जा सकती है और सरकार के काम पर भी सवाल उठाए जा सकते हैं, लेकिन किसी के परिवार के सदस्यों या किसी की मां को लेकर इस प्रकार की टिप्पणी करना बिल्कुल भी स्वीकार नहीं किया जा सकता.
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटिया टिप्पणियां उस राजनीति को दर्शाती हैं, जो 30-40 साल पहले देखने को मिलती थी. आज का तमिलनाडु युवा इस तरह की घटिया राजनीति नहीं देखना चाहता.
वैसे, टीवीके ने भी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर आपत्ति दर्ज कराई है. राज्य के शिक्षा मंत्री राजमोहन ने कहा है कि यह काफी आपत्तिजनक बयान है. उन्होंने कहा कि यह किसी नेता के तौर पर दिया गया बयान नहीं लगता बल्कि ऐसा लगा जैसे कोई सड़कछाप व्यक्ति अपनी बात रख रहा हो.
उन्होंने कहा कि इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता. हम इसकी कठोर शब्दों में निंदा करते हैं. जो भी बोले, सम्मान के साथ बोले और उसे अपने पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए.
वैसे तो बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विवादों में हैं, लेकिन मुख्यमंत्री विजय भी अपने साथियों के निशाने पर आ गए हैं. दरअसल, उन्होंने उदयनिधि स्टालिन से पूछा था कि आपके पिता कहां हैं. इस बात को लेकर वीसीके प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने भी मुख्यमंत्री पर निशाना साधा था.
उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री को इस प्रकार का बयान नहीं देना चाहिए था और इस प्रकार की निजी टिप्पणी करने से बचना चाहिए था.
जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले उदयनिधि स्टालिन एक्ट्रेस तृषा को लेकर की गई विवादित टिप्पणी की वजह से मुश्किल में पड़ गए थे. उन्हें तो गिरफ्तार तक कर लिया गया था. हालांकि, बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं