- बारिश में भारत की ये 6 सड़कें किसी हॉलीवुड फिल्म के सीन से कम नहीं लगतीं.
- मुंबई-लोनावाला और शिलांग के नजारों का असली मजा मानसून में ही है.
- दिल्ली की भीड़ से दूर लैंसडाउन या समंदर किनारे पुडुचेरी का सफर, ये ट्रिप्स वीकेंड बना देंगी.
Best Trip in Monsoon: गर्मियों में जब हम घूमने निकलते हैं, तो हमारा पूरा ध्यान बस जल्दी से अपनी मंजिल तक पहुंचने पर होता है. लेकिन मानसून का मिजाज बिल्कुल अलग है. इस मौसम में सफर ही अपने आप में एक मंजिल बन जाता है. बारिश में धूल धुल जाती है, सूखी पहाड़ियां मखमली हरे रंग में नहा जाती हैं और रास्तों में अचानक से झरने फूट पड़ते हैं. सालभर लोग इस मौसम का इंतजार करते हैं, ताकि वे अपने परिवार या दोस्तों के साथ मस्ती भरी एडवेंचर ट्रिप पर जा सकें. अगर आपको भी लंबी ड्राइविंग का शौक है, तो मानसून में भारत की इन 6 शानदार सड़कों पर एक बार जरूर जाना चाहिए. ये वो रास्ते हैं जो बारिश की बूंदों के साथ पूरी तरह जिंदा हो उठते हैं...
1. मुंबई से लोनावाला (Mumbai To Lonavala By Road)

बारिश के दिनों में मुंबई से लोनावाला की तरफ गाड़ी दौड़ाने का अपना एक अलग ही स्वैग है. वेस्टर्न घाट इस दौरान पूरी तरह से हरे-भरे स्वर्ग में बदल जाते हैं. करीब 1 घंटा 50 मिनट के इस सफर में पहाड़ों से गिरते छोटे-बड़े झरने और आपके साथ-साथ चलते बादल इस सफर को जादुई बना देते हैं. अगर आप खंडाला घाट से गुजर रहे हैं, तो पहाड़ों पर छाई गहरी धुंध आपका मन मोह लेगी. और हां, इस सुहावने मौसम में सड़क किनारे रुककर गरमा-गरम भुट्टा खाने और कटिंग चाय पीने का एक्सपीरियंस तो आप चाहकर भी नहीं भूल पाएंगे.
2. बेंगलुरु से कूर्ग (Bangalore To Coorg Road Trip)

बेंगलुरु से कूर्ग जाने वाला रास्ता बारिश की पहली बूंद गिरते ही किसी खूबसूरत पेंटिंग जैसा हो जाता है. इस रास्ते पर आपको बारिश में भीगते हुए कॉफी के शानदार बागान और बेहद घने जंगल देखने को मिलेंगे. गीली मिट्टी की सोंधी खुशबू और पहाड़ों की ताजी हवा मूड रिफ्रेश कर देती है. कूर्ग के रास्ते में नदियां और झरने उफान पर होते हैं, जिन्हें देखते हुए सफर करना एक अलग ही सुकून देता है. करीब 5 घंटे के इस सफर में घुमावदार सड़कें और ठंडा मौसम इस रूट को आराम से एन्जॉय करने के लिए बेस्ट बनाते हैं.
3. दिल्ली से लैंसडाउन (Delhi to Lansdowne Road Trip)

अगर आप उत्तर भारत में हैं और आपको भीड़भाड़ वाले हिल स्टेशन पसंद नहीं हैं, तो अपनी गाड़ी का स्टीयरिंग लैंसडाउन की तरफ मोड़ लें. दिल्ली की भागदौड़ और शोर-शराबे से दूर, जैसे-जैसे आपकी गाड़ी गढ़वाल की पहाड़ियों पर चढ़ती है, नजारा पूरी तरह बदल जाता है. अचानक से आपके सामने घने कोहरे में लिपटे देवदार के जंगल आ जाते हैं. इस कैंटोनमेंट वाले इलाके में बारिश एक ऐसी खामोशी और शांति लेकर आती है, जो शहर के लोगों के लिए एक परफेक्ट वीकेंड ट्रीट है. करीब 6 घंटे के सफर के बाद जब आप उस घने कोहरे में से गुजरते हैं तो आपको एक अलग ही सुकून का एहसास होता है, जो जिंदगी भर याद रहता है.
ये भी पढ़ें:- बाइक चलाते-चलाते बाल बिखर जाते हैं? जान लें हेलमेट लगाने के बाद भी स्टाइल बचाने के स्मार्ट तरीके
4. चेन्नई से पुडुचेरी (Chennai To Pondicherry Drive)

चेन्नई से पुडुचेरी को जोड़ने वाली ईस्ट कोस्ट रोड वैसे तो हमेशा ही अच्छी लगती है, लेकिन बारिश के मौसम में इसका तटीय नजारा एकदम अलग लेवल पर चला जाता है. सोचिए... आपकी एक तरफ बंगाल की खाड़ी का विशाल समंदर हो और दूसरी तरफ बारिश से धुली हुई शानदार सड़क. ऊपर गहरा स्लेटी आसमान, लहरों की तेज आवाज और समंदर की ठंडी हवा... ये एक ऐसा सिनेमैटिक एक्सपीरियंस है जो आपको किसी और मौसम में बिल्कुल नहीं मिल सकता. करीब 7.5 घंटे का यह सफर काफी मैमोरिज बनाने वाला होता है.
5. शिलांग से चेरापूंजी (Shillong Cherrapunji Trip)

अगर देश की सबसे बेहतरीन मानसून रोड ट्रिप की कोई लिस्ट बनेगी, तो शिलांग से चेरापूंजी का नाम सबसे ऊपर होगा. मेघालय में वैसे भी दुनिया की सबसे ज्यादा बारिश होती है, ऐसे में मानसून के दौरान यहां की हरियाली देखकर आंखों पर यकीन नहीं होता. आपकी गाड़ी सीधे बादलों के बीच से होकर गुजरती है. शोर मचाते विशाल झरने और धुंध में छिपती हुई गहरी वादियां... इस रास्ते का हर एक मोड़ ऐसा है जिसकी आप तुरंत फोटो खींचना चाहेंगे. नेचर लवर्स के लिए ये किसी जन्नत से कम नहीं है. ये सफर करीब 1 घंटा 40 मिनट का है.
6. जयपुर से उदयपुर (Jaipur to Udaipur By Road)

आमतौर पर बारिश की बात आते ही दिमाग में राजस्थान नहीं आता. लेकिन मानसून में जयपुर से उदयपुर का सफर आपको इस राज्य का एक बिल्कुल अलग, बहुत ही सौम्य और खूबसूरत रूप दिखाता है. जैसे ही बारिश शुरू होती है, अरावली की सूखी पहाड़ियां एकदम से हरी-भरी हो जाती हैं. गर्मी कम हो जाती है और मौसम काफी सुहावना हो जाता है. बारिश के पानी से लबालब भरी उदयपुर की झीलें और महलों के नजारे इस मौसम में और भी ज्यादा रोमांटिक लगते हैं. करीब 6 घंटे 50 मिनट का सफर तय करके जब आप झीलों की नगरी उदयपुर पहुंचते हैं तो वहां की खूबसूरती में इस कदर खो जाते हैं कि वहीं बसने का मन करने लगता है.
ये भी पढ़ें:- Gen-Z को क्यों पसंद आ रहा है अजनबियों के साथ घूमना? जानिए क्या है कम्युनिटी ट्रेवल का ट्रेंड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं