अगर आपको भी समंदर और शांत माहौल पसंद है और आप ऐसी जगह घूमने का प्लान बना रहे हैं जहां नीले समंदर के किनारे सुकून के पल बिता सकें, तो काबो वर्डे आपके लिए परफेक्ट है. हाल ही में हुए FIFA वर्ल्ड कप 2026 में एक छोटे से देश 'काबो वर्डे' ने अर्जेंटीना को मैदान पर पसीने छुड़ा दिए. इस छोटे से देश ने करोड़ों फुटबॉल फैंस का दिल जीत लिया. आखिर यह काबो वर्डे (Cabo Verde या Cape Verde) देश कहां है और कैसा दिखता है इस बारे में जानना चाहते हैं, तो बिल्कुल सही जगह पर हैं. आइए बिना देरी किए जानते हैं इस खूबसूरत आइलैंड के बारे में.
कहां है यह देश-
काबो वर्डे 10 छोटे-छोटे आइलैंड्स से मिलकर बना एक देश है. यह अटलांटिक महासागर में स्थित है, जो अफ्रीका के पश्चिमी तट के बीच समंदर में बसा हुआ है. इसकी राजधानी का नाम प्रिया (Praia) है जो इसके सबसे बड़े आइलैंड सैंटियागो पर है.

खूबसूरत नीला समंदर है खास. (Image iStock)
कैसा है यह देश और यहां का मौसम?
यहां का मौसम सालभर सुहाना रहता है. न बहुत ज्यादा गर्मी और न बहुत ज्यादा ठंड. यहां की सबसे खास बात है यहां का मोराबेज़ा (Morabeza) कल्चर, जिसका आसान मतलब होता है मेहमाननवाज़ी और हर वक्त खुश रहना. यहां के लोग बेहद मिलनसार हैं. इस देश पर लंबे समय तक पुर्तगाल का राज था, इसलिए यहां के खान-पान, गानों और इमारतों में आपको यूरोपियन और अफ्रीकन मिक्स कल्चर देखने को मिलेगा.
क्या है यहां सबसे खास?
1. सफेद रेत के बीच और वॉटर स्पोर्ट्स- यहां का साल आइलैंड (Sal Island) और बौआ विस्टा अपने साफ नीले पानी और चमकीले सफेद रेतीले समुद्र तटों के लिए मशहूर हैं. अगर आपको स्कूबा डाइविंग, सर्फिंग या कछुओं को नजदीक से देखना पसंद है, तो यह जगह बेस्ट है.
2. नमक की झील- साल आइलैंड पर पेड्रा डे ल्यूम नाम का एक पुराना क्रेटर है, जहां नमक का पानी भरा हुआ है. इसमें आप बिना तैराकी जाने भी आसानी से तैर सकते हैं, क्योंकि नमक की वजह से शरीर डूबता नहीं है.

नमक वाली झील है खास. (Image iStock)
3. एक्टिव ज्वालामुखी- यहां का फोगो आइलैंड (Fogo Island) अपने एक्टिव ज्वालामुखी पीको डो फोगो के लिए जाना जाता है. ट्रैकिंग के शौकीन लोग इस काले रंग के ज्वालामुखी पहाड़ पर चढ़ना बेहद पसंद करते हैं.
4. म्यूजिक और नाइटलाइफ- साओ विसेंट आइलैंड को यहां का सांस्कृतिक दिल कहा जाता है. यहां के शहरों में रात को लाइव म्यूजिक और डांस का माहौल देखने लायक होता है.

यहां रात में लाइव म्यूजिक और डांस होता है खास. (Image iStock)
भारत से कैसे जाएं काबो वर्डे?
काबो वर्डे में चार इंटरनेशनल एयरपोर्ट हैं, जिनमें साल आइलैंड और राजधानी प्रिया के एयरपोर्ट सबसे मुख्य हैं. भारत से सीधे काबो वर्डे के लिए कोई डायरेक्ट फ्लाइट नहीं है. यहां पहुंचने का सबसे बेस्ट और आसान तरीका है कि आप दिल्ली या मुंबई से पहले पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन, पेरिस या मोरक्को के कैसाब्लांका जाएं. वहां से आपको काबो वर्डे के लिए डायरेक्ट कनेक्टिंग फ्लाइट्स आसानी से मिल जाएंगी.
ये भी पढ़ें- मानसून में क्यों खास है उदयपुर? इंटरनेशनल ट्रैवल मैगजीन ने टॉप 16 डेस्टिनेशंस में किया शामिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं