University of Sheffield Scholarship 2027 : यूनाइटेड किंगडम (UK) की प्रतिष्ठित University of Sheffield ने 2027 में प्रवेश लेने वाले अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए एक खास स्कॉलरशिप की घोषणा की है. इस स्कॉलरशिप के तहत पात्र छात्रों को 7,000 पाउंड की ट्यूशन फीस छूट मिलेगी. इससे भारतीय छात्रों को विदेश से उच्च शिक्षा हासिल करना काफी आसान हो सकता है. सबसे बड़ी बात यह है कि इस स्कॉलरशिप के लिए छात्रों को अलग से आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी. बल्कि जो छात्र पात्रता शर्तों को पूरा करेंगे, उन्हें यह लाभ अपने आप मिल जाएगा. इसके अलावा और क्या कुछ खास है इस स्कॉलरशिप से जुड़ा आइए आगे जानते हैं.
यह स्कॉलरशिप किसके लिए है?
यह स्कॉलरशिप सितंबर 2027 से शुरू होने वाले फुल-टाइम पोस्टग्रेजुएट टॉट (Postgraduate Taught) डिग्री प्रोग्राम में दाखिला लेने वाले स्टू़डेंट्स के लिए उपलब्ध होगी. भारत उन देशों की लिस्ट में शामिल है, जो इस स्कॉलरशिप का लाभ उठा सकेंगे. भारत के अलावा इंडोनेशिया, जापान, केन्या, नाइजीरिया, दक्षिण कोरिया, ताइवान, थाईलैंड, तुर्किये और वियतनाम के छात्र भी इसके लिए योग्य होंगे...
क्या चाहिए योग्यता
स्कॉलरशिप पाने के लिए आवेदक के पास University of Sheffield से पोस्टग्रेजुएट टॉट कोर्स का ऑफर होना चाहिए. साथ ही उसे पिछले तीन सालों से किसी पात्र देश या क्षेत्र का स्थायी निवासी होना चाहिए. भारतीय छात्रों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि वे 6 जुलाई 2027 को UK समयानुसार शाम 4 बजे तक यूनिवर्सिटी का ऑफर स्वीकार कर लें.
इसके अलावा छात्रों को ट्यूशन फीस के उद्देश्य से "ओवरसीज स्टूडेंट" की कैटेगरी में रखा जाना चाहिए और उन्हें अपनी पढ़ाई का खर्च खुद उठाना होगा. यानी जिन छात्रों की पढ़ाई किसी बाहरी संस्था या प्रायोजक द्वारा पूरी तरह फंडेड की जा रही है, वे इस स्कॉलरशिप के लिए योग्य नहीं होंगे.
हालांकि, कुछ सिलेबस इस योजना के दायरे में नहीं आते. पोस्टग्रेजुएट डिप्लोमा, पोस्टग्रेजुएट सर्टिफिकेट, ऑनलाइन, डिस्टेंस लर्निंग, क्रॉसवेज और इरास्मस मुंडस कोर्स करने वाले छात्र इस छूट का लाभ नहीं उठा सकेंगे.
यूनिवर्सिटी ने यह भी स्पष्ट किया है कि सामान्य परिस्थितियों में इस स्कॉलरशिप को किसी अन्य University of Sheffield स्कॉलरशिप, डिस्काउंट या बाहरी फंडिंग के साथ नहीं जोड़ा जा सकता. वहीं दो साल के मास्टर प्रोग्राम में पढ़ने वाले छात्रों को पहले साल की पढ़ाई सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद दूसरे साल स्कॉलरशिप मिलेगी.
यह भी पढ़ें- मेजर आदित्य प्रताप सिंह को मिला शौर्य चक्र बार, जानिए वीरता पुरस्कारों में ‘बार' का क्या होता है मतलब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं