विज्ञापन

'यह हमारे लिए सबसे ऊपर', कोटक ने डिकोड किया पडिक्कल का शतक, बताया कि अब सुदर्शन और देवदत्त में अब कौन खेलेगा

पहले दिन के खेल के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बात का भी साफ जवाब दिया कि चोट के कारण बाहर हो गए साई सुदर्शन और देवदत्त के शतक के बाद अब नंबर-3 क्रम के चयन का आधार क्या होगा

'यह हमारे लिए सबसे ऊपर',  कोटक ने डिकोड किया पडिक्कल का शतक, बताया कि अब सुदर्शन और देवदत्त में अब कौन खेलेगा
बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने पडिक्कल को लेकर अहम बात बताई
Source: Social media

Sitanshu Kotak on Devdutt Padikkal: भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने शनिवार को देवदत्त पडिक्कल की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि बैकफुट के खेल और शॉट चयन पर काम करने से पडिक्कल को फायदा मिला. तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले पडिक्कल ने शनिवार को यहां श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के शुरुआती दिन अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का शानदार पहला शतक जड़ा. उनकी नाबाद 131 रन की पारी की बदौलत भारत ने स्टंप तक दो विकेट पर 288 रन बना लिए.

'वह सही मौके का इंतजार कर रहा था'

कोटक ने मौजूदा टेस्ट सीरीज के लिए 26 साल के पडिक्कल की तैयारी के बारे में बात करते हुए दिन के खेल के बाद प्रेस कॉनफ्रेंस में कहा, ‘मैं उसके लिए बहुत खुश हूं क्योंकि वह सही में अपने मौके का इंतजार कर रहा था. जिस तरह से उसने यहां और अभ्यास मैच में बल्लेबाजी की, यह शानदार है.' उन्होंने कहा, ‘तैयारी की बात करें तो देवदत्त जिस तरह से तैयारी कर रहा था, मैंने उसे एनसीए (बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) में देखा है. वह अपने बैकफुट गेम पर काम कर रहा था. जब हमें पिच से टर्न मिलने की उम्मीद होती है, तो हम इस पर काम करते हैं.'

'पडिक्कल ने बैकफुट पर काम किया'

कोटक ने कहा, ‘हमने बैकफुट गेम के अलावा क्रीज से आगे निकलकर शॉट खेलने और स्वीप पर भी काम किया. इसलिए पिछले कुछ वर्षों में उसने जिस तरह खुद को तैयार किया है, उसका काफी श्रेय उसे जाता है.' पडिक्कल की बल्लेबाजी में यह बात साफ नजर आई. उन्होंने अधिकतर समय बैकफुट से बल्लेबाजी की और जब जरूरी लगा तो श्रीलंकाई स्पिनरों पर दबाव बनाने के लिए आगे निकलकर शॉट खेले. बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या की गेंद पर आगे निकलकर लॉन्ग-ऑन के ऊपर से लगाया गया उनका छक्का कोटक की बात को सही साबित करता है. इसी तरह पडिक्कल ने अपनी पारी में स्वीप शॉट से करीब 40 रन बनाए.

साई और पडिक्कल में अब कौन खेलेगा?

अब सवाल यह है कि जब तीसरे नंबर पर खेलने वाले नियमित बल्लेबाज साई सुदर्शन पैर की अंगुली की चोट से वापसी करेंगे, तो पडिक्कल की इस पारी के बाद टीम में उनकी स्थिति क्या होगी? कोटक ने कहा,‘मुझे लगता है कि देवदत्त ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की. साई भी उस नंबर पर बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं. लेकिन बात यह है कि वे सभी नयी गेंद से बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ी हैं. वे पारी की शुरुआत कर सकते हैं और नंबर तीन पर भी बल्लेबाजी कर सकते हैं, इसलिए हम इस स्थान के लिए काफी लचीले हैं.'

'अब इस आधार पर होगा चयन'

उन्होंने कहा, ‘लेकिन मैं इस बात को देखूंगा कि वे किस तरह बल्लेबाजी करते हैं, परिस्थितियों के अनुसार खुद को कैसे ढालते हैं और मैच के अलग-अलग चरणों से कैसे निपटते हैं. मेरे लिए यह नंबर तीन, चार या पांच से ज्यादा महत्वपूर्ण है.' उपकप्तान केएल राहुल को 77 रन के स्कोर पर रिटायर होना पड़ा. कोटक ने बताया कि बेंगलुरु के इस बल्लेबाज को मांसपेशियों में खिंचाव हो रही था.

'केएल राहुल ठीक दिख रहे'

उन्होंने कहा, ‘केएल ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की. मुझे लगता है कि उसे सिर्फ मासंपेशियों में खिंचाव हो रहा था. दिन के अंत तक वह ठीक था. जब आपको खिंचाव होने लगता है तो यह ‘हैमस्ट्रिंग', ग्रोइन या हाथ में भी हो सकता है.लेकिन इस समय वह बिल्कुल ठीक दिख रहा है. इसलिए उम्मीद है कि वह कल खेलने के लिए पूरी तरह तैयार होगा.' वह राहुल की बल्लेबाजी में मौजूद लचीलेपन से भी काफी खुश नजर आए. राहुल सीमित ओवरों के क्रिकेट में निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हैं, जबकि टेस्ट क्रिकेट में पारी की शुरुआत कर रहे हैं.

'केएल शानदार खिलाड़ी का प्रमाण दे रहे'

उन्होंने कहा, ‘वह ऐसे खिलाड़ी हैं कि जब वह वनडे खेलते हैं, जैसा कि आपने देखा है, तो नंबर छह या पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं. जब आप एक अनुभवी बल्लेबाज होते हैं और किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी करने तथा टीम की मदद करने के लिए तैयार रहते हैं तो यह एक शानदार खिलाड़ी होने का सबूत है.' कोटक ने कहा,  ‘वह टीम के लिए बहुत उपयोगी खिलाड़ी हैं। लाल गेंद के क्रिकेट में वह पारी का आगाज करते हैं और वनडे में जहां जरूरत होती है, वहां बल्लेबाजी करते हैं. जिस तरह वह अभी बल्लेबाजी कर रहे हैं, वह काफी जिम्मेदारी ले रहे हैं, साझेदारियां बनाने की कोशिश कर रहे हैं और यह बहुत अच्छी बात है. वह लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं.'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bhardwaj Sai Sudharsan, Rahul Kannaur Lokesh, Devdutt Babunu Padikkal, Sri Lanka, India, Sri Lanka Vs India 08/15/2026 Slin08152026272145, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com