भारत के तजिंदरपाल सिंह तूर ने शनिवार को एशियाई खेलों में पुरुषों के गोला फेंक में रजत पदक जीता जो इन महाद्वीपीय खेलों में उनका तीसरा पदक है. पिछले दो चरण में स्वर्ण पदक जीतने वाले तूर ने 20.64 मीटर की दूरी तक गोला फेंककर दूसरा स्थान हासिल किया. ईरान के मोहम्मदरेजा तैयबीसे ने एशियाई खेलों का रिकॉर्ड तोड़ा और 20.81 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया. इस तरह उन्होंने 2018 में तूर द्वारा बनाए गए 20.75 मीटर के रिकॉर्ड को तोड़ दिया. सऊदी अरब के मोहम्मद टोलू ने 20.48 मीटर के प्रयास के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता.
तजिंदरपाल सिंह तूर का जन्म 13 नवंबर 1994 को पंजाब के खोसा पंडो गांव में एक किसान परिवार में हुआ. उन्हें बचपन से ही खेलों में दिलचस्पी रही है. खेल के प्रति उनका यह लगाव पिता करम सिंह और चाचा गुरदेव सिंह से मिला. करम सिंह अपने गांव और आसपास के इलाकों में रस्साकशी के लिए जाने जाते थे. वहीं, तजिंदरपाल अपने चाचा गुरदेव सिंह से खास तौर पर प्रभावित हुए, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शॉट पुट में पदक जीत चुके थे.
राष्ट्रीय स्तर पर 2026 में तजिंदरपाल को मिली बड़ी पहचान
तजिंदरपाल ने शुरुआती दिनों में चाचा गुरदेव सिंह की निगरानी में प्रशिक्षण लिया. जल्द ही उन्होंने शॉट पुट में अपनी पहचान बनानी शुरू कर दी. राज्य स्तर की कई युवा प्रतियोगिताओं में उन्होंने खिताब जीते और अंतर-राज्यीय प्रतियोगिताओं में भी लगातार अच्छा प्रदर्शन किया. राष्ट्रीय स्तर पर तजिंदरपाल को पहली बड़ी पहचान 2016 फेडरेशन कप में मिली, जहां उन्होंने शॉट पुट का खिताब जीता। 2017 में उन्होंने 20.40 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ खिताब का बचाव किया.
जून 2017 में कजाकिस्तान के अल्माटी में हुए कोसानोव मेमोरियल में तजिंदरपाल ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय खिताब जीता. इसके एक महीने बाद उन्होंने एशियाई चैंपियनशिप में 19.77 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक हासिल किया. वह ईरान के स्वर्ण पदक विजेता अली सामरी से सिर्फ तीन सेंटीमीटर पीछे रहे. 2018 में तजिंदरपाल ने लगातार तीसरी बार फेडरेशन कप का खिताब अपने नाम किया. उसी साल गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने पहली बार हिस्सा लिया, हालांकि वह प्रतियोगिता में आठवें स्थान पर रहे.
एशिया के सर्वश्रेष्ठ शॉट पुटरों में बनाई जगह
2018 एशियाई खेल तजिंदरपाल के करियर का बड़ा पड़ाव साबित हुए. जकार्ता में उन्होंने 20.75 मीटर का थ्रो किया और नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने के साथ एशियाई खेलों का रिकॉर्ड भी कायम किया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने स्वर्ण पदक जीता. हालांकि, भारत लौटने के बाद उन्हें पिता करम सिंह के निधन की दुखद खबर मिली. कैंसर से पिता की मौत ने उन्हें गहरा झटका दिया, लेकिन इसी घटना ने उन्हें ओलंपिक में खेलने के अपने सपने को पूरा करने के लिए और प्रेरित किया.
2019 में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीता गोल्ड मेडल
2019 में तजिंदरपाल ने एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता. इसी साल उन्होंने 20.92 मीटर के थ्रो के साथ अपना पहला राष्ट्रीय खिताब जीतते हुए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया. कोविड-19 महामारी के कारण 2020 का सीजन प्रभावित रहा. इसके बाद 2021 में तजिंदरपाल ने शानदार वापसी की. उन्होंने दो भारतीय ग्रां प्री प्रतियोगिताओं में 19.49 मीटर और 20.09 मीटर के थ्रो किए. फेडरेशन कप में उन्होंने 20.58 मीटर का थ्रो कर खिताब जीता.
2021 की चौथी भारतीय ग्रां प्री में तजिंदरपाल ने अपने पहले ही प्रयास में 21.49 मीटर का थ्रो किया. इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने एशियाई और राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया और टोक्यो 2020 ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई किया. यह उनका पहला ओलंपिक था. टोक्यो ओलंपिक में हालांकि उनकी कलाई चोटिल हो गई. चोट के कारण वह फाइनल में जगह नहीं बना सके और 13वें स्थान पर रहे.
विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2022 में लगा झटका
इसके बाद तजिंदरपाल ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2022 के लिए भी क्वालीफाई किया, लेकिन ओरेगॉन के यूजीन में होने वाली प्रतियोगिता से पहले प्रशिक्षण के दौरान कमर में चोट लग गई और उन्हें अंतिम समय में टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा.
सितंबर 2022 में उन्होंने फिर से प्रतिस्पर्धी खेलों में वापसी की. इसके बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने का सिलसिला जारी रखा. 2023 में उन्होंने एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप, एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप और हांगझोऊ एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीते. पेरिस 2024 ओलंपिक से पहले तजिंदरपाल एक बार फिर चोट से परेशान रहे. हालांकि, उन्होंने समय पर वापसी की और पेरिस में भारत का प्रतिनिधित्व किया. वह वहां शॉट पुट के फाइनल में जगह नहीं बना सके. 2025 में उन्होंने नेशनल गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर साल की शुरुआत की.
तजिंदरपाल सिंह तूर के प्रमुख रिकॉर्ड और उपलब्धियां
- 2017 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप - सिल्वर मेडल
- 2018 एशियाई खेल - गोल्ड मेडल
- 2019 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप - गोल्ड मेडल
- 2023 एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप - गोल्ड मेडल
- 2023 एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप - गोल्ड मेडल
- 2023 एशियाई खेल - गोल्ड मेडल
- 2026 एशियाई खेल- सिल्वर मेडल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं