- बिहार के DGP IPS विनय कुमार को राज्य के मुख्य सूचना आयुक्त के पद के लिए चयन समिति में सहमति मिली है.
- विनय कुमार ने दिसंबर 2024 में बिहार पुलिस का DGP पद संभाला था. सितंबर 2026 में 21 दिनों के लिए अवकाश पर गए हैं
- वे 1991 बैच के बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं और IIT खड़गपुर से इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त कर चुके हैं.
बिहार पुलिस महानिदेशक रहे आईपीएस विनय कुमार की प्रशासनिक भूमिका जल्द बदल सकती है. राज्य के मुख्य सूचना आयुक्त के पद के लिए उनके नाम पर चयन समिति में सहमति बनने की जानकारी सामने आई है. शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी की बैठक में उनके नाम पर सहमति बनने की बात सामने आई. इसी प्रक्रिया में पूर्व वरिष्ठ IAS अधिकारी अंजनी कुमार सिंह के राज्य सूचना आयुक्त बनाए जाने की भी जानकारी मिली है. हालांकि, औपचारिक नियुक्ति की अधिसूचना जारी होना अभी बाकी है. विनय कुमार दिसंबर 2024 से बिहार पुलिस की कमान संभाल रहे थे. सितंबर में उनके अवकाश पर जाने के बाद वरिष्ठ IPS अधिकारी प्रीता वर्मा को DGP का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था. विनय कुमार 5 अक्टूबर तक छुट्टी पर हैं. इसी बीच बिहार के नए DGP के चयन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है.
वैशाली के गांव से IIT खड़गपुर तक का सफर
विनय कुमार की शुरुआती पढ़ाई-लिखाई बिहार के वैशाली जिले के महुआ क्षेत्र स्थित रामपुरानी गांव में हुई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, चार बहनों के बीच वह इकलौते भाई हैं. आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने IIT खड़गपुर का रुख किया और वहां से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की. इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा को अपना करियर चुना. वह 1991 बैच के बिहार कैडर के IPS अधिकारी हैं. उनकी जन्मतिथि 3 सितंबर 1965 है.
कई जिलों में SP रह चुके हैं विनय कुमार
IPS सेवा की शुरुआत के बाद विनय कुमार ने बिहार के कई जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य किया. संयुक्त बिहार के चतरा और गोड्डा के अलावा वह गोपालगंज, कटिहार, मुंगेर, मोतिहारी, बेतिया और बेगूसराय में भी SP रहे.
नक्सली हमले में एसपी की शहादत के बाद संभाली थी मुंगेर की कमान
उनके करियर में मुंगेर के SP के रूप में की गई सेवा विशेष रूप से उल्लेखनीय मानी जाती है. तत्कालीन SP सुरेंद्र बाबू की नक्सली हमले में हत्या के बाद उन्हें मुंगेर की पुलिस कमान सौंपी गई थी. उस समय चुनाव भी निकट थे. ऐसे चुनौतीपूर्ण माहौल में उन्होंने शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.
दिसंबर 2024 में संभाली थी DGP की कमान
समय के साथ उनकी जिम्मेदारियां रेंज और जोन स्तर तक पहुंचीं. वह दरभंगा के DIG रहे और बाद में दरभंगा तथा भागलपुर जोन के IG की जिम्मेदारी भी संभाली. पुलिस मुख्यालय में उन्होंने ADG CID, ADG लॉ एंड ऑर्डर के अलावा बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम में DG-cum-CMD के तौर पर भी कार्य किया. 13 दिसंबर 2024 को विनय कुमार ने आलोक राज की जगह बिहार के DGP का पद संभाला. उनका कार्यकाल दिसंबर 2026 तक निर्धारित था. 25 सितंबर 2026 से वह 21 दिनों के अवकाश पर गए हैं. उनकी अनुपस्थिति में प्रीता वर्मा को DGP का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
अब सूचना आयोग की जिम्मेदारी?
मुख्य सूचना आयुक्त का पद पुलिस सेवा से अलग प्रकृति का होता है. राज्य सूचना आयोग सूचना के अधिकार से जुड़े मामलों की सुनवाई करता है. जब किसी नागरिक को किसी सरकारी विभाग से मांगी गई सूचना नहीं मिलती या सूचना देने को लेकर विवाद उत्पन्न होता है, तो मामला कानून के तहत आयोग तक पहुंच सकता है. विनय कुमार के नाम पर सहमति की खबर ऐसे समय सामने आई है, जब राज्य में नए DGP के चयन की प्रक्रिया भी चल रही है. यानी पुलिस महानिदेशक पद के लिए उत्तराधिकारी की तलाश और मुख्य सूचना आयुक्त के पद पर नई नियुक्ति, दोनों प्रक्रियाएं एक साथ आगे बढ़ रही हैं.
विनय कुमार का जीवन परिचय
- नाम: विनय कुमार
- सेवा: भारतीय पुलिस सेवा
- बैच: 1991, बिहार कैडर
- जन्मतिथि: 3 सितंबर 1965
- शिक्षा: IIT खड़गपुर से इंजीनियरिंग
- प्रमुख जिम्मेदारियां: SP, DIG, IG, ADG CID, ADG लॉ एंड ऑर्डर, DG-cum-CMD बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम
- बिहार के DGP: दिसंबर 2024 से
- सितंबर 2026: 21 दिनों के अवकाश पर गए
- संभावित नई जिम्मेदारी: बिहार के मुख्य सूचना आयुक्त
- ताजा स्थिति: चयन समिति में नाम पर सहमति, औपचारिक नियुक्ति अधिसूचना का इंतजार
यह भी पढ़ें - बिहार DGP विनय कुमार हो रहे रिटायर, जानिए कौन होंगे बिहार पुलिस के अगले कप्तान, रेस में कई IPS शामिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं