विज्ञापन
This Article is From Sep 05, 2016

सायना नेहवाल ने कोच विमल कुमार को दी शिक्षक दिवस पर बधाई, प्रशंसकों को है एक शिकायत

सायना नेहवाल ने कोच विमल कुमार को दी शिक्षक दिवस पर बधाई, प्रशंसकों को है एक शिकायत
सायना नेहवाल (फाइल फोटो)
  • सायना नेहवाल ने ट्विटर पर शिक्षक दिवस की बधाई दी
  • ट्वीट में उन्होंने अपने वर्तमान कोच विमल कुमार की तस्वीर डाली है
  • कुछ प्रशंसकों की शिकायत है कि उन्हें गोपीचंद को भी शामिल करना चाहिए था
बैंगलुरू: भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल ने शिक्षक दिवस पर अपने मौजूदा कोच विमल कुमार की एक तस्वीर ट्विटर पर पोस्ट की है. साथ ही शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं भी दी हैं. इस ट्वीट पर जहां सायना के कुछ प्रशंसक उन्हें बधाई दे रहे हैं, वहीं उन्हें फॉलो करने वाले कुछ लोगों ने नाराज़गी जताई है. शिकायत यह है कि इस मौके पर सायना अपने पुराने कोच गोपीचंद को कैसे भूल गईं.
 


जहां एक ट्वीट में लिखा गया है कि शिक्षक दिवस का मतलब सिर्फ मौजूदा शिक्षक ही नहीं होता, वहीं एक और ट्वीट में लिखा गया है कि अच्छा होता अगर आप गोपीचंद को भी याद कर लेतीं.


 

2014 में बदला कोच
बता दें कि सायना के अब तक के करियर के काफी बड़े हिस्से में गोपीचंद ही उनके कोच रहे हैं. लंदन ऑलिंपिक्स 2012 के दौरान भी गोपीचंद ही उनके कोच थे जब भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर उन्होंने इतिहास रचा था. लेकिन साल 2014 में सायना ने गोपीचंद की जगह विमल कुमार को अपना कोच चुनने का फैसला लिया. पिछले साल एनडीटीवी से हुई बातचीत में सायना ने कहा था कि 'लगातार खराब प्रदर्शन के बाद उन्होंने बैडमिंटन से संन्यास लेने का फैसला कर लिया था लेकिन विमल ने उनके आत्मविश्वास को बल दिया और खुद पर यकीन करने के लिए उत्साहित किया.'

पूर्व ऑल इंग्लैड चैंपियन रह चुके पुलेला गोपीचंद की अकादमी को छोड़ने की वजह बताते हुए सायना ने कहा था 'मैं शारीरिक रूप से भी बेहतर महसूस कर रही हूं क्योंकि जब आप पर विशेष ध्यान दिया जाता है तो जाहिर तौर पर आप में सुधार आता है. पूरा ध्यान आप पर ही होता है. विमल सर उन बातों पर काम कर रहे हैं जिनमें मैं कमजोर हूं.'

हालांकि इस बार सायना रियो ओलिंपिक्स में पदक नहीं ला पाईं, वहीं गोपीचंद के मार्गदर्शन में खेली पीवी सिंधु रजत जीतकर लौटीं. इसके बाद ट्विटर पर #GopichandPullela ट्रेंड करने लगे थे और सिंधू की जीत का श्रेय भी काफी हद तक उन्हें दिया जाने लगा था.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
सायना नेहवाल, बैडमिंटन खिलाड़ी, पुलेला गोपीचंद, विमल कुमार, Saina Nehwal, Badminton Player, P Gopichand, Vimal Kumar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com