Prasidh Krishna Swinging Delivery, IND vs SL 2nd Test: स्पिनरों के असरदार साबित न होने पर शुभमन गिल ने एक बार फिर प्रसिद्ध कृष्णा पर भरोसा जताया और तेज गेंदबाज ने कप्तान को निराश नहीं किया, प्रसिद्ध कृष्णा ने भारत को बड़ी सफलता दिलाई. 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आई शॉर्ट पिच गेंद पर कामिंदु मेंडिस ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन शॉट में न तो पर्याप्त ताकत थी और न ही ऊंचाई. गेंद सीधे मिड-विकेट पर खड़े रवींद्र जडेजा के हाथों में चली गई. इसी के साथ 58 गेंदों में 32 रन बनाकर मेंडिस की पारी समाप्त हुई. साझेदारी अच्छी लय में दिख रही थी, लेकिन प्रसिद्ध ने उसे तोड़ दिया.
इससे पहले तीसरे दिन की शुरुआत में ही प्रसिद्ध कृष्णा ने कामिल मिशारा को पवेलियन भेजकर श्रीलंका को जोरदार झटका दिया. प्रसिद्ध की शॉर्ट गेंद मिशारा के लिए काफी मुश्किल साबित हुई. गेंद अतिरिक्त उछाल के साथ उनके शरीर की ओर आई और वह उसे सही तरीके से खेलने में नाकाम रहे जिसके बाद बचाव की कोशिश में बल्ले और ग्लव्स के पास लगी गेंद हवा में उछल गई, जहां चोटिल पंत की जगह विकेटकीपर की भूमिका निभा रहे ध्रुव जुरेल ने कोई गलती नहीं की और आसान कैच लपक लिया. मिशारा 25 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हुए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने भारत को दिन का पहला विकेट दिलाया.
Prasidh Krishna strikes first this morning! 🔥
— Sony Sports Network (@SonySportsNetwk) August 25, 2026
Kamil Mishara undone by a sharp short ball that climbed awkwardly.
Watch #SLvIND 2nd Test, LIVE NOW on Sony Sports Network TV channels & Sony LIV.#SonySportsNetwork #SonyLIV #BeautifulGameOfTestCricket pic.twitter.com/Bo8j4Zx1yB
इससे पहले भारत ने श्रीलंका के खिलाफ सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में जारी दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन अपनी पकड़ मजबूत कर ली है. बारिश से प्रभावित मुकाबले में टीम इंडिया ने पहली पारी 503/9 के स्कोर पर घोषित की और दिन की समाप्ति तक श्रीलंकाई टीम के 2 विकेट चटकाए. रविवार को टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 503/9 के स्कोर पर घोषित की. भारत ने 66 के स्कोर तक केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल के रूप में दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे. केएल राहुल 33 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जायसवाल ने 9 चौकों के साथ 45 रन बनाए.
यहां से देवदत्त पड्डिकल ने मोर्चा संभाला, उन्होंने कप्तान शुभमन गिल के साथ तीसरे विकेट के लिए 120 रन जोड़े. गिल ने 50 रन बनाए. उनकी इस पारी में 6 चौके शामिल रहे.
पंत पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे; उन्होंने 15 गेंदों का ही सामना किया था, इस बीच कलाई की चोट के कारण पहले दिन मैदान से वापस लौटना पड़ा. इसके बाद रवींद्र जडेजा (43) ने पड्डिकल के साथ 74 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. पड्डिकल 12 चौकों के साथ 117 रन बनाकर आउट हुए.
मुकाबले के दूसरे दिन (सोमवार) बारिश के चलते खेल बार-बार रुका. इस बीच पंत एक बार फिर बल्लेबाजी के लिए उतरे और ध्रुव जुरेल के साथ 112 रन जुटाए. पंत 8 बाउंड्री के साथ 63 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जुरेल ने 11 बाउंड्री के साथ 115 रन की नाबाद पारी खेली.
श्रीलंका की तरफ से असिथा फर्नांडो ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि प्रभात जयसूर्या और केशरा नुवानथा ने 2-2 विकेट निकाले. इनके अलावा, लाहिरु कुमारा ने 1 विकेट चटकाया.
दिन की समाप्ति तक श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 3 ओवरों का सामना किया और 2 विकेट गंवाकर सिर्फ 8 रन बनाए. प्रसिद्ध कृष्णा ने लाहिरु उडारा (1) को अपना शिकार बनाया, जिसके बाद मानव सुथार ने प्रभात जयसूर्या (2) को आउट किया. फिलहाल, श्रीलंकाई टीम भारत से 495 रन पीछे था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं