असम समेत पूरे नॉर्थ ईस्ट के राज्यों के लिए गुड न्यूज है. इन राज्यों की बेहतर कनेक्टिविटी और रणनीतिक क्षमता को मजबूती देने के लिए केंद्र सरकार ने असम में 135.87 किलोमीटर लंबे गुवाहाटी-तेजपुर कॉरिडोर (NH-15) को मंजूरी दी है. इस हाइवे को बनाने के लिए सरकार करीब 9000 करोड़ रुपये खर्च करेगी. यह 4-लेन का एक्सेस-कंट्रोल्ड हाइवे होगा, जो गुवाहाटी के पास बैहाटा चारियाली को तेजपुर से जोड़ेगा. इस प्रोजेक्ट को BOT (बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर) मॉडल पर डेवलेप किया जाएगा. इस हाइवे के बनने के बाद दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों से नॉर्थ ईस्ट तक की कनेक्टिविटी सुपर फास्ट हो जाएगी.
गुवाहाटी-तेजपुर का सफर होगा तेज
इस हाइवे के बनने के बाद गुवाहाटी से तेजपुर के सफर की रफ्तार दोगुनी हो जाएगी. ऐसे में यात्रा समय में 50 प्रतिशत तक कमी आने और ईंधन व परिवहन लागत घटने की उम्मीद है. इस हाइवे में 58.7 किलोमीटर लंबे पांच बाईपास भी शामिल हैं, जो कई शहरों को जाम से राहत दिलाएंगे. ये बाईपास बैहाटा चारियाली, सिपाझार, खारूपेटिया, डेकियाजुली और तेजपुर में बनेंगे. इससे स्थानीय क्षेत्रों में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और सड़क सुरक्षा बेहतर होगी.
वन्यजीव संरक्षण का भी रखा जाएगा ध्यान
प्रोजेक्ट में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विशेष प्रावधान किए गए हैं. इसमें 1 हाथी अंडरपास, 15 बड़े पुल, 30 छोटे पुल, 19 फ्लाईओवर और 210 किलोमीटर सर्विस रोड शामिल हैं. ताकि वन्यजीवों की आवाजाही प्रभावित न हो.
गुवाहाटी-तेजपुर हाइवे को 8 आर्थिक केंद्रों से, 2 सामाजिक केंद्रों से, 3 पर्यटन केंद्रों से और 7 लॉजिस्टिक्स हब से जोड़ा जाएगा. इसमें 3 प्रमुख रेलवे स्टेशन, 2 एयरपोर्ट और 2 जलमार्ग टर्मिनल शामिल हैं.

तेजपुर बाईपास पर बनेगी इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी
इस हाइवे प्रोजेक्ट के तहत तेजपुर बाईपास पर 4.9 किलोमीटर लंबी इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF) भी बनाई जाएगी. इसे भारतीय वायुसेना (IAF) के सहयोग से अंतिम रूप दिया गया है. इससे ब्रह्मपुत्र नदी के दक्षिणी हिस्से में स्थित ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर NH-27 पर ट्रैफिक का दबाव कम करने में मदद मिलेगी.
दिल्ली-एनसीआर से कैसे होगा कनेक्ट?
इस हाइवे के बनने के बाद असम और अरुणाचल तक का सफर दिल्ली-एनसीआर से भी आसान हो जाएगा. दरअसल यह नया 4-लेन हाइवे प्रोजेक्ट गुवाहाटी के बैहाटा चारियाली से शुरू होता है. बैहाटा चारियाली सीधे NH-27 से जुड़ा हुआ है. वहीं दिल्ली से गोरखपुर तक के लिए 'गोरखपुर शामली एक्सप्रेसवे' बनाया जा रहा है. इसके अलावा 'गोरखपुर-सिलिगुड़ी एक्सप्रसवे' भी प्रस्तावित है. सिलिगुड़ी से जलपाईगुड़ी, बोंगाईगांव होते हुए NH-27 से बैहाटा चारियाली पहुंचा जा सकेगा. यहां से यह प्रस्तावित हाइवे आगे का सफर आसान बना देगा.
यह भी पढ़ें: देहरादून में बन रहा बाईपास, मसूरी-ऋषिकेश तक कनेक्टिविटी, दिल्ली-NCR से सफर होगा आसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं