NDTV के AM Green IGPL Golf Pro-Am के नए सीजन की शुरुआत शायद इससे बेहतर नहीं हो सकती थी. एक तरफ भारत की युवा स्टार प्रणवी उर्स ने एशियन गेम्स में व्यक्तिगत गोल्ड जीतकर इतिहास रच दिया और ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर बन गईं, वहीं दूसरी तरफ दिल्ली में आज कुतुब गोल्फ कोर्स में IGPL Golf Pro-Am के नए अध्याय की शुरूआत हो रही है, जिसमें प्रणवी के मंगेतर करनदीप भी हिस्सा ले रहे हैं.
अब IGPL की एक जानी-मानी स्टार बन चुकीं प्रणवी की सबसे बड़ी कामयाबी 2025 IGPL इनविटेशनल मुंबई में मिली, जहां वह पुरुष गोल्फरों के खिलाफ प्रोफेशनल ओपन-फील्ड टूर्नामेंट जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं और उन्होंने अपने मंगेतर करनदीप कोचर को पीछे छोड़ा था. NDTV के गोल्फ प्रो-AM टूर्नामेंट के लिए IGPL पार्टनर है. इस टूर्नामेंट में प्रणवी के मंगेतर करनदीप कोचर भी सक्रिय रूप से हिस्सा लेते हैं और वो शनिवार को भी वो एक्शन में होंगे.
27 साल के करनदीप ने भारतीय पुरुष गोल्फ सर्किट में एक बेहतरीन खिलाड़ी के तौर पर अपनी पहचान बनाई है. उन्होंने बहुत कम उम्र में ही गोल्फ खेलना शुरू कर दिया था और एमेच्योर सर्किट में अपनी छाप छोड़ी है. साथ ही, IGU (इंडियन गोल्फ यूनियन) सर्किट में सभी जूनियर कैटेगरी की रैंकिंग में टॉप पर रहे हैं. करनदीप को इस खेल से उनके दादाजी ने ही परिचित कराया था. करनदीप ने 12वीं कक्षा की परीक्षाएं पूरी करने के बाद, उन्होंने गोल्फ पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित करने के लिए पढ़ाई से कुछ समय का ब्रेक लिया था.
प्रणवी ने गोल्ड जीतकर रचा इतिहास
प्रणवी उर्स एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर बन गई जिन्होंने आखिरी दौर में एक स्ट्रोक की बढत बरकरार रखकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि अर्जित की और टीम को भी रजत दिलाया. मैसूर की 23 वर्ष की प्रणवी ने तीसरे होल में ट्रिपल बोगी करने के बाद तीन बर्डी लगाये.
आखिरी दौर में उन्होंने इवन पार 70 स्कोर किया और चार दिन में कुल स्कोर 15 अंडर 265 रहा. चीन की यिन रूओनिंग ने रजत पदक जीता जबकि सिंगापुर की शैनोन टैन को कांस्य पदक मिला. प्रणवी ने जीत के बाद कहा,"मुझे कुछ उपलब्धि हासिल करने वाली पहली खिलाड़ी बनना पसंद है. लोग आगे भी जीतेंगे लेकिन पहली बार जीतने वाला पहला ही होता है."
प्रणवी, ओलंपियन अदिति अशोक ( आखिरी दौर में 67) और दीक्षा डागर (आखिरी दौर में 77) की टीम ने रजत पदक जीता. भारत ने 14 अंडर 546 स्कोर किया. चीन ने 22 अंडर 538 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता. अदिति एक डबल बोगी और एक बोगी के बाद लगातार पांच बर्डी लगाकर संयुक्त 14वें स्थान पर रही जबकि दीक्षा संयुक्त 23वें स्थान पर रही. भारत के लिये शिव कपूर ने 2002 बुसान खेलों में पुरूष गोल्फ का स्वर्ण पदक जीता था.
यह 1982 दिल्ली एशियाई खेलों के बाद गोल्फ में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. उस समय गोल्फ में लक्ष्मण सिंह ने व्यक्तिगत पुरूष स्वर्ण जीता था जबकि अमित लूथरा और राजीव मोहता के साथ टीम वर्ग में भी पीला तमगा हासिल किया था.
यह भी पढ़ें: 7 छक्के, 61 रन और वर्ल्ड नंबर-2 की छलांग, अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ मचाई तबाही, गेल का रिकॉर्ड टूटा
यह भी पढ़ें: कौन हैं प्रणवी उर्स? 6 साल की उम्र में शुरू किया गोल्फ खेलना, अब एशियन गेम्स में गोल्ड जीतकर रचा इतिहास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं