भारतीय टेनिस के महान खिलाड़ी लिएंडर पेस ने NDTV-AM Green IGPL गोल्फ प्रो-एम के नए सीजन के लॉन्च इवेंट में अपने तीन दशक लंबे शानदार करियर, ओलंपिक पदक जीतने के अपने सपनों और देश के युवाओं को सशक्त बनाने को लेकर खुलकर बात की है. लॉन्च इवेंट में पेस ने NDTV के एग्जीक्यूटिव एडिटर (स्पोर्ट्स) गौरव गाला के साथ बातचीत में अपने लंबे करियर और ट्रॉफी से भरे सफर के पीछे की वजहों पर भी बात की. लिएंडर ने कहा कि उनका मुख्य मकसद हमेशा भारत के लिए ओलंपिक मेडल जीतना और यह साबित करना था कि भारतीय किसी भी खेल में दुनिया के मंच पर बेहतरीन प्रदर्शन कर सकते हैं.
'पिता के ओलंपिक मेडल को चमकाते हुए बड़ा हुआ'
लिएंडर ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह जुनून और मजा है. मैं ऐसे माता-पिता के साथ बड़ा हुआ जिन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई थी, इसलिए जिंदगी में मेरा ध्यान हमेशा यह साबित करने पर रहा कि भारतीय किसी भी चीज में वर्ल्ड चैंपियन बन सकते हैं. मेरे लिए, भारत के लिए ओलंपिक मेडल जीतना सबसे ज्यादा मायने रखता था. बचपन में, मैं अपने पिता के ओलंपिक मेडल को चमकाते हुए बड़ा हुआ और अपने देश के लिए भी कुछ ऐसा ही करने का सपना देखता था.'
लिएंडर पेस ने बताया किस बात ने किया प्रेरित
'जब आप पहली बार ओलंपिक मेडल जीतते हैं, तो लोग इसे तुक्का कहते हैं. जब आप इसे दोबारा करते हैं, तो वे पूछते हैं, 'क्या आप इसे एक बार और कर सकते हैं?' इसी बात ने मुझे पूरे करियर के दौरान प्रेरित किया.' हालांकि, पेस ने माना कि वह खुशकिस्मत थे कि उन्हें दुनिया के टेनिस के कुछ सबसे बड़े नामों के साथ ग्लोबल मंच शेयर करने का मौका मिला.
कौन हैं लिएंडर पेस के बेहतरीन पार्टनर्स
उन्होंने कहा, 'मैं बहुत खुशकिस्मत रहा हूं कि मुझे दुनिया के कुछ सबसे बेहतरीन पार्टनर्स के साथ खेलने का मौका मिला, जिनमें मार्टिना नवरातिलोवा और मार्टिना हिंगिस से लेकर मेरे भारतीय पार्टनर महेश भूपति तक शामिल हैं. मैं चाहे किसी के भी साथ खेला, मकसद हमेशा एक ही रहा: यह साबित करना कि भारतीय वर्ल्ड चैंपियन बन सकते हैं.'
युवराज को दिया ग्लोबल पहचान दिलाने का श्रेय
'यह साबित करना कि भारतीय दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों का मुकाबला कर सकते हैं और उन्हें हरा सकते हैं, हमेशा से मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा रही है.' ग्रासरूट डेवलपमेंट, वेलनेस और बेहतरीन परफॉर्मेंस के लिए लिएंडर पेस के विजन से प्रेरित होकर, उनके वेंचर 'फ्लाइंग मैन वेंचर्स' ने IGPL के कोलकाता लेग के फ़्रैंचाइजी ओनर के तौर पर भागीदारी की है. इस पहल के बारे में बात करते हुए, लिएंडर ने लीग के फ़ाउंडिंग मेंबर्स में से एक, पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह को IGPL की पहुंच को भारत से बाहर बढ़ाने और इसे एक ग्लोबल पहचान दिलाने का श्रेय दिया.
'उन्होंने 'सबसे पहले, मैं इस शानदार प्लेटफ़ॉर्म को बनाने में मदद करने के लिए AM-Green IGPL और युवी पाजी का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं. मेरे लिए, खेल युवाओं को शिक्षित और सशक्त बनाने का सबसे अच्छा जरिया है. भारत में दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी है, और 25 करोड़ से ज़्यादा बच्चों को सशक्त बनाना हमेशा से मेरा जुनून रहा है. IGPL गोल्फ के दिग्गजों और युवा खिलाड़ियों को मुकाबला करने का मौका देता है और साथ ही इस खेल को समुदाय के और करीब लाता है.'
IGPL एक शानदार लीग है क्योंकि इसका नजरिया सच में ग्लोबल है. हालांकि कई टूर्नामेंट भारत में होते हैं, लेकिन हम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विस्तार कर रहे हैं. हम कल रास अल खैमाह में शुरुआत कर रहे हैं, और मुझे लगता है कि इस फ़ॉर्मेट में खेल को आगे बढ़ाने और गोल्फरों की अगली पीढ़ी को प्रेरित करने की जबरदस्त क्षमता है.'
ये भी पढ़ें- 'गोल्फ ने मुझे मुश्किल दौर से निकाला,' NDTV Golf Pro-Am के मंच से लिएंडर पेस का खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं