तीन दिनों पहले टीम इंडिया और चेन्नई के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने क्रिकेट के हर फ़ॉर्मैट को अलविदा कह दिया और इंटरनेट की दुनिया पर उन्हें लेकर तूफ़ान मच गया, मीडिया और सोशल मीडिया पर उनकी यादें, उनकी पारियां, उनकी शख्सियत और उनके किस्से ट्रेंड करने लगे.
ऐसा तब है कि जबकि 45 साल के धोनी पिछले 4-5 साल खुद अपने ही टॉप फ़ॉर्म का साया ही नज़र आए. थाला का बल्ला बेशक कम चला मगर उनका जादू सर चढ़कर बोलता रहा चेन्नई से चंडीगढ़ तक, अहमदाबाद से असम तक. वो जिस मैदान पर जाते पीली जर्सी का सैलाब पीला सागर बन जाता. इस साल 2026 में भी धोनी के नाम 30 से ज़्यादा ब्रैंड रजिस्टर्ड रहे.

सुपरस्टार विराट कोहली के नाम भी क़रीब 25 एक्टिव ब्रैंड हैं जिनके विज्ञापन उनके कद की अहमियत जताते रहते हैं. यहां तक कि वैभव सूर्यवंशी और अर्शदीप सिंह जैसे टीम इंडिया के क्रिकेटर्स के नाम भी 4-5 एक्टिव ब्रैंड हैं. क्रिकेट की बात ही जुदा है. हॉकी या दूसरे कई खेलों से इसकी कोई तुलना नहीं.
डबल ओलिंपिक मेडल के बाद भी हॉकी ब्रैंडिंग में फेल!
टोक्यो 2020 और पेरिस 2024 में लगातार दो ओलिंपिक पदक जीत चुके दुनिया के सबसे ज़्यादा स्किलफ़ुल खिलाड़ी मानेजाने वाले हार्दिक सिंह जैसे खिलाड़ी के पास भी, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोई ब्रैंड नहीं है. लेकिन NDTV स्पोर्ट्स एडिटर विमल मोहन से बात करते हुए वो इसका दुख़ नहीं जताते.

हॉकी के बेहद हुनरमंद खिलाड़ी हार्दिक सिंह कहते हैं, “हमारा काम खेलना है. हमारा फ़ोकस सिर्फ़ गेम पर होता है. ओलिंपिक पदक जीतकर हमारी टीम को शोहरत मिला है.” उन्हें उम्मीद है कि हॉकी के खिलाड़ी भी बड़ा ब्रैंड ज़रूर बन सकते हैं. वैसे ये एक कड़वी हकीक़त है कि टोक्यो और पेरिस में 41 साल के सूखे के बाद लगातार दो पदक जीतकर भी हॉकी खिलाड़ियों को स्टार जैसी पहचान नहीं मिल पाई है.
हॉकी खिलाड़ियों के पास कितने ब्रैंड?
पूर्व हॉकी गोलकीपर पी आर श्रीजेश के पास ओलिंपिक तक 10-15 ब्रैंड थे. हॉकी कप्तान हरमनप्रीत सिंह के पास अब 8 से 10 और स्ट्राइकर मनप्रीत सिंह के पास तकीरबन 5 ब्रैंड हैं. लेकिन हॉकी को लेकर बेकार रणनीति की वजह से ये भी टीवी, अख़बार और डिजिटल स्पेस पर ढंग से शायद ही दिखाई देते हैं.
मॉडर्न दौर में ओलिंपिक पदक विजेत स्टार्स गोलकीपर श्रीजेश, कप्तान हरमनप्रीत सिंह, मिडफ़ील्डर हार्दिक सिंह और विवेक सागर प्रसाद, पूर्व कप्तान मनप्रीत सिंह, स्ट्राइकर मनदीप सिंह, ललित उपाध्याय, अभिषेक, गुर्जन्त सिंह और दिलप्रीत सिंह, ड्रैग फ़्लिकर रुपिन्दर पाल सिंह, जैसे कई बड़े नाम भी अक्सर याद दिलाने पर ही आम लोगों को याद आते हैं.
खिलाड़ियों नहीं, अधिकारियों की ज़िम्मेदारी
1980 के मॉस्को ओलिंपिक के गोल्ड मेडल विजेता और पूर्व भारतीय हॉकी टीम के कोच राजिन्दर सिंह कहते हैं, “इसमें हॉकी के अधिकारियों, मीडिया, स्पॉन्सर्स सबका रोल होता है. थोड़ी कमी तो रही है. इन खिलाड़ियों को बाज़ार और टीवी पर लाने का काम तो ये लोग ही कर सकते हैं. खिलाड़ियों का काम खेलना है. वो नौकरी से लेकर टीम इंडिया की जर्सी और हॉकी के प्यार के लिए खेलते हैं.”
1980 के मॉस्को ओलिंपिक और 2021 में हुए टोक्यो ओलिंपिक के बीच हॉकी के लिए 41 साल तक पदकों का सूखा पड़ा रहा. एक्सपर्ट्स कहते रहे कि ओलिंपिक का पदक जीतने पर ही हॉकी के खिलाड़ी स्टार बन सकते हैं. लेकिन पिछले 10 साल में हॉकी की कई शानदार कामयाबों के बावजूद ऐसा हो नहीं पाया. 1980 ओलिंपिक के गोल्ड मेडल विजेता पेनल्टी कॉर्नर एक्सपर्ट राजिन्दर सिंह सीनियर ने हॉकी के स्टारडम और हॉकी के निचले स्तर पर पहुंचने का दौर भी देखा है. भारत को जूनियर वर्ल्ड कप हॉकी का चैंपियन बनवाने वाले कोच राजिन्दर सिंह हैरान हैं कि हॉकी की ओलिंपिक में लगातार दो मेडल की कामयाबी को भुनवाया नहीं जा सका है.
2001 में जूनियर वर्ल्ड कप हॉकी की जीत के बाद कोच राजिन्दर सिंह की अगुआई में 2001 से 2004 के बीच हॉकी इंडिया सीनियर टीम ने भी पहले एशिया कप का गोल्ड, पैनासोनिस कप और एफ्रो-एशियन गेम्स के गोल्ड के अलावा एशियाड का सिल्वर सेंत कई बड़े मैच जीते. इस दौरान भारत ने ऑस्ट्रेलिया, हॉलैंड, जर्मनी, बेल्जियम और पाकिस्तान, अर्जेन्टीना और दूसरी कई यूरोपीय टीमों को हराकर खूब नाम कमाया था.
2000 से 2004 के छोटे वक्त के दौरान भारतीय हॉकी ने एक अलग स्टारडम के दौर का सफ़र किया. राजिन्दर सिंह की अगुआई में धनराज पिल्लै, गगन अजीत सिंह, दीपक ठाकुर, ड्रैग फ्ल़िकर जुगराज सिंह, बलजीत ढिल्लों, बलजीत सिंह सैनी, गोलकीपकर देवेश चौहान और कप्तान दिलीप टिर्की के नाम घर-घर में जाने जाने लगे थे.
ओलिंपिक का GOLD जीते बन जाएंगे स्टार
चंडीगढ़ में चल रही तीसरी पंजाब हॉकी लीग के ब्रैंड अंबैस्डर हार्दिक सिंह फिर भी मायूस नहीं हैं. दुनिया के सबसे ज़्यादा स्किलफुल खिलाड़ी मानेजाने वाले हार्दिक सिंह कहते हैं, “देखिए नीरज चौपड़ा ने ओलिंपिक का गोल्ड जीता और वो एक बड़ा ब्रैंड हैं.” NDTV बातचीत के दौरान वो मानते हैं कि लॉस एंजेल्स 2028 के गोल्ड के ज़रिये हॉकी के स्टार भी विराट कोहली जैसे बड़ा ब्रैंड बनने की राह पर दिख सकते हैं. हार्दिक कहते हैं, “हम सबके सामने गोल्ड जीतने की चुनौती है.”
पंजाब हॉकी लीग में बन रहे हैं स्टार्स
चंडीगढ़ और जालंधर में 19 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलनेवाली तीसरी पंजाब हॉकी लीग में पिंड-NDTV पिंड जाकर तकरीबन 3000 बच्चों से स्टार बनाने की तैयारी हो रही है. Roundglass Sport – राउंडग्लास स्पोर्ट और हॉकी पंजाब की इस अंडर-21 लीग में भारतीय हॉकी की नींव मज़बूत की जा रही है.
राउंडग्लास स्पोर्ट के कोच अशफ़ाक NDTV को बताते हैं, “पंजाब में राउंडग्लास स्पोर्ट के हॉकी 57 सेंटर्स हैं. पंजाब के संसारपुर, मीठापुर, बुटाला, मुक्तसर, अटारी, तरणतारन, पठानकोट, रूपनगर जैसे ज़िलों में हमारे हॉकी के डेडीकेटेड कोच हैं. हर अकादमी में 35 से 115 बच्चों को हम फ़्री किटिंग इक्विपमेंट देते हैं. इनमें से हर खिलाड़ी स्टार नहीं बन सकता. लेकिन हम सबके एजुकेशन का ख़्याल भी रखते हैं और इन्हें बीच में छोड़ नहीं देते.”
अशफ़ाक कहते हैं, “राउंडग्लास स्पोर्ट के प्रोग्राम से तकीरबन 3000 बच्चे जुड़ चुके हैं. इनमें से चुने गए खिलाड़ी भारतीय टीम की रीढ़ बन सकते हैं. इस लीग से तैयार होकर वरिन्दर सिंह जैसे खिलाड़ी अंडर-18 एशिया कप गोल्ड मेडल जीत चुके हैं. इस लीग के वरिन्दर और अर्शदीप सिंह अंडर-18 में भारतीय टीम के लिए मेडल जीत चुके हैं. अर्शदीप, प्रिंस और गुरजोत जूनियर वर्ल्ड कप खेल चुके हैं.”
राउंडग्लास, हॉकी पंजाब और पंजाब हॉकी लीग खिलाड़ियों को टॉप पर पहुंचाने का रास्ता तो बनाते नज़र आते हैं. लेकिन इन स्टार खिलाड़ियों को टॉप ब्रैंड बनाने का जवाब शायद ही इन्हें मालूम हो. टॉप ब्रैंड बनाने की ज़िम्मेदारी जिन अधिकारियों के पास है वो अबतक क्रिकेट, बीसीसीआई-BCCI और आईपीएल-IPL से शायद ही कोई सबक ले पाए हैं.
यह भी पढ़ें- भारत की 10वें खिताब नजर, सैफ फुटबॉल चैंपियनशिप में पाकिस्तान से खिताबी टक्कर कल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं