विज्ञापन

65 देशों में छापा, 688 अरेस्ट, 2394 चोरी की गाड़ियां जब्त... इंटरपोल का कार चोरों पर सबसे बड़ा एक्शन

इंटरपोल का दुनिया भर में सबसे बड़ा एक्शन हुआ है. ऑपरेशन कारबैक-2 में 65 देशों में छापा मारकर 688 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से चोरी की 2,394 गाड़ियां जब्त की गई हैं.

65 देशों में छापा, 688 अरेस्ट, 2394 चोरी की गाड़ियां जब्त... इंटरपोल का कार चोरों पर सबसे बड़ा एक्शन
इंटरपोल ने दुनियाभर में बड़ी कार्रवाई की है.
Interpol
नई दिल्ली:

इंटरपोल ने दुनिया भर में चोरी की गाड़ियों की तस्करी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. इंटरपोल के नेतृत्व में चलाए गए इस अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन में 65 देशों की पुलिस और जांच एजेंसियां शामिल हुईं.

ऑपरेशन के दौरान कुल 688 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि चोरी की 2,394 गाड़ियां जब्त की गईं. इसके अलावा गाड़ियों के 1,891 पुर्जे भी बरामद किए गए. कार्रवाई के दौरान ड्रग्स, नकदी और हथियार भी जब्त किए गए हैं. इस ऑपरेशन में 30 संगठित आपराधिक गिरोहों का नेटवर्क तोड़ा गया है, जबकि कई अन्य गिरोहों की जांच अभी जारी है.

इंटरपोल ने इस ऑपरेशन को 'ऑपरेशन कारबैक-2' नाम दिया था. यह कार्रवाई 28 सितंबर से 9 अक्टूबर 2026 के बीच की गई. इसमें यूरोपीय सीमा सुरक्षा एजेंसी फ्रोंटेक्स ने भी सहयोग किया. 

ऑपरेशन का मकसद चोरी की गाड़ियों की तस्करी रोकना, अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क को खत्म करना और यह पता लगाना था कि चोरी की गाड़ियों का इस्तेमाल दूसरे गंभीर अपराधों में किस तरह किया जा रहा है.

ऐसे की गई जांच

ऑपरेशन के दौरान अलग-अलग देशों में गाड़ियों, यात्रियों और मालवाहक वाहनों की सघन जांच की गई. इंटरपोल के डेटाबेस में 15 लाख से ज्यादा सर्च किए गए, जिनमें 1,180 मामलों में संदिग्ध रिकॉर्ड मिले. इनमें 4 लाख 80 हजार से ज्यादा गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन की जांच इंटरपोल के चोरी हुए वाहनों के डेटाबेस से की गई.

जांच में सामने आया कि चोरी की गाड़ियां सिर्फ बेचने के लिए नहीं चुराई जातीं, बल्कि इनका इस्तेमाल ड्रग्स, हथियार और दूसरे गैरकानूनी सामान की तस्करी में भी किया जाता है. कई आपराधिक गिरोह चोरी की गाड़ियों को दूसरे गिरोहों के बीच भुगतान के तौर पर इस्तेमाल करते हैं. 

इंटरपोल के मुताबिक, चोरी की गाड़ियों का यह कारोबार संगठित अपराध के लिए कमाई का बड़ा जरिया बन चुका है.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: Interpol

दुनियाभर में फैला था नेटवर्क

ग्रीस में कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फ्रांस के रजिस्ट्रेशन नंबर वाली तीन गाड़ियों को संदिग्ध हालत में पकड़ा. जांच में उनके दस्तावेज फर्जी पाए गए. 

फ्रांस की पुलिस से संपर्क करने पर पता चला कि ये गाड़ियां किराये पर ली गई थीं और आरोपी उन्हें यूरोपीय यूनियन से बाहर ले जाने की कोशिश कर रहे थे, ताकि रेंटल कंपनियों को उनके गायब होने की जानकारी मिलने से पहले ही उन्हें ठिकाने लगाया जा सके.

जर्मनी में भी एक गाड़ी को रोका गया, जिस पर चोरी की नंबर प्लेट लगी हुई थी. गाड़ी की तलाशी के दौरान एक रबर की नाव और चोरी की गई नाव की मोटर बरामद हुई. आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में पता चला कि उसका संबंध अवैध तरीके से लोगों को दूसरे देशों में भेजने वाले नेटवर्क से था. 

वहीं, अर्जेंटीना में करीब 360 गाड़ियों के पुर्जे जब्त किए गए, जिनमें गियरबॉक्स, ब्रेक डिस्क और इंजन ब्लॉक शामिल थे.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: Interpol

निकारागुआ में पुलिस ने ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया, जो किराये पर मोटरसाइकिल लेकर उनके फर्जी बिक्री दस्तावेज तैयार करता था. इन दस्तावेजों पर मालिकों के जाली हस्ताक्षर किए जाते थे. इसके बाद मोटरसाइकिलों को गिरवी रख दिया जाता था या दोबारा बेच दिया जाता था. 

वेनेजुएला में भी दर्जनों ऐसी गाड़ियां जब्त की गईं, जिनका संबंध ड्रग्स तस्करी, लूट और हत्या जैसे गंभीर मामलों से था.

इस ऑपरेशन में अलग-अलग देशों की पुलिस ने रियल टाइम इंटेलिजेंस और GPS तकनीक का भी इस्तेमाल किया. मॉरिटानिया में फ्रांस से चोरी हुई टोयोटा कार बरामद की गई. पुर्तगाल से चोरी हुई दो गाड़ियां सेनेगल और नाइजीरिया की एजेंसियों ने बरामद कीं. 

बोलीविया में अर्जेंटीना से चोरी हुई कार को GPS के जरिए ट्रैक कर पकड़ा गया. वहीं, कनाडा से चोरी की गई दो महंगी गाड़ियों को मोरक्को के टैंजियर बंदरगाह से गुजरते समय जब्त किया गया.

यूरोप में भी अलग से चला ऑपरेशन

इंटरपोल के इस ऑपरेशन के साथ फ्रोंटेक्स ने यूरोप में अलग से 'ज्वाइंट एक्शन डेज मोबाइल-9' अभियान भी चलाया. इस कार्रवाई में 710 अतिरिक्त गाड़ियां जब्त की गईं और 334 लोगों को गिरफ्तार किया गया.

इंटरपोल के मुताबिक, दुनिया के 196 सदस्य देशों के बीच आपराधिक सूचनाओं के आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग के जरिए इस तरह के नेटवर्क पर कार्रवाई की जा रही है. 

इस ऑपरेशन से साफ है कि चोरी की गाड़ियों का कारोबार अब सिर्फ वाहन चोरी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका इस्तेमाल ड्रग्स तस्करी, हथियारों की सप्लाई, मानव तस्करी और दूसरे संगठित अपराधों में भी किया जा रहा है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Interpol, Car Theft Case, Car Theft Gang, Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com