विज्ञापन

भारत की 10वें खिताब नजर, सैफ फुटबॉल चैंपियनशिप में पाकिस्तान से खिताबी टक्कर कल

सीनियर स्तर पर अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 30 मुकाबले खेले गए हैं. इनमें भारत ने 17 में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को चार मुकाबलों में सफलता मिली है. दोनों टीमों के बीच नौ मैच ड्रॉ रहे हैं. सीनियर सैफ चैंपियनशिप के इतिहास में दोनों देशों के बीच पहला फाइनल होगा.

भारत की 10वें खिताब नजर, सैफ फुटबॉल चैंपियनशिप में पाकिस्तान से खिताबी टक्कर कल
भारतीय फुटबॉल टीम
source: X

गत चैंपियन भारतीय फुटबॉल टीम को सैफ (दक्षिण एशियाई फुटबॉल महासंघ) चैंपियनशिप में अपने 10वें और लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने के लिए मंगलवार को खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान की चुनौती से पार पाना होगा. पाकिस्तान की टीम ग्रुप चरण के शुरुआती मुकाबले में भारत की हार के बाद से शानदार लय में है और पहली बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है. ग्रुप चरण के कड़े मुकाबलें में भारत ने पाकिस्तान पर 3-2 से जीत दर्ज की थी. ‘ब्लू टाइगर्स' (भारतीय फुटबॉल टीम) के नाम इस प्रतियोगिता में सर्वाधिक नौ खिताब जीतने का रिकॉर्ड है. भारत ने 1993, 1997, 1999, 2005, 2009, 2011, 2015, 2021 और 2023 में खिताबी सफलता हासिल की है. इस बार दूसरे दर्जे की टीम उतारने के बावजूद भारतीय टीम को एक बार फिर ट्रॉफी का प्रबल दावेदार माना जा रहा है.

पाकिस्तान इससे पहले चार बार सेमीफाइनल तक पहुंचा है। उसने शनिवार को मेजबान बांग्लादेश को 1-0 से हराकर पहली बार खिताबी मुकाबले में जगह बना कर इतिहास रच दिया. भारत अब तक केवल एक बार (2003) फाइनल तक पहुंचने में नाकाम रहा था. इस टूर्नामेंट के लिए मुख्य कोच नौशाद मूसा ने फाइनल में जगह बनाने का श्रेय खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के सामूहिक प्रयास को दिया.

मूसा ने कहा, ‘इस सफर में हमें अलग-अलग तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन खिलाड़ियों ने शानदार जज्बा, जुझारूपन और मुकाबला करने की प्रबल इच्छाशक्ति दिखाई.' भारत के मैच के बाद विदेशों में खेलने वाले कई खिलाड़ियों के टीम से जुड़ने के बाद पाकिस्तान की टीम मजबूत हुई है. ऐसे में भारत के लिए खिताबी मुकाबला ग्रुप चरण के मैच से कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकता है.

मूसा ने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि फाइनल मुकाबला बिल्कुल अलग होगा. ग्रुप चरण में जिस पाकिस्तान का हमने सामना किया था, उसकी तुलना में अब उसकी टीम काफी बदली हुई नजर आ रही है. उसके साथ कुछ नए खिलाड़ी भी जुड़े हैं. पाकिस्तान ने निश्चित तौर पर हमारे पिछले मुकाबले का विश्लेषण किया होगा। ऐसे में हम उम्मीद कर रहे हैं कि वह पूरी तैयारी और मजबूत इरादों के साथ मैदान पर उतरेगा.'

((स्रोत: भाषा))

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sports News, Football
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com