विज्ञापन

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की रस्में आज से शुरू, 25 एकड़ में बन रहा हेलीपैड; 200 घोड़ों की रेस खास

25 एकड़ का हेलीपैड, 3 करोड़ की लग्जरी कार, 200 घोड़ों की रेस और वीवीआईपी मेहमानों की लंबी सूची. मोकामा में अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों बिहार की सबसे चर्चित शादियों में शामिल हो गई है.

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की रस्में आज से शुरू, 25 एकड़ में बन रहा हेलीपैड; 200 घोड़ों की रेस खास
अनंत सिंह की बेटी की शादी में बनेगा 25 एकड़ का हेलीपैड, उतरेंगे कई VVIP मेहमान
NDTV
  • अनंत सिंह के घर शादी का जश्न, बन रहा विशाल हेलीपैड
  • VVIP मेहमानों के स्वागत को तैयार मोकामा
  • शादी में घुड़दौड़ प्रतियोगिता का भी होगा आयोजन
मोकामा / पटना:

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की रस्में आज से शुरू हो रही हैं. 20 नवंबर को तिलक समारोह के साथ विवाह कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा, जबकि 25 नवंबर को मोकामा के लदमा गांव में भव्य विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा. शादी को लेकर गांव में अभूतपूर्व तैयारियां की जा रही हैं. वीवीआईपी मेहमानों के स्वागत के लिए 25 एकड़ में विशाल हेलीपैड बनाया जा रहा है और साथ ही घुड़दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा. पूरे इलाके में इस शाही शादी की चर्चा जोरों पर है.

तिलक समारोह आज, दामाद को देंगे महंगी लग्जरी कार

शिवांगी सिंह और ऋषिकेश कुमार की शादी के कार्यक्रम की शुरुआत आज शुभ फलदान और तिलक समारोह से होगी. कार्यक्रम के अनुसार अनंत सिंह दोपहर करीब 2 बजे अपने पैतृक गांव लदमा से पटना के लिए रवाना होंगे. शाम करीब 4 बजे दानापुर के सगुना मोड़ स्थित ऑरिगेनो रिसॉर्ट में तिलक समारोह आयोजित किया जाएगा. इस दौरान अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को करीब 3 करोड़ रुपये कीमत की लैंड रोवर डिफेंडर कार भेंट करेंगे. वहीं विवाह समारोह की अन्य रस्मों में 23 नवंबर को हल्दी और कलश कार्यक्रम, 24 नवंबर को मेहंदी और संगीत समारोह आयोजित होंगे. 25 नवंबर को शिवांगी सिंह और ऋषिकेश कुमार के विवाह के साथ ही अनंत सिंह के छोटे बेटे अभिनव कुमार का जनेऊ संस्कार भी संपन्न कराया जाएगा.

वीवीआईपी मेहमानों के लिए बन रहा 25 एकड़ का हेलीपैड, चर्चित मेहमानों के पहुंचने की संभावना

लदमा गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग के पास करीब 25 एकड़ क्षेत्र में बड़ा हेलीपैड तैयार किया जा रहा है. जेसीबी और रोलर मशीनों की मदद से जमीन को समतल किया जा रहा है ताकि कई हेलीकॉप्टर एक साथ उतर सकें. तैयारियों से जुड़े लोगों के अनुसार इस हेलीपैड पर कई प्रमुख राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों के हेलीकॉप्टर उतरेंगे.

आयोजन में उत्तर प्रदेश के विधायक राजा भैया, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन के आने की चर्चा है. इसके अलावा अभिनेता सोनू सूद के भी समारोह में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है.

अनंत सिंह और सोनू सूद के बीच करीबी संबंध बताए जाते हैं. व्यवसायी विवेक राय के भी हेलीकॉप्टर से पहुंचने की तैयारी की जा रही है.

घुड़दौड़ प्रतियोगिता होगी सबसे बड़ा आकर्षण

शादी समारोह के दिन 25 नवंबर को भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित होगी. इसकी तैयारियों का जायजा लेने के लिए अनंत सिंह स्वयं रेसिंग ट्रैक पर पहुंचे और घोड़ों के अभ्यास को देखा. उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में देश और विदेश से घोड़े शामिल होंगे. बृजभूषण शरण सिंह का घोड़ा भी इस रेस का हिस्सा बनने वाला है.

घुड़सवार राजेश के अनुसार फिलहाल लगभग 20 घोड़े प्रतिदिन ट्रैक पर अभ्यास कर रहे हैं. फाइनल रेस के दिन देशभर से करीब 200 घोड़े शामिल होने की संभावना है.

विजेता प्रतिभागी को पुरस्कार स्वरूप एक कार दी जाएगी. घोड़ों की कीमत 10 लाख रुपये से लेकर 1 करोड़ रुपये तक बताई जा रही है. इस प्रतियोगिता में सिंधी, मारवाड़ी और कच्छ नस्ल के घोड़े शामिल होंगे. ये घोड़े बिहार के विभिन्न जिलों, झारखंड, बनारस, प्रयागराज और नेपाल सहित कई क्षेत्रों से लाए गए हैं. इनके लिए कई एकड़ में विशेष रेसिंग ट्रैक तैयार किया गया है, जहां एक समय में लगभग एक दर्जन घोड़े दौड़ सकते हैं.

घोड़ों के लिए विशेष अस्तबल और देखभाल

अनंत सिंह ने घोड़ों के रहने, खाने और आराम की विशेष व्यवस्था अपने गांव में ही कराई है. घोड़ों के लिए अलग अस्तबल बनाए गए हैं, जहां उन्हें अभ्यास के बाद आराम कराया जाता है. घोड़ों को चना और चोकर खिलाया जा रहा है. उनकी नियमित मालिश और देखभाल का भी विशेष इंतजाम किया गया है ताकि प्रतियोगिता के दौरान वे पूरी तरह फिट रहें.

जनता को भी दिया खुला निमंत्रण

अनंत सिंह ने कहा कि यह आयोजन सिर्फ खास मेहमानों के लिए नहीं है. उन्होंने गांव और आसपास के लोगों को भी शादी में आने का निमंत्रण दिया है. उन्होंने कहा, 'जिन लोगों को कार्ड नहीं मिला है, वे भी आएं. यह कोई सिनेमा नहीं है कि टिकट वालों को ही एंट्री मिले. जनता ही हमारे लिए भगवान है.'

यह भी पढ़ें : रेस के लिए नेपाल तक से आएंगे घोड़े, कीमत 1 करोड़ तक... बेटी की शादी से पहले अनंत सिंह का 'रॉयल शो'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Anant Singh, Anant Singh Daughter Wedding, Shivangi Singh Wedding, Mokama, Bihar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com