विज्ञापन

'मैं इतना सुंदर नहीं हूं...', शादी के सवाल पर नवदीप सिंह ने दिया जवाब, गर्लफ्रेंड को लेकर भी किया खुलासा

पैरा गेम्स 2026 में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर लौटे पैरा-एथलीट नवदीप सिंह से जब शादी और उनकी जिंदगी में किसी लड़की की एंट्री को लेकर सवाल किया गया, तो उनका जवाब काफी दिलचस्प था.

'मैं इतना सुंदर नहीं हूं...', शादी के सवाल पर नवदीप सिंह ने दिया जवाब, गर्लफ्रेंड को लेकर भी किया खुलासा
Javelin Thrower Navdeep Singh
NDTV

एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीतकर लौटे पैरा-एथलीट नवदीप सिंह इन दिनों अपने एक इंटरव्यू को लेकर चर्चा में हैं. खेल के मैदान पर अपने शानदार प्रदर्शन से पहचान बनाने वाले नवदीप से जब शादी और उनकी जिंदगी में किसी लड़की की एंट्री को लेकर सवाल किया गया, तो उनका जवाब काफी दिलचस्प था. 

25 साल के नवदीप ने शादी के सवाल पर दिए जवाब में अपनी प्राथमिकता भी साफ कर दी. इंटरव्यू के दौरान जब नवदीप सिंह से उनकी उम्र पूछी गई, तो उन्होंने बताया कि वह 25 साल के हो चुके हैं. इसके बाद जब उनसे पूछा गया कि शादी के लिए उन्हें कैसी लड़की चाहिए, तो नवदीप मुस्कुराते हुए बोले, 'मैं कोई इतना सुंदर नहीं हूं जो आप मेरा ऑनलाइन रिश्ता कराओगे.'

उन्होंने आगे कहा कि उनके जीवन में सब कुछ ठीक चल रहा है और फिलहाल उन्हें अपने गेम पर ध्यान देने दिया जाए. जब उनसे पूछा गया कि क्या अभी उनकी जिंदगी में कोई लड़की  है, तो उन्होंने साफ मना कर दिया. नवदीप ने बताया कि वह खेल में अच्छा कर रहे हैं और अभी शादी के मूड में नहीं हैं.

'कर्म ही धर्म है' में दिखाई स्पोर्ट्समैन की जर्नी

इस बातचीत के दौरान नवदीप ने अपने एक शो का भी जिक्र किया, जिसका नाम 'कर्म ही धर्म है' है. उन्होंने बताया कि इस शो में एक स्पोर्ट्समैन की जर्नी को दिखाया गया है. एक खिलाड़ी किस तरह मेहनत करता है, चुनौतियों से गुजरता है और अपने लक्ष्य तक पहुंचने की कोशिश करता है, यह इस शो का हिस्सा है.

एशियन पैरा गेम्स में कांस्य जीतकर लौटे नवदीप

दरअसल, नवदीप सिंह हाल ही में एशियन पैरा गेम्स 2026 में मेडल जीतकर जापान से भारत लौटे हैं. पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा की एफ40/एफ41 श्रेणी में उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया. भारत पहुंचने पर नवदीप सिंह के साथ अजीत यादव और दिलीप गावित का भी जोरदार स्वागत किया गया. भारत लौटने के बाद नवदीप ने अपने अनुभव शेयर करते हुए कहा कि पदक जीतकर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है. साल के अंत में अब वह आराम करने की तैयारी कर रहे हैं और दीपावली अपने परिवार के साथ मनाएंगे.

नवदीप ने जापान में खेलों के आयोजन और प्रबंधन को भारत से अलग बताया. उन्होंने कहा कि वहां खिलाड़ियों के ठहरने और ट्रेनिंग की व्यवस्था अलग-अलग थी. ट्रेनिंग के लिए रोजाना करीब 40 मिनट दूर जाना पड़ता था. होटल में जिम की सुविधा भी नहीं थी. नवदीप के मुताबिक, इस तरह की व्यवस्था को समझने और उसके अनुसार खुद को ढालने में थोड़ा समय लगा. हालांकि, इन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने प्रदर्शन से भारत के लिए कांस्य पदक जीता.

फिलहाल नवदीप की बातों से साफ है कि उनकी प्राथमिकता खेल और उसमें बेहतर प्रदर्शन करना है. शादी के सवाल पर उनका मजेदार जवाब भी यही बताता है कि अभी वह अपनी जिंदगी के इस मोड़ पर किसी रिश्ते के बजाय अपने खेल को ज्यादा अहमियत दे रहे हैं.

यह भी पढ़ें- कोटा जीतकर भी टीम से हो सकते हैं बाहर! ओलंपिक से पहले नए नियम ने बढ़ाई शूटर्स की टेंशन

यह भी पढ़ें-  हरमनप्रीत के हैट्रिक शो से मलेशिया ढेर, अब फाइनल के लिए दक्षिण कोरिया से भिड़ेगा भारत

यह भी पढ़ें- कोच की एक सीख ने बदल दी जिंदगी, वर्ल्ड चैंपियन मनीषा ने बताया सफलता का राज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com