विज्ञापन

8th Pay Commission: फिटमेंट फैक्टर से पहले बेसिक पे में 50% DA मर्ज करने की मांग, कितनी बढ़ेगी सरकारी कर्मचारियों की सैलरी?

8वें वेतन आयोग से BPMS ने मौजूदा DA का 50% बेसिक सैलरी और पेंशन में मर्ज करने की मांग की है. इससे फिटमेंट फैक्टर लागू होने से पहले कर्मचारियों की बेसिक पे करीब 31.5% बढ़ सकती है.

8th Pay Commission: फिटमेंट फैक्टर से पहले बेसिक पे में 50% DA मर्ज करने की मांग, कितनी बढ़ेगी सरकारी कर्मचारियों की सैलरी?
8th Pay Commission Latest News: बेसिक सैलरी में जुड़ेगा 50% महंगाई भत्ता? समझें कैसे आपकी जेब पर पड़ेगा इसका सीधा असर
NDTV इंडिया

8th Pay Commission Salary Hike: 8वें वेतन आयोग के तहत केंद्रीय कर्मचारियों की नई सैलरी तय होने से पहले बेसिक पे बढ़ाने की मांग उठ रही है. कर्मचारी संगठन भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (BPMS) ने आयोग से मौजूदा महंगाई भत्ते (Dearness Allowance-DA) का 50% हिस्सा बेसिक सैलरी और पेंशन में मर्ज करने को कहा है. संगठन चाहता है कि फिटमेंट फैक्टर तय करने से पहले यह मर्जर किया जाए, ताकि नई सैलरी तय करने के लिए कर्मचारियों को ज्यादा बेसिक पे मिले.

BPMS ने 18 नवंबर 2026 को अपनी मांग आयोग के सामने रखी. यह आयोग के साथ संगठन की दूसरी दौर की बातचीत के दौरान दिया गया प्रस्ताव है. BPMS रक्षा मंत्रालय से मान्यता प्राप्त रक्षा कर्मचारियों का अखिल भारतीय संगठन है.

50% DA मर्ज होने से कितनी बढ़ेगी बेसिक सैलरी?

अगर 8वां वेतन आयोग में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो कर्मचारियों की बेसिक सैलरी फिटमेंट फैक्टर लागू होने से पहले ही करीब 31.5% बढ़ सकती है. इसका फायदा यह होगा कि बाद में फिटमेंट फैक्टर ज्यादा बेसिक पे पर लागू होगा और नई सैलरी में बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है.

उदाहरण के लिए, पे लेवल-6 में किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी ₹44,900 है. 1 जुलाई 2026 से लागू 63% DA के हिसाब से उसे हर महीने ₹28,287 महंगाई भत्ता मिलता है. इसमें से 50% DA यानी करीब ₹14,144 बेसिक पे में मर्ज करने पर बेसिक सैलरी ₹59,044 हो जाएगी. यह मौजूदा बेसिक पे से करीब 31.5% ज्यादा है.

बता दें कि ये BPMS के प्रस्ताव को समझाने के लिए दिया गया सिर्फ एक उदाहरण है. अभी इस बढ़ोतरी पर सरकार की मंजूरी नहीं  मिली है.

DA को बेसिक में मर्ज करने की क्यों हो रही मांग?

महंगाई के असर से कर्मचारियों की सैलरी को बचाने के लिए DA में समय-समय पर बढ़ोतरी की जाती है. यह बेसिक सैलरी के प्रतिशत के हिसाब से तय होता है और साल में दो बार रिवाइज किया जाता है.कर्मचारी संगठनों का मानना है कि DA बढ़ने के साथ इसका एक हिस्सा बेसिक पे में मर्ज करने से सैलरी का आधार बढ़ेगा. इससे बेसिक पे से जुड़े कई भत्तों और रिटायरमेंट बेनिफिट्स पर भी असर पड़ सकता है. 

BPMS चाहता है कि यह मर्जर फिटमेंट फैक्टर तय होने से पहले हो, न कि बाद में फिटमेंट फैक्टर में इसे शामिल माना जाए.

7वें वेतन आयोग में क्या हुआ था?

7वें वेतन आयोग में 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लागू किया गया था. इसमें 1 जनवरी 2016 तक 125% DA के आधार पर बेसिक पे और DA को मर्ज करने से जुड़े हिस्से को शामिल माना गया था. हालांकि, तब वेतन संशोधन से ठीक पहले 50% DA को अलग से बेसिक पे में मर्ज नहीं किया गया था.

क्या सरकार कर्मचारियों की DA मर्जर वाली डिमांड मानेगी?

फिलहाल इस मांग पर सरकार की मंजूरी नहीं मिसी है. वित्त मंत्रालय ने 1 दिसंबर 2025 को लोकसभा में लिखित जवाब में कहा था कि मौजूदा DA को बेसिक पे में मर्ज करने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है. सरकार DA और महंगाई राहत (DR) में हर छह महीने में बदलाव करती है. इसके लिए AICPI-IW का इस्तेमाल किया जाता है.

बता दें 8वें केंद्रीय वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को किया गया था. आयोग को अपनी सिफारिशें देने के लिए 18 महीने का समय मिला है. इसमें केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की सैलरी, भत्ते और रिटायरमेंट बेनिफिट्स पर सुझाव दिए जाएंगे. जब तक आयोग की सिफारिशें नहीं आतीं और सरकार उन्हें मंजूरी नहीं देती, तब तक 50% DA मर्ज करने की मांग सिर्फ प्रस्ताव ही है.

यह भी पढ़ें | डिजिटल फ्रॉड रोकने के लिए RBI ला रहा है ‘Stop Switch', एक क्लिक में बंद हो जाएंगे सभी पेमेंट, जानें इसके फायदे

यह भी पढ़ें | FSSAI के एक्शन के बीच जानें कौन हैं Bisleri के मालिक, ₹3,200 करोड़ के बिजनेस साम्राज्य की पूरी कहानी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
8th Pay Commission, 8th Pay Commission Salary Hike, 8th Pay Commission Fitment Factor, 8th Pay Commission Da Merger, Central Government Employees
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com