- राजस्थान के 37 जिला परिषदों के जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने 24 सीटों पर जीत हासिल की
- राजस्थान जिला परिषद में बीजेपी ने 10 जिलों में सफलता पाई
- कई जिलों में क्रॉस वोटिंग और पार्टी सदस्यों के भीतरघात की चर्चाएं रही
राजस्थान में 37 जिला परिषदों के जिला प्रमुख चुनाव के नतीजों ने प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण सामने ला दिए हैं. पंचायत चुनाव में जिला परिषद सदस्यों के नतीजों के बाद जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए हुए मुकाबले में कांग्रेस ने अपनी बढ़त बरकरार रखी. कांग्रेस ने 24 जिलों में जिला प्रमुख बनाने में सफलता हासिल की, जबकि बीजेपी 10 जिलों में जीत दर्ज कर सकी. बांसवाड़ा और डूंगरपुर में भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने जिला प्रमुख का पद हासिल किया, जबकि नागौर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) का जिला प्रमुख चुना गया. जिला प्रमुख चुनाव में कई जिलों में सदस्यों की संख्या और अंतिम मतदान के नतीजों में अंतर देखने को मिला.
उदयपुर, धौलपुर, ब्यावर, चूरू, सीकर, जोधपुर, अजमेर, डीग और जयपुर में क्रॉस वोटिंग या भीतरघात को लेकर चर्चाएं रहीं. कुछ जगहों पर बहुमत के बावजूद पार्टी के उम्मीदवार को अपेक्षा से कम वोट मिले, तो कहीं कम संख्या होने के बाद भी प्रत्याशी जीतने में कामयाब रहे. हालांकि मतदान गुप्त होने के कारण क्रॉस वोटिंग करने वाले सदस्यों की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकती.
चूरू में सबसे बड़ा उलटफेर
सबसे बड़ा उलटफेर चूरू में हुआ. यहां कांग्रेस के 21, बीजेपी के 17 और माकपा का एक सदस्य था. कांग्रेस के बहुमत के बावजूद बीजेपी की कनिका सिंह राठौड़ ने 22 वोट हासिल कर जिला प्रमुख का चुनाव जीत लिया. कांग्रेस के प्रत्याशी प्रकाश देवी बुडानिया को 17 वोट मिले. चर्चा है कि कांग्रेस के चार सदस्यों ने क्रॉस वोटिंग की. पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की पुत्रवधू कनिका सिंह की जीत चुनाव का बड़ा उलटफेर रही.
भरतपुर में कांग्रेस की बड़ी जीत, रानू वाला बनीं जिला प्रमुख
जिला परिषद भरतपुर के जिला प्रमुख पद के चुनाव में कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज की है. कांग्रेस उम्मीदवार वार्ड नंबर 18 की रानू वाला जिला प्रमुख बन गई हैं. उन्हें 17 मत मिले. वहीं भाजपा उम्मीदवार वार्ड नंबर 13 की पूजा कुमारी जाटव को मात्र 14 मत मिला. परिणाम घोषित होते ही जिला परिषद सभागार के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई. कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया.
उदयपुर में कैसे रहे चुनावी नतीजे?
उदयपुर में 47 सदस्यीय जिला परिषद में बीजेपी के 24, कांग्रेस के 22 और बीएपी का एक सदस्य था. बीजेपी के हिम्मत सिंह झाला को 27 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के लाल सिंह झाला को 20 वोट मिले. बीजेपी को अपने सदस्यों से तीन अधिक वोट मिले और कांग्रेस को दो कम. इस नतीजे के बाद कांग्रेस खेमे में क्रॉस वोटिंग की चर्चा तेज हुई.
धौलपुर में कांग्रेस का दबदबा
धौलपुर में कांग्रेस के 21, बीजेपी के 5 और बीएसपी के 3 सदस्य थे. कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी अनीशा सिंह को 15 वोट मिले जबकि निर्दलीय सोमवती को 14 वोट मिले. कांग्रेस के पास बहुमत होने के बावजूद प्रत्याशी को केवल 15 वोट मिलना पार्टी के भीतर टूट का संकेत माना गया. इसके बावजूद अनीशा सिंह एक वोट से चुनाव जीत गईं.
ब्यावर में कैसे रहे नतीजे?
ब्यावर में जिला परिषद में बीजेपी के 14 और कांग्रेस के 13 सदस्य थे. इसके बावजूद कांग्रेस की ममता गुर्जर ने बीजेपी की निर्मला रावत को 14-13 से हरा दिया. बीजेपी के पास एक सदस्य की बढ़त थी लेकिन अंतिम नतीजे में कांग्रेस प्रत्याशी को एक वोट अधिक मिला. इसे बीजेपी खेमे में क्रॉस वोटिंग का मामला माना जा रहा है.
सीकर के चुनावी नतीजे?
सीकर में जिला परिषद में कांग्रेस के 36 और बीजेपी के 11 सदस्य थे. कांग्रेस की सुनीता गाठला ने 33 वोट हासिल कर बीजेपी की सुनीता रांवा को 16 वोट से हराया. कांग्रेस के तीन सदस्यों की क्रॉस वोटिंग की बात सामने आ रही है. हालांकि इसके बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी जिला प्रमुख का चुनाव जीतने में सफल रहीं.
जोधपुर में कांग्रेस ने जीतीं 32 सीटें
जोधपुर में कांग्रेस के 32, बीजेपी के 8 और आरएलपी के 3 सदस्य थे. कांग्रेस की प्रमिला चौधरी ने 36 वोट हासिल कर जिला प्रमुख का चुनाव जीता. बीजेपी के लक्ष्मणराम चौधरी को 7 वोट मिले. कांग्रेस प्रत्याशी को अपने दल के सदस्यों की संख्या से चार अधिक वोट मिले. अतिरिक्त वोटों को लेकर क्रॉस वोटिंग और दूसरे दलों के समर्थन की चर्चा रही.
अजमेर में कैसा रहा रिजल्ट?
अजमेर में 33 सदस्यीय जिला परिषद में बीजेपी के 19, कांग्रेस के 12 और आरएलपी के 2 सदस्य थे. बीजेपी की पूजा भंसाली ने 21 वोट हासिल कर जिला प्रमुख का चुनाव जीता. कांग्रेस की दशरथ कंवर को 11 वोट मिले और एक वोट नोटा में गया. बीजेपी प्रत्याशी को पार्टी के सदस्यों से दो अधिक वोट मिलने के कारण क्रॉस वोटिंग की चर्चा हुई.
डीग जिले में क्या रहे नतीजे?
डीग में कांग्रेस के 14, बीजेपी के 10, निर्दलीय के 4 और बीएसपी का एक सदस्य था. बीजेपी की रेणु सिंह ने 22 वोट हासिल कर कांग्रेस की मुबीना को 7 वोट से हराया. बीजेपी के पास केवल 10 सदस्य थे लेकिन प्रत्याशी को 22 वोट मिले. इस नतीजे ने क्रॉस वोटिंग और विरोधी खेमे में टूट की चर्चाओं को तेज किया.
जयपुर के चुनावी नतीजे
जयपुर में 57 सदस्यीय जिला परिषद में कांग्रेस के 42, बीजेपी के 13 और आरएलपी के 2 सदस्य थे. कांग्रेस के यशवीर सूरा ने 42 वोट हासिल कर जिला प्रमुख का चुनाव जीता. बीजेपी के राजेश गुर्जर को 14 वोट मिले. चुनाव के दौरान हंगामा और राजनीतिक खींचतान देखने को मिली.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने क्रॉस वोटिंग के मामले में जांच करवा कर एक्शन करने की बात कहीं है. भारतीय जानता पार्टी भी क्रॉस वोटिंग की आशंका वाले जिले में पड़ताल करवाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं