विज्ञापन
This Article is From Sep 07, 2016

मेरी राय लिए बिना ही स्‍पेन के खिलाफ डेविस कप मैच शाम को रख दिए गए : आनंद अमृतराज

मेरी राय लिए बिना ही स्‍पेन के खिलाफ डेविस कप मैच शाम को रख दिए गए : आनंद अमृतराज
प्रतीकात्‍मक फोटो
  • गैर खिलाड़ी कप्‍तान बोले, शाम को खेलना स्‍पेन को रास आएगा
  • दिन की गर्मी और उमस में होने चाहिए थे स्‍पेन के खिलाफ मैच
  • अधिक दर्शकों को खींचने के लिए डीएलटीए ने की पहल
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली.: स्पेन के खिलाफ डेविस कप मुकाबले शाम को शुरू होने से भारतीय टीम हैरान है और कप्तान आनंद अमृतराज ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण फैसला करार दिया क्योंकि इससे भारत को अपनी सरजमीं पर खेलने का फायदा नहीं मिल सकेगा. एकल मैच शाम पांच बजे शुरू होंगे और युगल मुकाबले सात बजे से खेले जाएंगे. डीएलटीए ने अधिक दर्शकों को स्टेडियम में खींचने के लिये यह पहल की है.

गैर खिलाड़ी कप्तान अमृतराज ने कहा कि उनसे या उनके खिलाड़ियों से इस बारे में राय नहीं ली गई. उन्होंने कहा कि पांच बार के चैंपियन स्पेन के खिलाफ मुकाबले दिन की गर्मी और उमस में होने चाहिए थे. आनंद अमृतराज ने अमेरिका से कहा,‘मुझसे मैचों के टाइमिंग के बारे में पूछा नहीं गया और मुझे यकीन है कि खिलाड़ियों से भी नहीं पूछा गया होगा. रोहन को पता नहीं था और मैने ही उस बताया. हम आम तौर पर दिन में खेलना पसंद करते हैं. शाम का समय स्पेन के खिलाड़ियों को रास आएगा.’

उन्होंने कहा,‘मैने डेविस कप की वेबसाइट पर मैचों का समय देखा. यह आम धारणा है कि स्पेन की टीम हमसे काफी बेहतर है और इससे फर्क नहीं पड़ता कि वे दिन में खेल रहे हैं या शाम है. यह दुर्भाग्यपूर्ण है क्‍यों‍क हमें मेजबान को अपनी धरती पर खेलने का फायदा देना चाहिये था. डेविस कप में अजीबोगरीब बातें होती रहती है.’

जनवरी 2013 में बागी खिलाड़ियों के साथ हुए करार के तहत एआईटीए ने मंजूरी जताई थी कि किसी मुकाबले का कोर्ट और आयोजन स्थल तय करने से पहले वह कप्तान से सलाह लेगा जो खिलाड़ियों से राय मशविरा करेगा. युगल रैंकिंग में 17वें स्थान पर काबिज रोहन बोपन्ना ने कहा कि कोर्ट या टाइमिंग के बारे में उनसे कोई सलाह नहीं ली गई.

अमृतराज ने कहा,‘ उम्मीद है कि मैचों को देखने भारी संख्या में दर्शक आएंगे क्योंकि इसी की वजह से शेड्यूल बदला गया है.’ एआईटीए यह मुकाबला ग्रासकोर्ट पर कराना चाहता था लेकिन मानसून के कारण कोलकाता और चंडीगढ़ में मैच नहीं हो सकते. इसके अलावा प्लेऑफ मुकाबले के लिये 4000 की क्षमता वाला स्टेडियम जरूरी है जिसके ज्यादा विकल्प भारत में नहीं है.

एआईटीए के नये महासचिव हिरण्यमय चटर्जी ने कहा कि खिलाड़ी ग्रासकोर्ट पर खेलना चाहते थे लेकिन मानसून सत्र होने के कारण उनके पास कोई विकल्प नहीं था. उन्होंने स्वीकार किया कि टाइमिंग के लिये किसी से राय नहीं ली गई थी. उन्होंने कहा,‘हमें यथार्थवादी होना होगा. कोरिया के खिलाफ मैच के दौरान हमारे खिलाड़ियों को उमस ने परेशान किया. हमारे खिलाड़ियों को हर हालात में खेलने की आदत डालनी होगी. हमने उनके और देश के हित में फैसला लिया है क्योंकि स्टेडियम में दर्शकों का आना भी जरूरी है.’

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डेविस कप मैच, भारत Vs स्‍पेन, आनंद अमृतराज, शाम को मैच, Davis Cup Match, India Vs Spain, Anand Amritraj, Evening Time Match
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com