भारतीय महिला हॉकी टीम ने इस साल अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और शनिवार को उन्होंने ओलंपिक और एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता चीन को 3-1 से हराकर एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब लगातार तीसरी बार अपने नाम किया. इस खिताब के साथ ही टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया है और वो टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम बन गई है. टीम इंडिया ने कुल चौथी बार यह खिताब जीता है. भारत ने सबसे पहले 2016 में यह खिताब जीता था. इसके बाद उन्होंने 2023, 2024 में भी खिताब अपने नाम किया था.
चीन के खिलाफ दबदबा
भारत ने इस साल आइची-नागोया एशियाई खेलों में भारत ने चीन को 1-0 से हराकर 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई किया था. इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम अजेय रही. टूर्नामेंट के राउंड-रॉबिन चरण में भी उन्होंने चीन को 6-2 से हराया था. इस टूर्नामेंट में भारत और चीन का आमना-सामना 2016, 2024 और अब 2026 में हुआ है. पिछली दोनों भिड़ंत में भारत ही जीता था. टूर्नामेंट के दौरान जापान पर 4-0 की जीत के बाद, 25 नवंबर को भारतीय महिला हॉकी टीम विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंच गई, जो एक ऐतिहासिक उपलब्धि है.
दीपिक रहा टॉप गोल स्कोरर
भारत के लिए दीपिका ने (38वें और 43वें मिनट में) पेनल्टी कॉर्नर से दो गोल किए, जबकि इशिका (42वें मिनट में) ने फील्ड गोल किया. चीन के लिए एकमात्र गोल युजुन चेन ने 25वें मिनट में फील्ड प्ले के जरिए किया. दीपिका टूर्नामेंट में 10 गोल के साथ टॉप स्कोरर रहीं. इनमें से नौ गोल पेनल्टी कॉर्नर से और एक फील्ड प्ले से आया.
पहले फिसले लेकिन फिर की दमदार वापसी
चीन ने अच्छी शुरुआत की और मैच की शुरुआत से ही भारतीय डिफेंस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया. चीन की टीम भारत के खिलाफ अपने राउंड-रॉबिन मैच की तुलना में बिल्कुल अलग दिखी और उन्होंने शुरुआत से ही भारतीय डिफेंस को परेशान किया. उनकी मेहनत रंग लाई और उन्हें दूसरे मिनट में ही पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन वे इस मौके को भुना नहीं पाए.
जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, भारतीय टीम ने अपनी लय हासिल की और 10वें मिनट में अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर अर्जित किया, लेकिन कप्तान सलीमा टेटे रिबाउंड पर मिले करीबी मौके को गोल में नहीं बदल सकीं.
पांच मिनट बाद, चीन को अपना दूसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार बचाव किया. चीन ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा और 22वें मिनट में लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन भारत की गोलकीपर बिचू देवी खारीबाम ने शानदार बचाव करते हुए भारत को मुकाबले में बनाए रखा.
25वें मिनट में चीन ने बढ़त बना ली, जब चेन युजुन ने विंग से आए एक स्लॅप पास को चतुराई से डिफ्लेक्ट करके सर्कल के अंदर गोल में बदल दिया. भारत को 27वें मिनट में अपना दूसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन दीपिका के कमजोर फ्लिक को चीनी गोलकीपर ने रोक दिया.
38वें मिनट में भारत को तीसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर दीपिका ने गोल करके स्कोर बराबर कर दिया. हाफ-टाइम के बाद भारत ने पूरी ताकत के साथ खेलना शुरू किया और लगातार चीनी डिफेंस पर हमले किए.
42वें मिनट में इशिका ने भारत को बढ़त दिलाई. नेहा गोयल और नवनीत कौर द्वारा तैयार किए गए मौके पर उन्होंने एक लूज बॉल को डिफ्लेक्ट करके गोल कर दिया. एक मिनट बाद, भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला. दीपिका ने चीनी गोलकीपर के बाईं ओर एक सटीक लो फ्लिक के साथ फिर से गोल किया और भारत की बढ़त को और बढ़ा दिया.
तीसरे क्वार्टर के खत्म होने से ठीक 34 सेकंड पहले भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन एक अलग रणनीति आजमाने के चक्कर में यह मौका हाथ से निकल गया. 53वें मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन इस बार दीपिका का फ्लिक गोल पोस्ट के बाहर चला गया. इसके बाद, भारत ने खेल पर अपना दबदबा बनाए रखा और चीन को कोई भी ठोस मौका नहीं बनाने दिया.
यह भी पढ़ें: विवियन रिचर्ड्स नंबर-3, कोहली नंबर-4, ओपनर रोहित शर्मा, इयान बिशप ने चुनी ऑल टाइम ODI प्लेइंग-11
यह भी पढ़ें: 'लोगों ने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई...', कप्तान बनते ही MI के खराब प्रदर्शन पर रोहित शर्मा ने दिया बड़ा बयान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं