पंजाब में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 की सफल मेजबानी हुई है. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दावा किया कि पंजाब अब वर्ष 2030 में प्रतिष्ठित हॉकी विश्व कप की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है. राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के साथ इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के सफल प्रबंधन पर पंजाब के लोगों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हॉकी के साथ पंजाब का अटूट रिश्ता, 77 ओलंपियनों और 48 ओलंपिक पदक विजेताओं की महान विरासत और इसका तेजी से मजबूत हो रहा खेल ढांचा इसे बड़े वैश्विक खेल आयोजनों के लिए स्वाभाविक पसंद बनाता है.
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि छह नए हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान पहले ही तैयार किए जा चुके हैं, दो अन्य का काम चल रहा है और विशेष रूप से खेलों के लिए बजट में 1,744 करोड़ रुपये रखे गए हैं. गौरतलब है कि भारत ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पर अपना कब्जा बरकरार रखने के लिए जापान को 4-1 से हराया है.
पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज 'एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026' की सफल मेजबानी करके राज्य के खेल इतिहास में नया अध्याय लिखने के लिए पंजाब के लोगों को बधाई दी. भारत ने मोहाली के बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में जापान को 4-1 से हराकर प्रतिष्ठित खिताब अपने पास बरकरार रखा.
इकट्ठ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब वर्ष 2030 में प्रतिष्ठित हॉकी विश्व कप की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है. पहली बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करना पंजाब की खेल यात्रा में ऐतिहासिक उपलब्धि है और बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की ओर महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने आगे कहा कि हॉकी और पंजाब अटूट हैं, क्योंकि पंजाबी खिलाड़ियों के योगदान के बिना भारतीय हॉकी के शानदार इतिहास की कल्पना करना असंभव है. महान ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर, ऊधम सिंह, पृथीपाल सिंह, अजीत पाल सिंह और सुरजीत सिंह से लेकर वर्तमान समय के सितारों जैसे हरमनप्रीत सिंह, मनप्रीत सिंह, मनदीप सिंह और रुपिंदर पाल सिंह तक, पंजाब ने भारतीय हॉकी में हमेशा अद्वितीय प्रतिभा का प्रदर्शन किया है.
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया, "पंजाब ने वर्ष 1928 के एम्स्टर्डम ओलंपिक खेलों से लेकर 2024 के पेरिस ओलंपिक तक 77 हॉकी ओलंपियन दिए हैं, जबकि राज्य के 48 खिलाड़ियों ने ओलंपिक पदक जीते हैं। यह अनूठी विरासत पंजाब में हॉकी के प्रति गहरे जज्बे को दर्शाती है. मुख्यमंत्री ने कहा, "एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जैसे अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट हजारों युवाओं को बड़े सपने देखने और मंजिल पाने के लिए प्रेरित करते हैं.
भारत ने मोहाली के बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए एक बेहद रोमांचक फाइनल में जापान को 4-1 से हराकर एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा बरकरार रखा। इससे पहले मलेशिया ने एक शानदार मुकाबले में दक्षिण कोरिया को हराकर टूर्नामेंट में तीसरा स्थान हासिल किया. इस अवसर पर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपना 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी हार्दिक सिंह को विशेष जर्सी भेंट की.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं