विज्ञापन

म्यांमार में शादी समारोह पर हवाई हमले में करीब 20 लोगों की मौत, चश्मदीदों ने बताई पूरी कहानी

शिविरों में विस्थापित लोगों की मदद करने वाली संस्था 'न्वे ऊ यांग ची फाउंडेशन' के प्रमुख ने बताया कि 21 लोगों की मौत हुई है (जिनमें 5 बच्चे शामिल हैं) और 40 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.

म्यांमार में शादी समारोह पर हवाई हमले में करीब 20 लोगों की मौत, चश्मदीदों ने बताई पूरी कहानी
म्यांमार में एयर स्ट्राइक के बाद लोग जान बचाकर किसी तरह भागे. (फोटो-सोशल मीडिया)
  • यह हमला शान और करेनी राज्यों की सीमा पर हुआ, जहां बड़ी संख्या में लोग विस्थापित हैं और संघर्ष जारी है
  • 2021 के तख्तापलट के बाद से म्यांमार गृहयुद्ध में अब तक एक लाख से अधिक लोग मारे जा चुके हैं
  • दो दिन पहले मगवे क्षेत्र में स्कूल और मठ पर हुए हमले में भी कई आम नागरिक और PDF सदस्य मारे गए थे

शनिवार को म्यांमार (बर्मा) में एक शादी हो रही थी. खूब धूमधाम था. सब लोग खुश थे और तभी म्यांमार की सेना ने बम बरसा दिया. ये हमला एक संघर्ष वाले इलाके में हुआ. शादी समारोह पर किए गए हवाई हमले में करीब 20 लोग मारे गए. तीन दिनों के भीतर देश में हुई यह दूसरी ऐसी घटना है जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है. एक चश्मदीद द्वारा बनाए गए वीडियो (जिसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है) में दिख रहा है कि हमले के बाद खून से लथपथ पीड़ितों को इलाज के लिए ले जाया जा रहा है. यह घटना 'मोए बाय' गांव में हुई, जो शान और करेनी राज्यों की सीमा पर स्थित है. इस इलाके में बड़ी संख्या में ऐसे लोग रह रहे हैं, जिन्हें अपने घरों से विस्थापित होना पड़ा है.

बचाव कार्य से जुड़े एक संगठन के प्रमुख ने मरने वालों की संख्या 21 बताई है, जिनमें पांच बच्चे भी शामिल हैं. 2021 में तख्तापलट के जरिए आंग सान सू की की चुनी हुई सरकार को हटाए जाने के बाद से म्यांमार गृहयुद्ध की चपेट में है. निगरानी समूह ACLED के अनुसार, इस संघर्ष में अब तक सभी पक्षों के मिलाकर 1 लाख से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं. मोए बाय कस्बे पर सेना का नियंत्रण है, लेकिन इसके बाहर के गांवों और ग्रामीण इलाकों में विपक्षी ताकतें सक्रिय हैं.

चश्मदीद की जुबानी कहानी

एक चश्मदीद ने अपनी पहचान गुप्त रखने का अनुरोध करते हुए बताया, "मैंने पास में ही विमानों के उड़ने की आवाज सुनी, लेकिन मुझे लगा कि वे हमारे इलाके में बमबारी नहीं करेंगे. मैं घर के अंदर चला गया. तभी मुझे एक बम धमाके की आवाज सुनाई दी. जहां हवाई हमला हुआ था, वहां से बहुत धुआं उठ रहा था." उसने बताया कि बम एक शादी समारोह वाली जगह पर गिरा, जहां दो विस्थापित लोगों की शादी की तैयारी चल रही थी. वह मदद करने के लिए तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा. उसने बताया, "वहां मुझे 17 शव मिले" और कई लोग घायल थे. उसने आगे बताया, "मैं हैरान रह गया और समझ नहीं पा रहा था कि सबसे पहले किसे बचाऊं. लेकिन एक घायल महिला ने मुझसे कहा कि पहले बच्चों को बाहर निकालो. कुछ लोग लापता हैं, जिनमें मेरी भतीजी भी शामिल है. मैं अभी तक उसे ढूंढ़ नहीं पाया हूं."

इस हमले के बारे में, या दो दिन पहले किसी दूसरे इलाके में हुए एक और हमले के बारे में, म्यांमार की सेना से संपर्क करके उनका पक्ष जानना संभव नहीं हो सका.

'मेरे माता-पिता कहां हैं?'

चश्मदीद ने छह वीडियो दिए हैं. इनमें से एक वीडियो में पीड़ितों को गाड़ियों में लादकर ले जाते हुए देखा जा सकता है. एक बुजुर्ग महिला को मोटरसाइकिल के पीछे बिठाया गया है, और घायल पुरुषों को एक पिकअप ट्रक के पीछे रखा गया है. वीडियो बनाते हुए उसने कहा, "घायलों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे हैं." एक आदमी, जिसने एक बच्चे को गोद में ले रखा था, मलबे से भरी उस जगह से भागा जहां थोड़ी आग लगी हुई थी. इसके कुछ ही पल बाद एक और धमाका हुआ.

एक दूसरे वीडियो में, एक चश्मदीद को खून से लथपथ, रोती हुई एक बच्ची को उठाए हुए देखा गया. उसने उस आदमी से पूछा, "मेरे माता-पिता कहां हैं? क्या उन्हें कुछ हो गया है? वे कहां हैं? कृपया मेरी मां को बुला दीजिए."

आदमी ने जवाब दिया, "चिंता मत करो, मैं तुम्हारी मां को बुला दूंगा. लेकिन पहले इलाज के लिए क्लिनिक चलते हैं."

बच्ची ने कहा, "मेरे माता-पिता के पास पैसे नहीं हैं."

शिविरों में विस्थापित लोगों की मदद करने वाली संस्था 'न्वे ऊ यांग ची फाउंडेशन' के प्रमुख ने बताया कि 21 लोगों की मौत हुई है (जिनमें 5 बच्चे शामिल हैं) और 40 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.  उन्होंने अपना नाम न बताने की शर्त पर कहा कि बचाव दल के पहुंचने के बाद दूसरा बम गिराया गया. अन्य ग्रामीणों से मिली तस्वीरों में (जिनकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है) छह अलग-अलग शव दिखाई दिए, जिनमें एक महिला और एक बच्चा शामिल था.

स्कूल पर हमला

निर्वासित "नेशनल यूनिटी गवर्नमेंट" (जो खुद को यही कहती है) के अनुसार, शनिवार को हुआ हवाई हमला उस घटना के दो दिन बाद हुआ, जिसमें म्यामांर के मगवे क्षेत्र के थायेत जिले में एक स्कूल और मठ को निशाना बनाकर बम, तोप और ड्रोन से हमला किया गया था. इस हमले में 20 आम नागरिक और 'पीपुल्स डिफेंस फोर्सेज' (PDF) के नौ सदस्य मारे गए थे. PDF लोकतंत्र समर्थक गुरिल्ला लड़ाके हैं, जिन्होंने तख्तापलट के बाद हथियार उठा लिए थे. म्यामांर के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय कई अलग-अलग जातीय सशस्त्र समूहों के साथ इनके हित भी एक जैसे हैं.

यह भी पढ़ें | सोमाली समुद्री लुटेरों ने यमन के पास UAE के एक जहाज को अगवा किया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Myanmar, Myanmar News, Myanmar Air Strike, Myanmar Aircraft Bombing, Myanmar (Burma)
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com