ICC वर्ल्ड कप 2019 के दौरान पूर्व वेस्टइंडीज तेज गेंदबाज इयान बिशप ने अपनी ऑल टाइम ODI प्लेइंग-11 चुनी थी. बिशप की इस टीम ने भारतीय क्रिकेट फैंस का ध्यान खास तौर पर खींचा, क्योंकि उनकी सर्वकालिक वनडे टीम में चार भारतीय खिलाड़ियों को जगह मिली थी. वहीं ऑस्ट्रेलिया की ओर से सिर्फ एक खिलाड़ी को शामिल किए जाने से कई फैंस हैरान भी हुए थे.
बिशप ने अपनी टीम में ओपनिंग के लिए दो भारतीय बल्लेबाजों को चुना. उन्होंने सचिन तेंदुलकर के साथ रोहित शर्मा को सलामी बल्लेबाज की भूमिका दी. यह फैसला इसलिए भी खास था क्योंकि उन्होंने सौरव गांगुली और एडम गिलक्रिस्ट जैसे दिग्गजों को नजरअंदाज किया. बिशप का मानना था कि रोहित शर्मा में आधुनिक युग के महान बल्लेबाज बनने के सभी गुण मौजूद हैं और वह सचिन के साथ बेहतरीन ओपनिंग जोड़ी बना सकते हैं.
कोहली को बताया था आधुनिक दौर का महान बल्लेबाज
तीसरे नंबर पर उन्होंने वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज विवियन रिचर्ड्स को चुना. बिशप के अनुसार रिचर्ड्स अपने समय से काफी आगे थे और उनका स्ट्राइक रेट बताता है कि वह आज के क्रिकेट में भी किसी भी टीम में आसानी से फिट बैठ सकते थे. चौथे नंबर के लिए उनकी पहली पसंद विराट कोहली थे. बिशप ने कोहली को आधुनिक दौर का महान बल्लेबाज बताते हुए कहा था कि रन बनाने और मैच जिताने की उनकी क्षमता उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है.
छठे नंबर के खिलाड़ी का नाम लेकर किया हैरान
पांचवें नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स को जगह मिली.बिशप ने कहा कि डिविलियर्स की पोजिशन पर कोई बहस नहीं हो सकती क्योंकि इतने लंबे समय तक 50 से ज्यादा की औसत और विस्फोटक स्ट्राइक रेट बनाए रखना बेहद दुर्लभ उपलब्धि है. छठे नंबर पर उन्होंने कई लोगों को चौंकाते हुए कपिल देव, जैक्स कैलिस, इयान बॉथम और इमरान खान की जगह दक्षिण अफ्रीका के लांस क्लूजनर को बतौर ऑलराउंडर चुना.
विकेटकीपर के रूप में एमएस धोनी उनकी टीम का हिस्सा थे. बिशप ने धोनी को शानदार फिनिशर बताते हुए कहा था कि क्लूजनर और धोनी की जोड़ी किसी भी गेंदबाजी अटैक के लिए बुरे सपने जैसी साबित हो सकती है. एकमात्र स्पिनर के तौर पर पाकिस्तान के सकलैन मुश्ताक को जगह मिली, जबकि तेज गेंदबाजी अटैक में वसीम अकरम, जोएल गार्नर और ग्लेन मैक्ग्रा शामिल थे. दिलचस्प बात यह रही कि बिशप की पूरी ऑल टाइम ODI XI में मैक्ग्रा अकेले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी थे.
इयान बिशप की ऑल टाइम ODI XI
सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा, विवियन रिचर्ड्स, विराट कोहली, एबी डिविलियर्स, लांस क्लूजनर, एमएस धोनी, वसीम अकरम, सकलैन मुश्ताक, जोएल गार्नर, ग्लेन मैक्ग्रा.
यह भी पढ़ें- Mushfiqur Rahim: बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाला धुरंधर अब होगा रिटायर, खेलगा आखिरी टेस्ट
यह भी पढ़ें- VIDEO: सामने था आसान रनआउट, फिर भी नहीं उखाड़ी गिल्लियां, सिकंदर रजा जमकर हुए ट्रोल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं