भारतीय मुक्केबाज सुमित एशियाई खेलों में इराक के अल सारे अली के खिलाफ पुरूषों के 70 किलो प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में चोट के कारण बाहर हो गए. हरियाणा के 23 वर्ष के सुमित पहले दो दौर में आगे थे लेकिन तीसरे दौर में एक मुक्के से बचने के प्रयास में उन्हें घुटने में चोट लगी और वह गिर गए.
रैफरी ने विरोधी को घोषित किया विजेता
इसके बाद सुमित आगे खेल नहीं सके और रैफरी ने मुकाबला रोककर विरोधी को विजेता घोषित कर दिया. सुमित ने पहले मुकाबले में थाईलैंड के बुंजोंग सिनसिरी को 5.0 से हराया था.
साक्षी चौधरी को भी मिली हार
इसके अलावा गुरुवार को एशियाई खेलों में महिलाओं के 65 किग्रा वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारतीय मुक्केबाज साक्षी चौधरी को कजाकिस्तान की अलुआ बाल्किबेकोवा से 2-3 से हार का सामना करना पड़ा और वह प्रतियोगिता से बाहर हो गईं. ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली हरियाणा की 26 वर्षीय साक्षी को अपने पंच सही निशाने पर लगाने में संघर्ष करना पड़ा, जबकि बाल्किबेकोवा तीनों राउंड में आगे रहीं और क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की.
आखिरी राउंड में बाहर हुईं साक्षी चौधरी
साक्षी ने कॉम्बिनेशन पंच लगाने की कोशिश की, लेकिन कजाख मुक्केबाज ने अपने दाहिने हुक का प्रभावी ढंग से इस्तेमाल किया और पहले राउंड के बाद 3-2 से बढ़त बनाकर मुकाबले में आगे रहीं. दूसरा राउंड आक्रामक गति से शुरू हुआ, जिसमें साक्षी ने अधिक तत्परता दिखाई और साफ-सुथरे पंच लगाने की कोशिश की. हालांकि, बाल्किबेकोवा आगे बनी रहीं और अपने दाहिने हाथ के प्रहारों के दम पर यह राउंड भी 3-2 से अपने नाम किया.
स्कोरकार्ड में पिछड़ने के बाद, साक्षी अंतिम राउंड में मुकाबले का पासा नहीं पलट सकीं और प्रतियोगिता से बाहर हो गईं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं