- जमुई जैसी घटना समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम क्षेत्र से सामने आई है. यहां एक लड़की के साथ सरेराह छेड़छाड़ हुई
- घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है.
- लड़की एक लड़के के साथ बांध बाइपास रोड से गुजर रही थी, तब कुछ स्थानीय युवक ने अभद्र व्यवहार किया.
Girl Assult Video: बिहार के जमुई में 10वीं की छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले में पुलिस का एक्शन जारी है. लेकिन पुलिसिया कार्रवाई के बीच राज्य के अलग-अलग हिस्सों से लड़कियों के साथ छेड़छाड़ के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. ताजा मामला समस्तीपुर जिले से सामने आया है. जहां एक लड़की के साथ सरेराह छेड़छाड़ की गई. दो-तीन स्थानीय युवक न केवल लड़की को गलत तरीके से छू रहे हैं, बल्कि गाली-गलौज करते हुए उसके साथ बदतमीजी भी करते नजर आए. हैरत की बात यह है कि यह सब होता देख वहां मौजूद लोग हंसते नजर आए. समस्तीपुर में लड़की के साथ हुई छेड़छाड़ का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसके बाद फिर से लड़कियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव की घटना
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत जगतसिंहपुर गांव की है. इस गांव में बांध बाइपास रोड पर एक लड़की के साथ कुछ युवकों द्वारा छेड़खानी, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया. बुधवार देर शाम से इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. वीडियो सामने आने के बाद समस्तीपुर पुलिस हरकत में आ गई है.
एक लड़के के साथ बाइपास रोड से गुजर रही थी लड़की
बताया जा रहा है कि लड़की एक लड़के के साथ बांध बाइपास रोड से जा रही थी. इसी दौरान वह रास्ते में रुककर फोटो ले रही थी. आरोप है कि तभी आसपास के कुछ युवक वहां पहुंच गए और लड़की के साथ गाली-गलौज करने के साथ छेड़खानी और बैड टच किया. इस दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
स्थानीय लोगों के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहे आरोपी युवक जगतसिंहपुर गांव के ही बताए जा रहे हैं. हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे और वायरल वीडियो की वास्तविकता क्या है?
SP बोले- मामला संवेदनशील, किसी आरोपी को नहीं छोड़ेंगे
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है. एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि मामला अतिसंवेदनशील है. आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और पूरे मामले की जांच में जुटी है. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता, घटना के स्थान और उसमें शामिल लोगों की पहचान की जांच कर रही है. पुलिस की आधिकारिक जांच के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
यह भी पढ़ें - जमुई: मड़वा पहाड़ पर जहां नाबालिग से हुई हैवानियत, वहां लड़कियों की ताक में रहते हैं अपराधी, पुलिस जानकर भी अंजान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं