राजस्थान के डूंगरपुर जिले के धंबोला थाना क्षेत्र स्थित बांसिया से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां गोविंद गुरु राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बीती रात दो अज्ञात बदमाश घुस गए. उन्होंने सामानों को मामूली नुकसान पहुंचाया लेकिन कोई भी चीज चोरी नहीं की. मगर सबसे हैरानी की बात यह रही कि बदमाशों ने अपनी बेखौफी दिखाते हुए सीसीटीवी कैमरों के सामने जमकर डांस किया. इसे पुलिस को एक खुली चुनौती समझा जा रहा है.
क्या है पूरी घटना
बांसिया स्थित गोविंद गुरु राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में रात के समय दो अज्ञात बदमाशों ने ताले तोड़कर परिसर में प्रवेश किया. अंदर घुसने के बाद बदमाशों ने प्रधानाचार्य कक्ष में रखे इंटरनेट संबंधी उपकरणों को नुकसान पहुंचाया और मेज पर रखी स्टेशनरी सहित अन्य सामान को इधर-उधर बिखेर दिया. अपनी पहचान छिपाने के लिए उन्होंने दो निगरानी कैमरों को बोरी से ढक दिया.
वारदात की पूरी घटना विद्यालय के निगरानी कैमरों में कैद हो गई है. फुटेज में दो बदमाश साफ दिखाई दे रहे हैं. सबसे ज्यादा हैरानी की बात यह है कि दोनों बदमाश कैमरों के सामने बेखौफ होकर नाचते हुए नजर आ रहे हैं. उनकी इस हरकत से साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि बदमाशों के अंदर पुलिस या कानून का कोई खौफ नहीं था.
पुलिस खंगाल रही CCTV
घटना की सूचना मिलते ही धंबोला थाने से सहायक उपनिरीक्षक नारायण लाल और चंदन सहित पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर बदमाशों की शिनाख्त करने के प्रयास कर रही है.
डूंगरपुर जिले में पिछले कुछ दिनों से चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. इससे स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों में भारी चिंता का माहौल है. बांसिया विद्यालय की इस घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने और इन बेखौफ बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.
ये भी पढ़ें-: Watch Video: इलेक्ट्रिक ट्रैक लगाती ट्रेन के सामने कूदने वाली थी महिला, दौड़कर बचाया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं