राजस्थान के दौसा जिले में एक महिला ने रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदने की कोशिश की लेकिन रेलवे पुलिस के एक SI ने दौड़कर उसे रोक लिया. इस घटना का वीडियो सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया है. बताया जा रहा है कि 47 वर्षीय महिला गृह क्लेश से परेशान थी. उसने रविवार, 23 अगस्त को दौसा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ट्रेन के सामने कूदकर जान देने का प्रयास किया. महिला काफी देर तक प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार करती रही. जैसे ही विद्युत लाइन के कार्य में जुटी विद्युत कर्षण विशेष गाड़ी प्लेटफॉर्म पर पहुंची, महिला ने उसके सामने कूदने का प्रयास किया.
RPF जवानों ने तत्परता दिखाते हुए बचाया
जानकारी के अनुसार दौसा शहर के देशवाली मोहल्ले की रहने वाली 47 वर्षीय महिला रविवार को दौसा रेलवे स्टेशन पहुंची थी. वह प्लेटफॉर्म नंबर एक पर करीब 1 घंटे 34 मिनट तक बैठकर ट्रेन का इंतजार करती रही. इस दौरान उसकी गतिविधियों पर RPF के जवानों की नजर बनी हुई थी.इसी बीच विद्युत लाइन से संबंधित कार्य में लगी विशेष बोगी प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंची. महिला अचानक ट्रेन के सामने जाने का प्रयास करने लगी. स्थिति को भांपते हुए RPF के सब इंस्पेक्टर उदयवीर सिंह ने तत्काल कार्रवाई की और महिला को ट्रेन के सामने जाने से रोक लिया. RPF की तत्परता के चलते महिला की जान बच गई.
परिजनों को बुलाकर किया सुपुर्द
घटना के बाद RPF ने महिला को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और उससे बातचीत कर मामले की जानकारी ली. महिला के परिजनों को सूचना देकर रेलवे स्टेशन बुलाया गया. इसके बाद महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया. घटना के दौरान यदि RPF के जवानों ने समय रहते महिला की गतिविधि को नहीं भांपा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था. समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित अनहोनी टल गई और महिला को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया गया.
ये भी पढ़ें-: नेशनल हाईवे पर हुए दो हादसे, 2 कांवड़ियों की मौत, 4 घायल
| हेल्पलाइन | |
|---|---|
| वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ | 9999666555 या help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (सोमवार से शनिवार तक उपलब्ध - सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक) |
| (अगर आपको सहारे की ज़रूरत है या आप किसी ऐसे शख्स को जानते हैं, जिसे मदद की दरकार है, तो कृपया अपने नज़दीकी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ के पास जाएं) | |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं