- जयपुर के शास्त्री नगर इलाके में एक परिवार के तीन सदस्यों की हत्या और आत्महत्या की घटना सामने आई है
- बेटे ने मां और बहन के बीच झगड़े से आहत होकर दोनों की हत्या कर खुद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली
- मृतक परिवार के तीनों सदस्य ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से पीड़ित थे और आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे
जयपुर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की ऐसी कहानी सामने आई है, जिसे सुनकर दिल उठेगा. बेटे ने पहले अपनी मां और बहन की हत्या की और फिर खुद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली. घर के तीन अलग-अलग कमरों में तीनों के शव मिले. बेटे ने अंग्रेजी में सुसाइड नोट लिखा और उसमें मां और बहन के बीच हो रहे झगड़े से आहत होने का जिक्र किया.बातया जा रहा है कि परिवार के तीनों सदस्य ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से पीड़ित थे. पिता ने भी कुछ साल पहले बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी. मानसिक बीमारी, अकेलापन और आर्थिक तंगी के बीच परिवार में आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक साथ तीन जिंदगियां खत्म हो गईं? पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
घटना जयपुर के शास्त्री नगर इलाके की रामनगर कॉलोनी में गुरुवार को हुई. इसका खुलासा शुक्रवार सुबह हुआ जब एक घर में तीन लोगों की मौत की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतकों की पहचान 50 साल की सरोज तिवारी, उनके 27 साल के बेटे लकी और 25 साल की बेटी शिवांगी के रूप में हुई है. तीनों के शव घर के अलग-अलग कमरों में पाए गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने शुरू किए.
Jaipur, Rajasthan: The bodies of a woman, her daughter and son were found inside a locked house near Ramnagar in the Bhatta Basti police station area. The family is suspected to have died by suicide after consuming a poisonous substance. The police are waiting for the FSL team to arrive before entering the house. DSP North Karan Sharma has also reached the spot.
— IANS (@ians_india) November 27, 2026
मोबाइल में सुसाइड नोट, कागज पर लिखा था पासवर्ड
पुलिस को लकी के कमरे के पास एक कागज मिला, जिस पर मोबाइल का पिन लिखा हुआ था. लॉक खोलकर मोबाइल चेक किया तो अंग्रेजी में लिखा सुसाइड नोट मिला. इस नोट में लकी ने पूरी घटना का जिक्र किया. इसमें लिखा था कि गुरुवार को दोपहर करीब ढाई बजे जब वह घर पहुंचा तो उसकी मां और बहन के बीच झगड़ा हो रहा था. दोनों के बीच झगड़ा देखकर वह बहुत आहत हुआ. तभी उसने दोनों की हत्या का मन बना लिया.उसने पहले अपनी मां और फिर बहन के सिर पर किसी भारी चीज से हमला किया.दोनों की हत्या करने के बाद वह दूसरे कमरे में गया और खुद भी फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली.

परिवार की मानसिक और आर्थिक स्थिति भी जांच
तीनों की मौत अलग-अलग कमरों में हुई. इस पूरे मामले में पुलिस परिवार की मानसिक और आर्थिक स्थिति भी जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक, परिवार के तीनों सदस्य ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से पीड़ित बताए जा रहे हैं. लकी के पास कोई परमानेंट काम नहीं था. वह ऑनलाइन बिजनेस करता था, लेकिन उससे ज्यादा कमाई नहीं हो रही थी. परिवार के लोग पड़ोसियों से भी बात नहीं करते थे. वे लोग ज्यादा समय घर के अंदर ही रहते थे.
परिवार की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी. घर के हालात देखकर बदहाली का अंदाजा लगाया जा सकता है. मकान में ठीक से साफ-सफाई नहीं थी. कमरों और आसपास झाड़ियां और धूल-मिट्टी जमा थी.पुलिस मकान से जुड़े विवाद और घटना के पीछे अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है.

पिता ने भी कुछ साल पहले की थी आत्महत्या
पुलिस जांच में एक और दर्दनाक पहलू सामने आया है.लकी के पिता ने भी कुछ साल पहले बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी. परिवार पहले ही एक सदस्य को खो चुका था.अब मां, बेटे और बेटी की एक साथ मौत से पूरा इलाका दहशत में है. घटना की जानकारी मिलने पर डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा और एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. रामेश्वर सिंह भी मौके पर पहुंचे. वहीं एफएसएल टीम ने तीनों कमरों से साक्ष्य जुटा लिए हैं. सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस सुसाइड नोट, मोबाइल डेटा, एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढे़ं-झारखंड में पत्नियों को मारकर एंबुलेंस से जंगल ले गए दो सगे भाई, पूछताछ में हुआ डबल मर्डर का खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं