परिसीमन बिल एक बार फिर चर्चा में आ गया है. कैबिनेट ने इसे मंजूरी दे दी है और अब सोमवार से शुरू हो रहे संसद सत्र में इसे पेश किया जाएगा.
सरकार को पूरा भरोसा है कि इस बार यह बिल संसद में पास हो जाएगा. भरोसे के कारण यह है कि अप्रैल में जो इस बिल के विरोध में थे, अब वो इसके साथ खड़े नजर आ रहे हैं.
इनमें एक बड़ा नाम- शरद पवार की पार्टी का है. शरद पवार इस बिल का समर्थन करने के लिए तैयार दिख रहे हैं.
माना जा रहा है कि शरद पवार ने कांग्रेस को अपने इस फैसले के बारे में बता दिया है.
लेकिन शरद पवार इस बिल का समर्थन क्यों कर रहे हैं? सूत्रों ने बताया कि शरद पवार ने कांग्रेस लीडरशिप के साथ फोन पर बातचीत के दौरान अपनी 'मजबूरी' के बारे में बता दिया है.
सूत्रों ने बताया कि शरद पवार ने कांग्रेस से कहा है कि NCP (SP) को एकजुट रखने के लिए इस बिल का समर्थन करना जरूरी था.
यह भी पढ़ें | SIR के बाद अब परिसीमन की जिम्मेदारी? ज्ञानेश कुमार तैयार करेंगे देश के लिए नया 'चुनावी नक्शा'!

Photo Credit: AFP
उनकी बेटी और NCP (SP) की संभावित उत्तराधिकारी, लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले का रुख भी आज सुबह कुछ नरम नजर आया. उन्होंने एक सधे हुए बयान में संकेत दिया कि उनकी पार्टी बिल पेश होने के बाद उस पर चर्चा करने के लिए तैयार है और राष्ट्रीय हित में वे इसका समर्थन भी कर सकते हैं.
सुप्रिया सुले ने कहा, 'पहले बिल को आने दीजिए. पूरा बिल हमारे हाथों में आ जाने दीजिए. जब बिल हमारे पास होगा, तब हम सब इस पर चर्चा करेंगे. अगर यह बिल देश के हित में हुआ, तो हम शायद इसका समर्थन भी करें.'
जुलाई में लिए गए अपने पुराने रुख से हटकर, सुप्रिया सुले का यह बयान काफी अहम है.
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि विपक्षी दलों ने पहले भी GST और महिला आरक्षण बिल का समर्थन किया था, और संकेत दिया कि परिसीमन बिल के मामले में भी ऐसा ही हो सकता है.
NCP (SP) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले के इस बयान ने विपक्ष के भीतर की दरारों को उजागर कर दिया है. इससे उस 'विपक्ष की एकता' के आधार पर भी सवाल खड़े हो गए हैं, जिसका कांग्रेस बार-बार दावा करती रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं