राजस्थान में गांवों की लड़ाई में भाजपा को बड़ा झटका लगा है. पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस ने जोरदार वापसी की है. अब तक के नतीजों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में कांग्रेस ने बढ़त बना ली है.
पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस की ऐसी आंधी चली है कि राजस्थान के मंत्रियों को भी हार का सामना करना पड़ा है.
पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में सीकर में शहरी विकास एवं आवास मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और उनके दो बेटों को हार का सामना करना पड़ा है.
37 जिलों में हुए थे चुनाव
राजस्थान के 41 में से 37 जिलों में जिला परिषद के 1,275 और 419 पंचायत समिति के 7,543 सदस्यों के लिए चुनाव हुए थे. जिला परिषद के लिए 4,069 और पंचायत समितियों के लिए 25,108 उम्मीदवार मैदान में थे.
इन पदों के लिए चार चरणों- 22 अक्टूबर, 28 अक्टूबर, 3 नवंबर और 14 नवंबर को चुनाव हुए थे. इन चुनावों में 2.48 करोड़ से ज्यादा वोटरों ने वोट डाला था.
कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर में आज वोटों की गिनती नहीं हो रही है. इन चारों जिलों में 17 दिसंबर को गिनती होगी, क्योंकि मौजूदा जिला परिषदों और पंचायत समितियों का पांच साल का कार्यकाल दिसंबर में पूरा हो रहा है.
यह भी पढ़ें | राजस्थान पंचायत चुनाव में कहीं 1 वोट से जीत, कहीं 1304 वोटों का अंतर; जानें दिलचस्प नतीजे
अब तक के क्या रहे नतीजे?
शुक्रवार को सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई थी. शाम 5.30 बजे तक पंचायत समिति के कुल 7,543 सदस्यों में से 7,312 के नतीजे आ चुके हैं. इनमें से कांग्रेस ने 3,653 सीटें जीतीं जबकि भाजपा के खाते में 2,159 सीटें गईं.
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने 489 सीटें, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने 50, बहुजन समाज पार्टी ने 60 और भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने 276 सीटें जीती हैं, वहीं निर्दलीय उम्मीदवारों ने 623 सीटों पर जीत हासिल की है.
जिला परिषद के सदस्यों के चुनाव में शाम 5.30 बजे तक घोषित 759 नतीजों में से कांग्रेस ने 451 और भाजपा ने 248 सीटें जीती हैं. माकपा ने पांच, बीएपी ने आठ, आरएलपी ने 36 और निर्दलीय उम्मीदवारों ने आठ सीटें जीतीं.

Photo Credit: IANS
एक मंत्री के पत्नी-बेटे हारे, पूर्व मंत्री के बेटे-बहू जीते
सीकर में मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी और बेटे अजय सिंह को पंचायत समिति चुनाव में हार का सामना करना पड़ा. दोनों ने भाजपा उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था.
खर्रा के दूसरे बेटे दुर्गा सिंह ने वार्ड 19 से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था, उन्हें भी हार का सामना करना पड़ा.
वहीं, चूरू में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ और बहू कनिका सिंह ने जिला परिषद चुनाव जीता. पराक्रम सिंह ने वार्ड 39 से 17,861 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की, जबकि उनकी पत्नी कनिका सिंह ने वार्ड 23 से 2,384 वोटों से जीत हासिल की.
यह भी पढ़ें | 30 करोड़ का घोड़ा, 65 लाख का भैंसा और 2 फीट की गाय..., पुष्कर मेले में अनोखे पशुओं को देखने उमड़ी भीड़
अब आगे क्या?
जिला परिषद और पंचायत समिति के नए सदस्य बाद में अपने-अपने निकायों के प्रमुखों का चुनाव करेंगे.
जिला परिषद प्रमुखों के चुनाव 25 नवंबर को और उप-जिला प्रमुखों के चुनाव 26 नवंबर को होने हैं. पंचायत समिति प्रधानों का चुनाव 27 नवंबर को और उप-प्रधानों का चुनाव 28 नवंबर को होगा.
जिन चार जिलों में गिनती टाल दी गई है, वहां जिला प्रमुखों और उप-जिला प्रमुखों के चुनाव 22 और 23 दिसंबर को, जबकि प्रधानों और उप-प्रधानों का चुनाव 24 और 25 दिसंबर को होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं