विज्ञापन

'वोट चोर' की नारेबाजी पर अमित शाह का राहुल को जवाब- नाम भारत समिट, काम भारत को बदनाम करने का

हैदराबाद में हुई कांग्रेस की भारत समिट को लेकर सियासी बवाल बढ़ता जा रहा है. अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर भारत को बदनाम करने का आरोप लगाया है.

राहुल गांधी और अमित शाह.
IANS
नई दिल्ली:

कांग्रेस की 'भारत समिट' में इटैलियन नेता जियाकोमो फिलिबेक के 'वोट चोर, गद्दी छोड़' के नारे लगाने पर अब भाजपा हमलावर हो गई है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस मामले को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारत विरोधी बयान देकर देश को लगातार बदनाम करने का काम कर रहे हैं.

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस हार का फ्रस्ट्रेशन निकाल रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि नाम भारत समिट रखा था, लेकिन यहां भारत विरोधी बातें हुईं.

उन्होंने यह बातें इसलिए कहीं, क्योंकि हैदराबाद में हुई कांग्रेस की समिट में जियाकोमो फिलिबेक ने 'वोट चोर, गद्दी छोड़' के नारे लगाए थे और आरोप लगाया था कि भारत में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है. इस दौरान राहुल गांधी ताली बजा रहे थे.

क्या कहा अमित शाह ने?

महाराष्ट्र में एक कार्यक्रम में पहुंचे अमित शाह ने कहा, 'अभी दो दिन से कांग्रेस ने 'भारत समिट 2026' हैदराबाद में आयोजित किया है. देशभर में वामपंथी विचारधारा के प्रचारकों को भारत में बुलाया गया. कांग्रेस के 'राजकुमार' भी वहां गए.'

उन्होंने कहा, 'नाम भारत समिट रखा, लेकिन राहुल गांधी ने सम्मेलन में भारत विरोधी विचार व्यक्त कर पूरी दुनिया में भारत को बदनाम करने का काम किया है. इसलिए जहां पर भी कांग्रेसी मिले तो उनसे पूछिए कि जब आपको 10 साल का मौका दिया गया था तो आपने क्या किया था.'

उन्होंने आगे कहा कि 'आपने 12 लाख करोड़ के घोटाले किए, इसलिए देश की जनता ने आपको नकार दिया. देश की जनता ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया और सरकार के इन 12 साल में प्रधानमंत्री पर चार आने का भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा.'

यह भी पढ़ें | कौन है 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा लगाने वाला इटैलियन नेता जियाकोमो फिलिबेक? मेलोनी का है कट्टर विरोधी

भाजपा हुई कांग्रेस पर हमलावर

इस समिट के बाद भाजपा कांग्रेस पर हमलावर हो गई है. भाजपा नेताओं ने उन पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और देश के राजनीतिक विवादों को विदेशी मंचों पर ले जाने का आरोप लगाया.

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि गांधी परिवार को लगता है कि राजनीतिक सत्ता उनका जन्मसिद्ध अधिकार है. नेहरू से लेकर राहुल तक, संदिग्ध तरीकों से पैसे लेना और फिर विदेश जाकर भारत की बुराई करना, विदेशी धरती पर भारतीय लोकतंत्र पर सवाल उठाना और भारत की संस्थाओं के खिलाफ बोलने के लिए विदेशी फंडिंग लेना - ये सब गांधी परिवार की शुरुआत से ही आदत रही है.

तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने भी राहुल गांधी पर हमला बोला. उन्होंने कहा, राहुल गांधी का यह दावा कि 2014 से भारत में लोकतंत्र नहीं है, आपत्तिजनक है. विपक्ष के नेता के तौर पर उन्हें पता होना चाहिए कि विपक्ष में सत्ता पक्ष और विपक्षी दल, दोनों शामिल होते हैं. कांग्रेस पार्टी ने ही आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या की थी. उन्होंने कई बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amit Shah, Rahul Gandhi, Congress Vs BJP, Vote Chori, Narendra Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com