विज्ञापन

राजस्थान पंचायत चुनाव: टोंक में 1 वोट से जीतीं रजनी, भीखी देवी ने रिकॉर्ड 7वीं बार जीता सरपंच का चुनाव

राजस्थान में पंचायत चुनाव खत्म हो चुके हैं. चार चरणों में हुए चुनाव में इस बार कई दिलचस्प मुकाबले दिखे हैं. कोई 1 वोट से सरपंच बन गया तो कोई 1300 से ज्यादा वोटों से जीता. एक महिला पिछले 42 सालों से लगातार सरपंच बनती आ रही हैं, इस बार भी उन्होंने जीत हासिल की है.

राजस्थान पंचायत चुनाव: टोंक में 1 वोट से जीतीं रजनी, भीखी देवी ने रिकॉर्ड 7वीं बार जीता सरपंच का चुनाव
राजस्थान पंचायत चुनाव के 5 दिलचस्प नतीजे (फोटो:NDTV)
  • राजस्थान पंचायत चुनाव में टोंक की रजनी देवी ने महज एक वोट के अंतर से सरपंच पद जीता, जो बेहद रोमांचक रहा.
  • बालोतरा, धौलपुर और जालोर में भी कुछ सरपंच चुनाव परिणाम तीन वोट या उससे कम के अंतर से तय हुए.
  • बाड़मेर की 78 वर्षीय भीखी देवी लगातार सातवीं बार निर्विरोध सरपंच बनीं, जहां कोई विरोधी मैदान में नहीं आया.

राजस्थान में पंचायत चुनाव खत्म हो चुके हैं, लेकिन इन चुनावों की कहानियां अभी भी गांव-गांव में सुनाई जा रही हैं. इस बार गांव की सरकार चुनने के लिए चार चरणों में मतदान हुआ था. सरपंची के चुनाव में जमकर लोगों ने मतदान में भी उत्साह दिखाया. कहीं 84 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हो गया तो कही रातभर मतगणना चलती रही. इस चुनाव में कई ऐसे नतीजे आए, जिन्होंने साबित कर दिया कि लोकतंत्र में एक वोट की कीमत क्या होती है. क्योंकि कोई केवल 1 वोट से जीता, तो किसी ने 1300 से ज्यादा वोटों से जीतकर इतिहास बना दिया. एक तरफ बाड़मेर की 78 साल की भीखी देवी ऐसी भी रहीं, जिनके सामने किसी ने पर्चा ही नहीं भरा, वहीं पिछले 42 सालों से सरपंच बन रहे हैं. कही विधायक के परिजन हार गए तो कही सांसद के परिजन आमने-सामने हो गए. जिससे राजस्थान पंचायत चुनाव इस बार बेहद दिलचस्प रहा. 

टोंक में 1 वोट से जीतीं रजनी देवी

राजस्थान पंचायत चुनाव का सबसे रोमांचक मुकाबला चौथे चरण में देखने को मिला. टोंक पंचायत समिति की नूरपुरा खेड़ा ग्राम पंचायत में रजनी देवी ने महज 1 वोट के अंतर से अपने प्रतिद्वंद्वी जैना देवी को हराकर सरपंच की कुर्सी पर कब्जा किया. रजनी देवी को कुल 294 और जैना देवी को 293 वोट मिले. रजनी देवी का चुनाव चिन्ह भिंडी था, इस पंचायत में कुल 10 प्रत्याशी मैदान में थे और 1,816 मतदाताओं ने वोट डाले थे. इस नतीजे ने लोगों को 2008 के विधानसभा चुनाव की याद दिला दी, जब नाथद्वारा से कांग्रेस के दिग्गज नेता सीपी जोशी महज 1 वोट से विधानसभा का चुनाव हार गए थे. टोंक में ही एक और बड़ा अंतर भी देखने को मिला. पालड़ा ग्राम पंचायत में रामस्वरूप मीणा ने 1627 मत हासिल कर मौसमी (566) को 1061 मतों से हराया. जो इस जिले में सबसे बड़ी जीत भी थी. 

बालोतरा में 3 वोट से जीतीं कमला देवी

चौथे चरण के नतीजों में सबसे करीबी मुकाबला बालोतरा जिले में देखने को मिला. बालोतरा जिले की अन्नपूर्णा नगर ग्राम पंचायत में कमला देवी महज 3 वोट से जीतीं. इसी चरण में प्रतापगढ़ की लुपड़ी पंचायत में ललिता मीणा 6 वोट से, सलूम्बर की करा-कलां में निर्मला 10 वोट से, बालोतरा की रूपसर में चंद्रा कंवर 14 वोट से और श्रीगंगानगर की 54 GB में संतोष देवी 16 वोट से विजयी रहीं. वहीं सबसे बड़ी जीत हनुमानगढ़ जिले की अमरपुरा जालू पंचायत में रामेती देवी ने दर्ज की, जिन्होंने 1,304 वोट से जीत हासिल की. 

जालोर का सबसे दिलचस्प मुकाबला

जालोर जिले की उम्मेदाबाद पंचायत समिति की आलासन ग्राम पंचायत में सरपंच पद के चुनाव परिणाम को लेकर मतगणना स्थल पर विवाद की स्थिति बन गई. यहां सरपंच पद के लिए प्रकाश कंवर पत्नी करण सिंह राजपूत और रकमा देवी पत्नी जोगसिंह के बीच मुकाबला था. पहली गिनती में प्रकाश कंवर को आगे बताया गया था, लेकिन विवाद के बाद तीन बार री-काउंटिंग करवाई गई. तीन बार मतगणना के बाद घोषित परिणाम में रकमा देवी को 1294 वोट मिले, जबकि प्रकाश कंवर को 1293 वोट प्राप्त हुए। इस प्रकार रकमा देवी को एक वोट से विजयी घोषित किया गया. यहां 1294 बनाम 1293 का आंकड़ा बताता है कि बड़े गांवों में भी 2500 से ज्यादा वोट पड़ने के बाद भी फैसला सिर्फ एक वोट पर अटक सकता है.

धौलपुर में क्यों हुआ था हंगामा

धौलपुर जिले की नगर ग्राम पंचायत का मुकाबला सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहा. यहां राजकैरा पंचायत समिति की नगर पंचायत में उम्मीदवार रजनी ने अपनी प्रतिद्वंद्वी अन्नेश को महज 3 वोट से हराया. रजनी को पहले 3 वोट से विजेता घोषित किया गया, तो अन्नेश ने दोबारा मतगणना की मांग की थी. रीकाउंटिंग में भी नतीजा नहीं बदला, रजनी को 723 वोट मिले, जबकि अन्नेश को 720 वोट मिले. लेकिन इसी 3 वोट की हार-जीत पर मतगणना केंद्र पर भीड़ ने हमला कर दिया. इस हिंसा में दो पुलिसकर्मियों समेत तीन अधिकारी घायल हो गए. भीड़ ने बैलेट बॉक्स लेकर भागने की भी कोशिश की थी. यह घटना बताती है कि गांव में सरपंची की कुर्सी के लिए भावनाएं कितनी गर्म हो जाती हैं.

बाड़मेर में भीखी देवी की 42 सालों से चल रहा राज 

इस चुनाव की सबसे अनोखी कहानी बाड़मेर से आई. बाड़मेर जिले की बायतु पंचायत समिति क्षेत्र में स्थित वीरेंद्र नगर ग्राम पंचायत से 78 वर्षीय भीखी देवी लगातार सातवीं बार निर्विरोध सरपंच निर्वाचित हुई हैं. इस ग्राम पंचायत में पिछले चार दशकों से चुनावी मुकाबला, प्रचार और मतदान की स्थिति नहीं बनी है. पूरे गांव ने एक बार फिर एकजुट होकर पंचायत की जिम्मेदारी सर्वसम्मति से भीखी देवी को सौंप दी है. भीखी देवी पहली बार वर्ष 1994-1995 में इस ग्राम पंचायत की सरपंच चुनी गई थीं. इसके बाद से लगातार उनके सामने किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया. खास बात यह भी है कि केवल सरपंच ही नहीं, बल्कि सभी सात वार्डों के वार्ड पंच भी सर्वसम्मति से निर्विरोध चुने गए हैं. इसके चलते वीरेंद्र नगर में मतदान कराने की जरूरत ही नहीं पड़ी और पूरी ग्राम पंचायत का गठन बिना चुनाव के संपन्न हो गया. भीखी देवी राजस्थान कांग्रेस के कद्दावर नेता, छह बार विधायक, पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा पूर्व नेता प्रतिपक्ष रहे हेमाराम चौधरी की पत्नी हैं. गांव वाले कहते हैं कि उनकी सादगी और दशकों की जनसेवा ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है.

राजस्थान में बड़ी जीत 

राजस्थान पंचायत चुनाव के चौथे चरण में सबसे बड़ी जीत हनुमानगढ़ जिले की अमरपुरा जालू ग्राम पंचायत में दर्ज की गई, जहां रामेती देवी ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 1 हजार 304 वोटों के भारी अंतर से हराकर सरपंच पद पर कब्जा जमाया. जहां एक तरफ टोंक, बालोतरा और धौलपुर में 1 और 3 वोट से हार-जीत का फैसला हो रहा था, वहीं अमरपुरा जालू में रामेती देवी की यह एकतरफा जीत पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गई. गांव वालों का कहना है कि रामेती देवी की यह जीत उनकी सालों की जनसेवा, गांव में विकास कार्यों और महिलाओं के बीच मजबूत पकड़ का नतीजा है.

दिग्गजों के परिजनों हारे

  • फतेहपुर से कांग्रेस विधायक हाकम अली खान की भाभी और पूर्व विधायक भंवरू खां की पत्नी सहीदन बानो को रिंकू कंवर ने 113 वोट से हराया.
  • गढ़ी से भाजपा विधायक कैलाश मीणा के बेटे जतिन कुमार ताबियार को राजेंद्र कुमार ने 238-251 वोट से हराया. मोर पंचायत में विधायक के भांजे-जमाई गणेशलाल 252 वोट लेकर तीसरे नंबर पर रहे.
  • भाजपा विधायक शांता मीणा के बेटे कपिल मीणा हार गए.
  • कांग्रेस विधायक दयाराम परमार की भाभी कमला परमार हारीं.
  • खींवसर विधायक रेवंतराम डांगा के भतीजे नरेश डांगा 38 वोट से हारे.
  • पूर्व मंत्री शंभू सिंह खेतासर की पत्नी बदन कंवर को हीरा देवी प्रजापत ने 173 वोट से हराया.
  • सांसद राजकुमार रोत के चाचा सोहनलाल रोत 15 वोट से हारे.
  • 44 साल से राजनीति में सक्रिय मकवाणा परिवार को झटका लगा। पारी देवी मकवाणा 388 वोट लेकर तीसरे नंबर पर रहीं.

दिग्गजों के परिजन जीते

  • पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर के पैतृक गांव में उनके छोटे भाई की पत्नी जमना दिलावर 698 वोट से सरपंच बनीं.
  • जयपुर की डिप्टी मेयर सरोज कंवर की MBA पास बेटी सौम्या सिंह ने 574 वोट से जीत दर्ज कर सरपंच बनीं.
  • पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी की पत्नी भीखी देवी 7वीं बार निर्विरोध सरपंच बनीं.

राजस्थान पंचायत चुनाव इस बार कई मायनों में दिलचस्प रहे. जहां टोंक, जालोर और धौलपुर में 1-3 वोट ने सरपंच बना दिया, वहीं सीकर से बांसवाड़ा तक विधायकों-मंत्री के बेटों, भाभियों और पत्नियों को गांव ने नकार दिया. दूसरी तरफ भीखी देवी जैसी सर्वसम्मति और रामेती देवी जैसी 1304 वोट की बड़ी जीत ने दिखा दिया कि गांव को काम करने वाला चाहिए.

ये भी पढ़ेंः राजस्थान में 86 साल की भीखी देवी का रिकॉर्ड, बाड़मेर में 7वीं बार निर्विरोध बनीं सरपंच, पति रह चुके हैं मंत्री

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan Panchayat Election, Rajasthan Panchayat Election 2026, Rajasthan Panchayat Election Results, Rajasthan Sarpanch Election, Jaipur Sarpanch Election
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com