विज्ञापन

रिश्वतखोर पटवारी ट्रैप हुआ तो ग्रामीणों ने मनाया जश्न, ढोल-थाली बजाकर किया डांस

राजस्थान के पाली में पटवारी विक्रम को 8 हजार रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया. पटवारी के ट्रैप होने की खबर फैलते ही गांव में जश्न जैसा माहौल हो गया. सुभाष रोहिसवाल की रिपोर्ट.

राजस्थान के पाली में एसीबी की कार्रवाई.

राजस्थान के पाली में पटवारी के रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद अनूठा नजारा देखने को मिला. पटवारी के ट्रैप होने के बाद गांव में जश्न जैसा माहौल हो गया. लोग ढोल लेकर ऑफिस के बाहर पहुंच गए और खुशी मनाने लगे. ग्रामीणों का कहना है कि रिश्वत की डिमांड के चलते वो काफी परेशान हो गए थे. पटवारी के खिलाफ लंबे समय से शिकायतें सामने आ रही थीं. आरोप है कि बिना लेन-देन के कोई काम ही नहीं होता था. जैसे ही एसीबी की कार्रवाई की खबर गांव में फैली लोगों ने राहत महसूस की. 

8 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

बाली तहसील क्षेत्र में एसीबी ने पटवारी विक्रम को 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया. विक्रम बाली के लाटाडा पटवार हल्के में पोस्टेड था. पाली-प्रथम इकाई को उसके रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी. सत्यापन के दौरान शिकायत को सही पाया गया. 

आरोपी ने की 11 हजार रुपये की डिमांड

आरोपी पटवारी विक्रम सिंह

आरोपी पटवारी विक्रम सिंह

आरोपी पटवारी पर नामांतरण, भूमि विभाजन और सीमांकन जैसे राजस्व कार्यों के बदले रिश्वत मांगने के आरोप थे. एंटी करप्शन ब्यूरो को परिवादी ने शिकायत में बताया कि विक्रम ने भूमि नामांतरण और विभाजन के लिए 11 हजार रुपये की मांग की थी. इस एवज में 5 हजार रुपये पहले ही वसूल लिए थे. परिवादी की माता के नाम दर्ज भूमि के सीमांकन और पुराने कार्यों की एवज में 8 हजार रुपये की अलग से डिमांड की जा रही थी. 

एसीबी के जाल में फंसा पटवारी

एसीबी जोधपुर रेंज के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन में पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र डुकिया के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया. जैसे ही आरोपी पटवारी ने परिवादी से रिश्वत ली, एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया. तभी गांव के कई लोग ऑफिस के बाहर जमा हो गए और सेलिब्रेशन भी शुरू हो गया.  

यह भी पढ़ेंः 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan News, Pali Patwari Trapped, Viral Video, Pali News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com