विज्ञापन

भाई की कलाई तक नहीं पहुंची राखी, बीच रास्ते उजड़ गया परिवार; मां के शव के पास बिलखता रहा मासूम

महिला जिस खुशी के साथ रक्षाबंधन पर अपने मायके जा रही थी. उसे और उसके परिवार ने इस अनहोनी के बारे में सोचा नहीं होगा. हादसे के बाद सामने आए दृश्य ने हर किसी को झकझोर करके रख दिया.

भाई की कलाई तक नहीं पहुंची राखी, बीच रास्ते उजड़ गया परिवार; मां के शव के पास बिलखता रहा मासूम
दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की मौत
NDTV

हाथों में राखी थी. मन में भाई से मिलने की खुशी थी और परिवार के साथ पीहर पहुंचने की उम्मीद थी, लेकिन रक्षाबंधन पर मायके जाने की खुशी कुछ ही पलों में मातम में बदल गई. राजस्थान के जालोर जिले में बुधवार रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियों और ऑटोरिक्शा की टक्कर में पति-पत्नी की मौत हो गई. जबकि परिवार के 4 अन्य लोग घायल हो गए. हादसा भीनमाल में उस समय हुआ, जब स्कॉर्पियो की टक्कर में ऑटो पलट गया. हादसे के बाद मौके पर ऐसा दर्दनाक दृश्य सामने आया, जिसने हर किसी को झकझोर दिया. 

राखी पर मायके जा रही थी महिला

घायल मासूम बेटा अपनी मां की बॉडी के पास बैठकर रोता रहा. उसे शायद यह अहसास ही नहीं था कि जिस मां के साथ वह कुछ देर पहले सफर कर रहा था, वह अब उसके बीच नहीं रही. भीनमाल थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह राजपुरोहित के अनुसार, महिला अपने परिवार के साथ रानीवाड़ा क्षेत्र के शिवगढ़ स्थित पीहर भाई को राखी बांधने जा रही थी.

परिवार ऑटो में सवार होकर भीनमाल से रानीवाड़ा की तरफ जा रहा था. बुधवार रात करीब 8:30 बजे कोड़ी सगी नदी से पहले पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो को टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया. हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोग तत्काल मौके पर पहुंचे. ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और निजी साधनों से भीनमाल के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार लोग घायल हुए. गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया. 

राजस्थान: जालोर के भीनामाल में स्कॉर्पियो और ऑटो की टक्कर में पति-पत्नी की मौत

स्कॉर्पियो और ऑटो की टक्कर में पति-पत्नी की मौत
Photo Credit: NDTV

दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की मौत

हादसे में जानू कुमारी और मसराराम गंभीर रूप से घायल हुए. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को आगे रेफर किया गया. जानू कुमारी का गुजरात के पालनपुर के अस्पताल में इलाज चल रहा है. वहीं सुमेराराम और रोहित भीनमाल के राजकीय अस्पताल में भर्ती हैं. हादसे का सबसे भावुक कर देने वाला दृश्य तब सामने आया, जब घायल मासूम बेटा अपनी मां की बॉडी के पास बैठकर रोता रहा.

आसपास मौजूद लोग उसे संभालने का प्रयास करते रहे, लेकिन मां को खोने का दर्द बच्चे की आंखों से साफ दिखाई दे रहा था. रक्षाबंधन के दिन भाई को राखी बांधने के लिए निकला परिवार अब दो अपनों को खो चुका था. जिस सफर में घर में खुशियां लौटनी थीं, उसी सफर ने परिवार को जिंदगी भर का दर्द दे दिया.

दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है. पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है. हादसे में जान गंवाने वाले वरदाराम मजदूरी का काम करते थे. एक तरफ भाई की कलाई पर राखी बांधने की तैयारी थी, दूसरी तरफ कुछ ही किलोमीटर के सफर में परिवार की खुशियां हमेशा के लिए उजड़ गईं.

यह भी पढे़ं-

48 घंटे में NIMS यूनिवर्सिटी के 2 छात्रों ने गंवाई जान, यूपी के रहने वाले हैं दोनों छात्र

उदयपुर में तेंदुए के हमले में एक युवक की मौत, बूंदी में भी दहशत; कई घर खाली कराए

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan News, Rajasthan Latest News, Jalore News, Bhinmal News, Rajasthan Road Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com