विज्ञापन

48 घंटे में NIMS यूनिवर्सिटी के 2 छात्रों ने गंवाई जान, यूपी के रहने वाले हैं दोनों छात्र

जयपुर की NIMS यूनिवर्सिटी में 48 घंटे में यूपी के दो छात्रों की मौत से हड़कंप मच गया है. एक छात्र 15वीं मंजिल से कूद गया, जबकि दूसरा फंदे से लटका मिला.

48 घंटे में NIMS यूनिवर्सिटी के 2 छात्रों ने गंवाई जान, यूपी के रहने वाले हैं दोनों छात्र
जयपुर की NIMS यूनिवर्सिटी के 2 छात्रों ने 48 घंटे में गंवाई जान
NDTV

जयपुर के निम्स यूनिवर्सिटी (NIMS University Jaipur) में बीते दो दिन में दिल दहला देने वाली दो घटनाएं सामने आईं हैं. NIMS यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे एक और छात्र ने अपनी जान दे दी. जानकारी के मुताबिक, छात्र हॉस्टल में फंदे से झूल गया है. इससे पहले 25 अगस्त को एक छात्र के हॉस्टल की 15वीं मंजिल से कूदकर जान गंवाने की घटना हुई थी. बड़ी बात है कि दो दिन के अंदर जान गंवाने वाले दोनों छात्र यूपी के रहने वाले हैं और जयपुर में रहकर NIMS में पढ़ाई कर रहे थे. 

फंदे से लटका मिला छात्र

पुलिस के अनुसार, घटना जयपुर ग्रामीण के चंदवाजी थाना इलाके में हुई है. NIMS यूनिवर्सिटी से लगातार दूसरे दिन छात्र की मौत का मामला सामने आया है. यूनिवर्सिटी के बाहर एक हॉस्टल के कमरे में 20 वर्षीय छात्र फंदे से लटका मिला है. मृतक छात्र की पहचान उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के लोटेसर निवासी मोहित सैनी के रूप में हुई है. वह निम्स यूनिवर्सिटी में CPT सेंकेंड ईयर का छात्र था और यूनिवर्सिटी के सामने स्थित सनराइज हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था. 

कमरे से बदबू आने पर खुलवाया कमरा

जानकारी के अनुसार देर रात हॉस्टल के एक कमरे से बदबू आने पर अन्य छात्रों को संदेह हुआ. छात्रों ने इसकी सूचना चंदवाजी थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को खुलवाया गया, अंदर मोहित का शव फंदे से लटका मिला. पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए NIMS अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: NDTV

चंदवाजी थानाधिकारी राजबीर सिंह के मुताबिक शव से बदबू आ रही थी. प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि छात्र ने एक-दो दिन पहले आत्महत्या की होगी. हालांकि मौत की सही वजह और समय पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. पुलिस मामले की जांच कर रही है और छात्र के हॉस्टल में रहने के दौरान की गतिविधियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है.

B.Tech के छात्र ने 15वीं मंजिल से लगाई थी छलांग

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले (25 अगस्त) भी NIMS यूनिवर्सिटी के B.Tech प्रथम वर्ष के 18 वर्षीय छात्र आदित्य तिवारी ने हॉस्टल की 15वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी थी. आदित्य लखनऊ, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और गार्नेक हॉस्टल में अपने दो रूम पार्टनर के साथ रहता था. उस मामले में भी आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है. महज दो दिन के अंतराल में NIMS यूनिवर्सिटी से जुड़े दो छात्रों की मौत के बाद हॉस्टल में रहने वाले छात्रों और उनके परिजनों में चिंता का माहौल है. पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है.

यह भी पढे़ं- NIMS यूनिवर्सिटी के हॉस्टल की 15वीं मंजिल से कूदा यूपी का B.Tech छात्र, मोबाइल फोन की हो रही जांच

हेल्पलाइन
वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्‍थ 9999666555 या help@vandrevalafoundation.com
TISS iCall 022-25521111 (सोमवार से शनिवार तक उपलब्‍ध - सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक)
(अगर आपको सहारे की ज़रूरत है या आप किसी ऐसे शख्‍स को जानते हैं, जिसे मदद की दरकार है, तो कृपया अपने नज़दीकी मानसिक स्‍वास्‍थ्‍य विशेषज्ञ के पास जाएं)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jaipur News, NIMS University, NIMS Hospital Chandwaji, Rajasthan News, Jaipur Student Suicide
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com