विज्ञापन

सिलबट्टे और प्रेशर कुकर से वार... सऊदी अरब में बंधक बनी भारतीय दुल्हन की रूह कंपाने वाली कहानी

महिला का आरोप है कि उसके पति ने प्रेशर कुकर, सिलबट्टे, बेल्ट और मोबाइल चार्जर जैसी चीजों से उसकी पिटाई की. मारपीट के कारण उसके शरीर पर कई गंभीर घाव हो गए. अंजू ने बताया कि दो घाव इतने गहरे थे कि उन्हें टांकों की जरूरत थी.

सिलबट्टे और प्रेशर कुकर से वार... सऊदी अरब में बंधक बनी भारतीय दुल्हन की रूह कंपाने वाली कहानी
सांकेतिक तस्वीर
NDTV

शादी के कुछ ही समय बाद सऊदी अरब पहुंची केरल की एक महिला ने अपने पति पर ऐसी क्रूरता का आरोप लगाया है जिसने सभी को झकझोर दिया है. महिला का कहना है कि पति ने उसे लगातार पांच दिनों तक प्रेशर कुकर, सिलबट्टे, बेल्ट और मोबाइल चार्जर से बेरहमी से पीटा. उसके शरीर पर पड़े गहरे जख्म और चोटों के निशान इसकी गवाही देते हैं.

केरल के कोल्लम जिले के नींदाकरा के पुथेंथुरा की रहने वाली अंजू ने अपने पति नंदू पर गंभीर घरेलू हिंसा के आरोप लगाए हैं. शिकायत के मुताबिक, वह 4 सितंबर को सऊदी अरब गई थीं. अंजू का आरोप है कि 12 सितंबर से शुरू होकर लगातार पांच दिनों तक उनके साथ मारपीट की गई.

शरीर पर दिखे चोटों के निशान

अंजू की ओर से दर्ज शिकायत के साथ साझा की गई तस्वीरों में उनकी पीठ, कंधों और बाजुओं पर बड़े-बड़े काले और नीले निशान दिखाई दे रहे हैं. पीठ पर लाल चोटों के लंबे निशान भी नजर आते हैं, जबकि कमर के पास भी गंभीर चोटें दिख रही हैं.

महिला का आरोप है कि उसके पति ने प्रेशर कुकर, सिलबट्टे, बेल्ट और मोबाइल चार्जर जैसी चीजों से उसकी पिटाई की. मारपीट के कारण उसके शरीर पर कई गंभीर घाव हो गए. अंजू ने बताया कि दो घाव इतने गहरे थे कि उन्हें टांकों की जरूरत थी, लेकिन जब वह इलाज के लिए अस्पताल पहुंचीं तब तक काफी समय बीत चुका था. डॉक्टरों ने बताया कि घाव पुराने हो जाने के कारण अब उनमें टांके नहीं लगाए जा सकते थे.

पति नहीं चाहता था पत्नी करें नौकरी

अंजू 30 सितंबर को केरल वापस लौटीं. इसके बाद उन्होंने चावरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई और कोल्लम जिला अस्पताल में इलाज कराया. मेडिकल जांच के बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की.

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि भारत वापस भेजने से पहले पति ने उसके सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्र अपने पास रख लिए. अंजू के मुताबिक, पति ने कहा कि वह नहीं चाहता कि वह नौकरी करके अपने पैरों पर खड़ी हो सके.

अंजू की शिकायत में पति नंदू के साथ-साथ उसके पिता दिनेश और मां जगदम्मा के नाम भी शामिल हैं. राज्य की मंत्री बिंदु कृष्णा ने पुष्टि की है कि पुलिस ने पति के माता-पिता के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है. उन्होंने कहा कि सऊदी अरब में मौजूद आरोपी को वापस लाने के लिए पुलिस ने प्रक्रिया शुरू कर दी है.

अंजू ने साफ कहा है कि वह इस मामले में कानूनी लड़ाई जारी रखेंगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करवाने के लिए हर संभव कदम उठाएंगी.

यह भी पढ़ें: मेरठ की इल्मा... प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, सबसे कहा- हार्ट अटैक में हुई मौत; एक चूक से खुल गया राज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kerela, Kerela News, Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com