राजस्थान के बालोतरा जिले में रक्षाबंधन पर घर आए अग्निवीर जवान की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई है. जानकारी के अनुसार, गिड़ा थाना क्षेत्र के परेऊ गांव में शुक्रवार सुबह अग्निवीर जवान जोगाराम गोदारा पानी के टांके में गिर गए और उसकी जान चली गई. जवान करीब 3 साल पहले अग्निवीर में भर्ती हुआ था और अभी उसकी पोस्टिंग अरुणाचल प्रदेश के मनसुखा में थी. रक्षाबंधन के दिन हुए हादसे में अग्निवीर जवान की मौत के बाद परिवार कोहराम मच गया है.
पैर फिसलने से पानी के टांके में गिरे
पुलिस के मुताबिक, जोगाराम पुत्र खेताराम अपने घर के पास बने टांके में सुबह करीब 5 बजे पानी निकालने के लिए गया था. टांका खुला हुआ था. इसी दौरान पैर फिसलने से वह टांके में गिर गए. जब सुबह घर वालों ने जोगाराम को नहीं देखा तो तलाश शुरू की. तब टांके में उसका शव तैरता हुआ मिला. सूचना पर आई पुलिस ने जवान के शव को टांके से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया.
आर्टिलरी, मध्यम तोपखाना में थी तैनाती
जोगाराम करीब तीन वर्ष पहले अग्निवीर योजना के तहत सेना में भर्ती हुए थे. अभी वह 18/21 आर्टिलरी, मध्यम तोपखाना में तैनात थे और उनकी पोस्टिंग मनसुखा, अरुणाचल प्रदेश में थी. वह करीब पांच दिन पहले छुट्टी लेकर अपने गांव परेऊ स्थित गोदारों की ढाणी घर आए थे और रक्षाबंधन के दिन दर्दनाक हादसे में जोगाराम की जान चली गई.

बालोतरा: अग्निवीर जवान जोगाराम गोदारा
Photo Credit: NDTV
पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर अब आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं घटना की जानकारी मिलने पर बाड़मेर के जालीपा कैंट से सेना के अधिकारी भी मौके पर पहुचे और घटना की जानकारी ली. हादसे के बाद गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. उधर हादसे को लेकर सवाल भी खड़े हो रहे हैं. फिलहाल गिड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
जोगाराम के बड़े भाई भी आर्टिलरी में तैनात
अग्निवीर जवान जोगाराम के बड़े सवाई राम भी आर्टिलरी में सिक्किम में तैनात है. हादसे की सूचना के बाद वो भी गांव के लिए रवाना हो गए हैं. भाई के आने के बाद मृतक जवान का अंतिम संस्कार होगा. जोगाराम सहित परिवार में चार भाई हैं. बड़े भाई भी सेना में हैं और दूसरे नंबर पर जोगाराम थे. जबकि दो छोटे भाई अभी पढ़ाई कर रहे हैं. आज रक्षाबंधन पर हुए हादसे से परिवार सहित गांव में भी शोक की लहर छा गई.
यह भी पढे़ं-
भाई ने राखी का फर्ज किया अदा, बहन की जिंदगी बचाने के लिए भाई ने दी किडनी
जिस कमरे में 2 दिन सोए परिजन, उसी में बक्से से मिली 2 लाशें; बचने के लिए बनाया 'दृश्यम' वाला प्लान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं