बालोतरा जिले के एक भाई ने राखी का फर्ज अदा करते हुए बहन को नई जिंदगी दी, जिसको लेकर अब उसकी हर तरफ तारीफ हो रही है. बालोतरा जिले की पाटोदी क्षेत्र के रहने वाले अमजद खान ने रक्षा बंधन पर अपनी बहन को दिए वचन को पूरा कर दिखाया, उसने अपनी छोटी बहन अमीना को किडनी देकर रक्षाबंधन को दिया वादा पूरा किया, और उसको एक नई जिंदगी दी.
7 साल पहले बहन की हुई थी शादी
केशरपुरा के रहने वाले 34 वर्षीय अमजद खान की छोटी बहन अमीना की शादी पास की के गांव मिरपुरा में करीब 7 साल पहले हुई थी. वो लगातार बीमार रहने लगी. ससुराल वालों ने भी उसका जोधपुर में इलाज कराते हुए अपनी जमीन तक बेच दी. मेडिकल रिपोर्ट में उसकी दोनों किडनियों में खराबी सामने आई, और डॉक्टरों ने किडनी ट्रांसप्लांट की सलाह दी.
बहन की जिंदगी बचाने से सुकून
पेशे से कमठा मजदूरी करने वाले अमजद ने अपनी उम्र और भविष्य की परवाह किए बिना अपनी बहन की जिंदगी बचाने का निर्णय लिया. बहन की लगातार बिगड़ती सेहत के बाद करीब 20 दिन पूर्व अहमदाबाद के एक निजी अस्पताल में बहन की किडनी ट्रांसप्लांट की गई. उसके बाद अब दोनों डॉक्टरों की सलाह पर घर पर आराम कर रहे हैं. दोनों की सेहत में भी अब सुधार होने लगा है. अमजद भी अपनी बहन की जान बचने से काफी सकून महसूस कर रहा है.
अमीना को मिला नई जिंदगी का तोहफा
अमीना का पति भी प्राइवेट नौकरी करता है. थोड़ी बहुत खेती की जमीन थी, वह भी उसके इलाज में बिक गई, उसका एक बेटा भी है. पति अयूब पाटोदी में एक मेडिकल शॉप पर सेल्समैन की नौकरी करके घर का खर्च चलाता है.
अमीना ने बताया कि वह हर रक्षा बंधन पर अपने भाई अमजद को रक्षा सूत्र बांधा करती थी, उसकी तबीयत बिगड़ने पर पिछले दो साल से राखी नही बांध पाई. लेकिन इस रक्षा बंधन पर उसके भाई ने अपनी एक किडनी देकर उसे नए जीवन का जो तोहफा दिया. उसको वह कभी भुला नही सकती, अभी डॉक्टरों की सलाह पर स्वास्थ्य लाभ ले रही हूं, जल्द ही स्वस्थ्य होने पर भाई से मिलने जाऊंगी.
घर पर आराम कर रहा अमजद
फिलहाल अमजद घर पर आराम कर रहा है. मीरपुर में बहन अमीना अभी क्वारंटाइन है. उसके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है. अमीना के पति अयूब भी अमजद के इस कदम की सराहना करते हुए शुक्रिया अदा कर रहे हैं. अमजद के इस कदम से इलाके के हर शख्स का कहना है कि भाई हो तो अमजद जैसा.
यह भी पढ़ें: निकाय चुनाव के लिए नामांकन के बचे सिर्फ 2 दिन, कांग्रेस ने 4 विधानसभा क्षेत्रों में तय किए प्रत्याशी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं