हरियाणा के पंचकूला में राजस्थान की सियासत का हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. राजस्थान के तिजारा नगर परिषद में चेयरमैन पद के चुनाव से ठीक पहले हरियाणा में सियासी हलचल तेज हो गई है. हरियाणा पुलिस पर कांग्रेस के 18 पार्षदों को उठाने का आरोप लगा है. गौरतलब है कि हिमाचल से लौट रहे पार्षदों को चंडीमंदिर के पास रोके जाने का आरोप लगा. थाने के बाहर कांग्रेस नेता दे रहे हैं धरना.
बताया जा रहा है कि ये पार्षद हिमाचल प्रदेश से राजस्थान लौट रहे थे. आरोप है कि चंडीमंदिर इलाके के पास पुलिस ने पार्षदों की गाड़ियों को रोक लिया और उन्हें अपने साथ ले गई. घटना की सूचना मिलते ही राजस्थान से कांग्रेस नेता और पार्षदों के समर्थक पंचकूला पहुंचे और पुलिस कार्रवाई के विरोध में थाने के बाहर धरने पर बैठ गए. कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि चेयरमैन पद की वोटिंग से ठीक पहले पार्षदों को रोककर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है.
हालांकि पुलिस की ओर से कार्रवाई को लेकर आधिकारिक तौर पर क्या कारण बताया गया है, यह अभी साफ नहीं हो पाया है. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आज होने वाली चेयरमैन पद की वोटिंग में ये 18 पार्षद पहुंच पाएंगे या नहीं? चुनाव से कुछ घंटे पहले सामने आए इस घटनाक्रम ने राजस्थान से लेकर हरियाणा तक सियासी माहौल गरमा दिया है. थाने के बाहर कांग्रेस नेताओं और समर्थकों की भीड़ जुटी हुई है और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है. पूरे मामले पर अब पुलिस के आधिकारिक पक्ष और आगे की कार्रवाई का इंतजार है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं