राजस्थान के उदयपुर में सायरा थाना के पुनावली गांव में बुजुर्ग दंपति लहरीलाल पालीवाल और उनकी पत्नी राधा देवी के ब्लाइंड डबल मर्डर केस का खुलासा हो गया है. दोनों की लाश घर में बिस्तर रखने वाले बक्से में पॉलिथीन में लिपटी हुई मिली थी. आरोपियों को पता था कि बुजुर्ग लहरीलाल ब्याज पर पैसे देता है और दोनों घर में अकेले रहते हैं. इसी के बाद जन्मपत्री दिखाने के बहाने गांव के ही दो युवक उनके घर गए और खाना खाया. इस दौरान उनका रूटीन पता किया. फिर अन्य दोस्तों को घर में घुसवाकर बुजुर्ग पति-पत्नी की हत्या कर दी. इस पूरी वारदात का मुख्य सूत्रधार मूल रूप से पुनावली गांव का रहने वाला कुशल पालीवाल है. उसने सूरत में रह रहे अपने दोस्तों के साथ मिलकर पूरी वारदात को अंजाम दिया था.
14 अगस्त को संदूक में टेप बंधे मिले शव
पुलिस के अनुसार, 12 तारीख को पूनावली में बुजुर्ग दंपति के गुमशुदगी की रिपोर्ट मिली थी. इसके बाद 14 अगस्त को उन्हीं के घर के बेडरूम में गद्दे रखने वाले बड़े संदूक में टेप बांधे हुए दोनों के शव मिले. जिला पुलिस अधीक्षक (SP) अमृता दुहन ने बताया कि इस घटना को लेकर हमारे सामने काफी चुनौती थी, क्योंकि यह पूरी तरह से ब्लाइंड मर्डर था.

पूरी वारदात में शामिल रहे 6 आरोपी
एसपी के अनुसार, पिछले 12 दिन स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर अन्य टीमें लगातार काम करती रहीं. तब जाकर मामले का खुलासा हो सका. एसपी अमृता ने बताया कि पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है. इस पूरी वारदात में 6 लोगों की भूमिका का पता चला है. एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है. इस पूरी वारदात का मुख्य सूत्रधार पुनावली का रहने वाला कुशल पालीवाल था, जिसका परिवार काफी साल से सूरत में रह रहा है. इसका दोस्त चंदन यादव (मूलत: बिहार निवासी), यूपी निवासी दिलीप चौधरी और विकास जो सूरत में रह रहे हैं और स्थानीय निवासी जीवन और किशन हैं.
कुशल की उसके दोस्त चंदन, विकास और दिलीप से सूरत में मुलाकात जिम जाने के दौरान हुई और इन लोगों में गहरी दोस्ती हो गई. ये सभी बड़े अय्याशी से रहते थे और काफी पैसा उड़ाते थे. इन लोगों ने काफी काफी रुपये उधार ले रखा था, जिसके कारण ये सभी काफी परेशान रहते थे. इसी के बाद ये ऐसे मौके तलाश कर रहे थे कि काफी पैसा मिल जाए और पकड़ में न आए. जब कुशल अपने गांव आया तो उसे पता चला कि लहरी लाल पालीवाल ब्याज पर उधार पर पैसा देता है. मतलब इनके पास काफी पैसा हो सकता है.

उदयपुर दंपति मर्डर में गिरफ्तार आरोपी
Photo Credit: NDTV
कुंडली दिखाने के बहाने घर में गए आरोपी
इसी के बाद कुशल ने अपने दोस्तों के साथ पूरी बात साझा की और प्लानिंग की. फिर सूरत में रह रहे सभी दोस्त ग्रांड विटारा गाड़ी में 9 अगस्त को पुनावली गांव आते हैं और सभी मिलते हैं, फिर प्लानिंग करते हैं. 9 तारीख को जीवन और किशन कुंडली दिखाने के बहाने लहरीलाल के घर जाते हैं और खाना खाते हैं. पर उस दिन वारदात को अंजाम देने का मौका नहीं मिला तो 10 तारीख को फिर गए तो दरवाजा बंद मिला. इसके बाद किसी बहाने शाम को दरवाजा खुलवाया. इसी दौरान कुशल बाथरूम में जाकर छिप गया.
उसके बाद जीवन और किशन जब घर से निकल आए तो दंपति ने गेट बंद कर लिया. फिर कुशल ने दंपति के सोने का इंतजार किया. जैसे ही वे दोनों सो गए तो तुरंत कुशल ने अपने दोस्तों को मैसेज कर बुलाया. इसके बाद सोते हुए लहरीलाल की सिर पर हथौड़े मारकर हत्या कर दी. पर बुजुर्ग लहरीलाल की पत्नी एक दूसरे कमरे में दरवाजा बंद करके सोई थी, जिसकी वजह से आरोपी महिला के सुबह तक उठने का इंतजार किए. जैसे ही महिला राधा देवी कमरे से बाहर निकली तो गला घोंटकर हत्या कर दी.

उदयपुर पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन
Photo Credit: NDTV
दृश्यम मूवी की तरह की पूरी प्लानिंग
वारदात का किसी को पता नहीं चले, इसके लिए प्लानिंग करके दोनों की लाशें टेप से लपेटकर गद्दे के बीच में संदूक में डाल दिया. महिला के गले में जो चाभी थी, उससे संदूक खोलकर जो भी पैसे और जेवरात थे, उसे लेकर भाग गए. यहां तक बुजुर्ग दंपति के चप्पल तक भी नहीं छोड़ा. जिससे लगे कि महिला और पुरुष कहीं चले गए. आरोपियों ने उन रास्तों को अपनाया, ताकि वह सीसीटीवी कैमरे में कैद न हों. आरोपियों ने दृश्यम मूवी की तरह पूरी वारदात की प्लानिंग की थी. दंपति के फोन को गाड़ी में रखकर घुमाया ताकि उनकी लोकेशन इधर उधर घूमती रही. घटना के बाद उनके फोन स्विच ऑफ करके ले गए और काफी दूर फेंक दिए. राजसमंद घूमे और घटना के बाद सांवलिया सेठ गए. फिर वहां से सूरत गए.
यह भी पढे़ं-
शादी नहीं की तो युवती को मार दी गोली, जयपुर में सनसनीखेज वारदात
भाई की कलाई तक नहीं पहुंची राखी, बीच रास्ते उजड़ गया परिवार; मां के शव के पास बिलखता रहा मासूम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं