सावन मास के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के अवसर पर आमेर स्थित महारुद्र शक्तिपीठ मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान नाग-नागिन का जोड़ा दिखाई दिया. शिवलिंग के पास नाग-नागिन के जोड़े को देखकर मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं में उत्सुकता बढ़ गई. देखते ही देखते यह खबर आसपास के क्षेत्र में फैल गई, और बड़ी संख्या में भक्त मंदिर परिसर में पहुंचने लगे.
शिवलिंग के पास दिखाई दिए सांप
मंदिर के पुजारी अविनाश मिश्रा ने बताया कि सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के मौके पर मंदिर में श्रद्धालु भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर रहे थे, इसी दौरान अचानक नाग-नागिन का जोड़ा मंदिर परिसर में आ गया. दोनों सांप शिवलिंग के आसपास दिखाई दिए, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों में हलचल मच गई. कुछ समय के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही भी प्रभावित हुई.
श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला
नाग पंचमी के दिन शिवलिंग के पास नाग-नागिन का जोड़ा दिखाई देने से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला. भक्तों ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया. मंदिर में मौजूद कई लोगों के लिए यह दृश्य बेहद रोमांचकारी और लंबे समय तक याद रहने वाला रहा.
सर्प मित्र ने दोनों सांपों का किया रेस्क्यू
सर्प मित्र राजू ने दोनों सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू किया. इसके बाद नाग-नागिन के जोड़े को उनके प्राकृतिक आवास जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया. राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी श्रद्धालु या सांप को कोई नुकसान नहीं हुआ.
महारुद्र शक्तिपीठ मंदिर के राष्ट्रीय अध्यक्ष तारकेश्वर शर्मा ने बताया कि नाग पंचमी के दिन मंदिर में शिवलिंग के पास नाग-नागिन का जोड़ा दिखाई देना उनके लिए बेहद अद्भुत अनुभव रहा. श्रद्धालुओं ने काफी समय बाद मंदिर में ऐसा नजारा देखने को मिला है.
नुकसान नहीं पहुंचाने की अपील
घटना के बाद सर्प मित्र और स्थानीय लोगों ने लोगों से अपील की कि रिहायशी या धार्मिक स्थलों पर सांप दिखाई देने पर घबराने के बजाय वन विभाग या प्रशिक्षित सर्प मित्रों को सूचना दें सांपों को मारने या उन्हें नुकसान पहुंचाने के बजाय सुरक्षित रेस्क्यू कर उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ना ही बेहतर विकल्प है.
यह भी पढ़ें: 13 अगस्त को ट्रांसफर आदेश, 12 को ज्वाइनिंग के निर्देश; शिक्षा विभाग के लेटर से शिक्षकों का चकराया माथा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं