विराट कोहली ने इतिहास रच दिया है. वह एक देश में खेलते हुए वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. खास मामले में उन्होंने किसी और को नहीं बल्कि 'क्रिकेट के भगवान' कहें जाने वाले पूर्व भारतीय दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा है. सचिन ने भारत में खेलते हुए वनडे में कुल 6976 रन बनाए थे. वहीं विराट कोहली के नाम भारतीय सरजमीं पर वनडे में खेलते हुए 6983 रन हो गए हैं. तीसरे स्थान पर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग का नाम आता है. जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया में खेलते हुए 5521 रन बनाए हैं.
एक देश में खेलते हुए वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली टॉप तीन बल्लेबाज
6983 रन - विराट कोहली - भारत में खेलते हुए
6976 रन - सचिन तेंदुलकर - भारत में खेलते हुए
5521 रन - रिकी पोंटिंग - ऑस्ट्रेलिया में खेलते हुए
15,000 वनडे रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने विराट
यही नहीं विराट कोहली वनडे में 15,000 रन बनाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं. पहले स्थान पर सचिन तेंदुलकर का नाम आता है. जिन्होंने 463 मैच खेलते हुए 452 पारियों में 18426 रन बनाए हैं. वहीं कोहली के बल्ले से खबर लिखे जाने तक 315 वनडे की 303 पारियों में 59.13 की औसत से 15080 रन निकले हैं.
उम्र के मामले में भी सचिन को छोड़ा पीछे
विराट कोहली ने सबसे तेज 15,000 रन बनाने के मामले में भी सचिन को पीछे छोड़ दिया है. सचिन ने 15,000 रन के आंकड़े को 37 साल और 326 दिन की उम्र में हासिल किया था. वहीं कोहली ने 34 साल और 66 दिन की उम्र में विशेष उपलब्धि को हासिल करते हुए सबको चौंका दिया है.
विराट ने 303 पारियों में छूआ 15,000 रन के आंकड़े को
सचिन तेंदुलकर ने वनडे में 15,000 रन के आंकड़े को 377 पारियों में पूरा किया था, जबकि कोहली ने केवल 303 पारियों ही विशेष आंकड़े को छूते हुए सबको हैरान कर दिया है. उन्होंने 15,000 रन बनाने के मामले में सचिन से 74 कम पारियां ली हैं.
सचिन ने किया था 17,528 गेंदों का सामना
15,000 रन के आकड़े को सचिन तेंदुलकर ने 17,528 गेंदों का सामना करते हुए पूरा किया था, जबकि विराट कोहली ने उनसे 1578 गेंदें कम खेलते हुए 15950 गेंदों में पूरा किया है.
तिरुवनंतपुरम में खेली 139 रन की बेहतरीन शतकीय पारी
तिरुवनंतपुरम में लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली का बल्ला खूब चला. टीम के लिए उन्होंने कुल तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने कुल 88 गेंदों का सामना किया. इस बीच वह 157.95 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 139 रन बनाने में कामयाब रहे. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से 10 चौके और नौ खूबसूरत छक्के देखने को मिले.
यह भी पढ़ें- रन नहीं, आग उगल रहा है शुभमन गिल का बल्ला, 'प्रिंस' के पिछले 10 वनडे पारियों का प्रदर्शन आपने देखा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं