विज्ञापन

'मोबाइल छीना, जान से मारने की धमकी दी...', प्रवेश वर्मा ने जिसे जड़ा थप्पड़, उस युवक ने क्या बताया

दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा पर जिस युवक को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है, उसका कहना है कि वह सड़क की हालत दिखाने गए थे, लेकिन उनसे देखा नहीं गया और उन्होंने थप्पड़ मार दिया.

'मोबाइल छीना, जान से मारने की धमकी दी...', प्रवेश वर्मा ने जिसे जड़ा थप्पड़, उस युवक ने क्या बताया
मंत्री प्रवेश वर्मा ने साहिब सिंह को थप्पड़ जड़ा.
PTI
नई दिल्ली:

दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा पर आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह के साथ काम करने वाले साहिब सिंह ने थप्पड़ मारने का आरोप लगा है. साहिब सिंह ने दावा किया कि निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा ने उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और उन्हें थप्पड़ मारा. उन्होंने मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है. दिल्ली के तिलकनगर में सड़क के निरीक्षण के दौरान यह घटना हुई.

न्यूज एजेंसी IANS से बातचीत में साहिब सिंह ने घटना के बारे में बताया कि वह आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह के साथ काम करते हैं और उनके सोशल मीडिया अकाउंट को देखते हैं. 

उनके मुताबिक, मंत्री प्रवेश वर्मा इलाके में निरीक्षण के लिए आए थे. जब उन्हें जानकारी मिली कि मंत्री इलाके में निरीक्षण के लिए आ रहे हैं, तो उन्होंने सड़क की स्थिति दिखाने के लिए वहां मौजूद लोगों के साथ सड़क की खराब हालत उन्हें दिखाई. साहिब सिंह के अनुसार, उस समय वह विधायक जरनैल सिंह के पेज पर घटना की लाइव स्ट्रीमिंग कर रहे थे.

फोन छीना और थप्पड़ माराः साहिब सिंह

साहिब सिंह ने आरोप लगाया कि चल रही लाइव स्ट्रीम को रोकने के लिए प्रवेश वर्मा ने मेरे हाथ से फोन छीन लिया. इसके बाद उन्होंने मुझ पर हाथ उठाया और मुझे थप्पड़ मारा. उनके सुरक्षाकर्मियों ने भी मुझे धक्का दिया और मेरे साथ मारपीट की.

साहिब सिंह ने बताया कि उन्होंने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री के साथ आए कुछ लोगों ने उन्हें धमकी भी दी. शिकायत में उन लोगों के नाम भी दिए गए हैं. अब आगे की कार्रवाई पुलिस पर निर्भर करती है. 

साहिब सिंह ने कहा कि प्रवेश वर्मा दिल्ली सरकार के मंत्री हैं, इसलिए उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए.

यह भी पढ़ेंः मैंने वही किया, जो कोई भी करता... थप्पड़ कांड पर अब प्रवेश वर्मा का भी आया वीडियो

लिखित रूप से माफी मांगे मंत्रीः साहिब की मांग

वहीं, न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए साहिब सिंह ने कहा कि हम दिखाने आए थे कि रोड की क्या हालत है, लेकिन उनसे देखा नहीं गया. उन्होंने मांग की कि प्रवेश वर्मा लिखित रूप से माफी मांगे. उन्होंने यह ही भी कहा कि भाजपा को एक्शन लेना चाहिए.

मंत्री प्रवेश वर्मा ने क्या कहा?

वहीं, इस घटना पर मंत्री प्रवेश वर्मा का पक्ष भी सामने आ गया है. उन्होंने कहा कि विधायक जरनैल सिंह पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर पर कमीशन का दबाव डाल रहे थे लेकिन जब इंजीनियर ने उनकी शिकायत करवा दी तो जैसे ही रात को सड़क बनती थी, वह सुबह आकर उखाड़ देते थे.

प्रवेश वर्मा ने दावा किया कि उन्होंने तीन बार जरनैल सिंह को फोन किया था. उन्होंने कहा, 'मैंने उनका 45 मिनट तक वेट किया. जब वहां पर जरनैल सिंह पहुंचे तो वह अपने कार्यकर्ताओं को पहले से सूचना देकर आए और जब वह आए तो उन्होंने आते ही वहां पर बदतमीजी शुरू कर दी. उनके एक कार्यकर्ता ने जब मेरे परिवार को गाली देना शुरू किया, तब कोई भी व्यक्ति उस आवेश में आकर जो करेगा, मैंने भी वही किया.'

प्रवेश वर्मा ने कहा कि अगर कोई सरकारी काम में बाधा डालेगा, सरकारी कामों में हमारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाएगा और हमारे अधिकारियों से कमीशन मांगेगा तो यह हमसे बर्दाश्त नहीं होगा.

यह भी पढ़ेंः दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने युवक को जड़ा थप्पड़, AAP ने वीडियो शेयर कर कहा- गिरफ्तार करो

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Parvesh Verma, Parvesh Verma Viral Video, Parvesh Verma Slaps A Man, Jarnail Singh, AAP Vs BJP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com