राजस्थान के उदयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी एसीबी की टीम ने शनिवार को एक बिचौलिए सज्जन सिंह को दो करोड़ रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया. एसीबी ने इस मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप यानी एसओजी उदयपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार सोनी को भी हिरासत में लिया है. एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने शनिवार देर रात जारी एक बयान में बताया कि आरोपी बिचौलिए की पहचान सज्जन सिंह जैन उर्फ टाटला के रूप में हुई है. उन्होंने बताया कि आरोपी सज्जन सिंह एसओजी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार सोनी के लिए यह रिश्वत राशि ले रहा था.
आरोपी दलाल सज्जन सिंह जैन ने उदयपुर के चर्चित 272 भूखंड घोटाला मामले में कार्रवाई नहीं किए जाने के बदले रिश्वत राशि मांगी गई थी. मामला सामने आते ही एएसपी मुकेश सोनी को बालोतरा स्थित उनके निवास स्थान से डिटेन किया गया.
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता ने बताया था कि उदयपुर नगर निगम के 272 भूखण्ड के बहुचर्चित मामले में पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों को दर्ज मुकदमों में राहत दिलाने और अन्य मामलों में आरोपी नहीं बनाने के बदले में दो करोड़ रुपये रिश्वत राशि की मांगी जा रही हैं.
वहीं, मुकेश कुमार सोनी की भूमिका संदिग्ध होने से उनके निवास स्थान जिला बालोतरा से डिटेन किया गया. कार्रवाई एसीबी उदयपुर एएसपी गोपाल स्वरूप मेवाड़ के सुपरविजन में डीएसपी सोनू शेखावत द्वारा की गई.
ये भी पढ़ें: ACB Action: साल में दो बार रिश्वत की डिमांड, ₹10000 लेता रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ खाद्य सुरक्षा अधिकारी
क्या है उदयपुर का जमीन घोटाला?
अर्बन इंप्रूवमें ट्रस्ट (उदयपुर विकास प्राधिकरण) से साल 2012 में नगर निगम को कुछ कॉलोनियां ट्रांसफर की गई थीं. इसमें ऐसे कई भूखंड शामिल थे, जो जो खाली पड़े थे. इसमें कई प्लॉट कॉर्नर के बेशकीमती प्लॉट थे. इन जमीनों पर लोगों ने कब्जा कर लिया. इसके बाद अधिकारियों से मिलीभगत कर फर्जी दस्तावेज बनाकर भूखण्डों के नामांतरण खुलवा लिए. यहीं नहीं कुछ लोगों ने बेच भी दिया.
इसके बाद, सबसे पहले उदयपुर कांग्रेस नेता ने इस मुद्दे को उठाया. उस वक्त 48 भूखंडों के पट्टों को निरस्त भी किया गया. फिर उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने भी इस मुद्दे को उठाया. विधानसभा में भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई. अप्रैल 2022 से एसओजी इस मामले में जांच कर रही हैं.
पिछले महीने अगस्त में एसओजी ने इस मामले में पूर्व जिला अल्पसंख्यक अधिकारी हेमलता कांकरिया और उसके पति निरंजन मोगरा को गिरफ्तार किया था. एसओजी इस मामले में अब तक 6 लोगों को गिरफ्तारी कर चुकी हैं.
ये भी पढ़ें: 7 साल पहले पति की मौत, अब मां के साथ रह रही महिला की भी हत्या; उदयपुर में डबल मर्डर से सनसनी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं