राजस्थान में मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है. पिछले 24 घंटे में सवाई माधोपुर के खंडार में सबसे ज्यादा 102 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा करौली, भरतपुर और अलवर के कई इलाकों में 3 इंच तक बारिश हुई. अजमेर, बारां, बूंदी, दौसा, धौलपुर, करौली, टोंक, सीकर, कोटा और भीलवाड़ा के कई क्षेत्रों में 1 से 2 इंच तक बरसात दर्ज की गई. आज बारां, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, झालावाड़, करौली, सवाई माधोपुर जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है.
यूपी, एमपी सीमा के पास कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक, वेलमार्क लो-प्रेशर सिस्टम अभी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान की सीमा के आसपास सक्रिय है. इसके प्रभाव से आज जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में मध्यम से तेज बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है.
धौलपुर में भारी बारिश
धौलपुर जिले में बारिश ने त्राहिमाम मचा दिया है. शहर से लेकर गांव तक धौलपुर जिला पानी पानी हो रहा है. शहर की जहां एक दर्जन से अधिक कॉलोनी जल भराव की चपेट में आ चुकी है. वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी हालत बहुत बदतर हो रहे हैं. अन्नदाता किसान की फसल बर्बाद हो रही है. वहीं आबादी में पानी घुसने से लोगों के सामने बड़ी मुसीबत खड़ी हो गई है. खेत, तालाब,जलाशय, झरना पोखर बांध लबालब भर चुके हैं. पिछले 4 दिन से जिले में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है. बारिश से हर सेक्टर प्रभावित हो रहा है. शहर से लेकर गांव तक बरसात ने संकट खड़ा कर दिया है.
तेज बारिश के बाद भरतपुर के बारैठा बांध का गेज बढ़ने पर 2 गेट खोलकर पानी की निकासी की गई. धौलपुर के पार्वती बांध के 2, झालावाड़ के कालीसिंध बांध के 3 और कोटा के नवनेरा बांध के 7 गेट भी खोले गए. वहीं, धौलपुर का रामसागर डैम और सवाई माधोपुर का मानसरोवर बांध ओवरफ्लो होकर छलकने लगा.
ये भी पढ़ें-: 5वीं बार चुनावी मैदान में बीजेपी के जय-वीरू की जोड़ी, दोनों के नाम दर्ज है खास रिकॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं